मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने निर्यापक श्रमण वीरसागर महाराज के किए दर्शन
जैन धर्म, संत परंपरा और आचार्य विद्यासागर महाराज की प्रेरणाओं पर हुई आत्मीय चर्चा
बेंगलुरु।
कर्नाटक के मुख्यमंत्री श्री डी.के. शिवकुमार आज बेंगलुरु में विराजमान निर्यापक श्रमण श्री 108 वीरसागर जी महाराज ससंघ के दर्शन एवं आशीर्वाद लेने पहुंचे। इस अवसर पर कर्नाटक सरकार के अन्य मंत्रीगण भी उनके साथ उपस्थित रहे।
पूज्य गुरुदेव के सान्निध्य में मुख्यमंत्री एवं मंत्रीगण ने जैन धर्म की प्राचीन आध्यात्मिक परंपरा, संस्कृति, अहिंसा के संदेश तथा समाज के प्रति जैन समाज के योगदान सहित विभिन्न विषयों पर आत्मीय चर्चा की।

आचार्य विद्यासागर जी महाराज का हुआ स्मरण
चर्चा के दौरान राष्ट्रसंत आचार्य श्री 108 विद्यासागर जी महाराज का भी श्रद्धापूर्वक स्मरण किया गया। आचार्य श्री का कर्नाटक की पावन भूमि से विशेष संबंध रहा है। उन्होंने अपने जीवन के माध्यम से त्याग, तप, शिक्षा, स्वावलंबन, जीवदया और राष्ट्र निर्माण का संदेश दिया। उनका जीवन समाज एवं राष्ट्र के लिए प्रेरणा का स्रोत रहा है।
इस अवसर पर यह भावना भी व्यक्त की गई कि कर्नाटक की समृद्ध जैन आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत, संत परंपरा तथा आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज की प्रेरणाओं से जुड़े जनकल्याणकारी कार्यों को आगे बढ़ाने की दिशा में प्रयास किए जाएं।
पूज्य गुरुदेव के सान्निध्य में मुख्यमंत्री श्री डी.के. शिवकुमार एवं मंत्रीगण की यह भेंट श्रद्धा, आत्मीयता और आध्यात्मिक संवाद से परिपूर्ण रही। इस मुलाकात में जैन धर्म की गौरवशाली परंपरा और उसके मूल्यों को समाज एवं जनकल्याण से जोड़ने की भावना प्रमुख रूप से सामने आई।
संकलन : अभिषेक जैन लुहाड़िया, रामगंजमंडी
मो.: 9929747312












