*धामनोद की बेटी और दामाद को मुंबई में मिला ‘पावर क्रिएटर अवॉर्ड’, नगर में हर्ष*
धामनोद (धार):
नगर की होनहार बेटी विनी पारीक और उनके पति जय पारीक ने राष्ट्रीय स्तर पर नगर और क्षेत्र का मान बढ़ाया है। मुंबई में आयोजित एक भव्य समारोह में टाइम्स ऑफ इंडिया समूह द्वारा दोनों को प्रतिष्ठित ‘पावर क्रिएटर अवॉर्ड’ के अंतर्गत ‘बेस्ट कपल’ के सम्मान से नवाजा गया। बॉलीवुड अभिनेता अपारशक्ति खुराना ने मंच पर उन्हें यह ट्रॉफी प्रदान की।
*कड़े मुकाबले में ज्यूरी और फैंस की पहली पसंद बने जय-विनी*
देशभर के सर्वश्रेष्ठ डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स के सम्मान में आयोजित इस समारोह की ‘कपल कैटेगरी’ में कई चर्चित नाम नामांकित थे। ज्यूरी के मूल्यांकन और देशभर के फैंस से मिले भरपूर वोटों के आधार पर जय और विनी की जोड़ी को विजेता चुना गया। सोशल मीडिया पर दोनों के लाखों फॉलोअर्स हैं, जो उनके रचनात्मक और पारिवारिक कंटेंट को बेहद पसंद करते हैं।

वैश्विक अनुभव के बाद डिजिटल दुनिया में बनाई पहचान
विनी धामनोद के प्रतिष्ठित पारीक परिवार की बेटी हे परिजनों के अनुसार, विनी बचपन से ही काफी क्रिएटिव रही हैं।
उनके पति जय पारीक मूल रूप से किशनगढ़ (राजस्थान) के निवासी हैं और वर्तमान में जयपुर में रहते हैं। विभिन्न देशों में पेशेवर सेवाएं देने के बाद जय ने डिजिटल कंटेंट क्रिएशन का रुख किया और आज दोनों मिलकर सोशल मीडिया पर एक सशक्त पहचान बना चुके हैं।
क्षेत्रवासियों और परिजनों में उत्साह
धामनोद की बेटी-दामाद को राष्ट्रीय स्तर पर मिले इस प्रतिष्ठित सम्मान पर परिजनों, परिचितों और क्षेत्रवासियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। नगरवासियों का कहना है कि यह उपलब्धि न केवल परिवार बल्कि पूरे अंचल के लिए गौरव का विषय है।
