सेवा के साथ स्वच्छता का संदेश, रामदूत मित्र मंडल ने अनंत चतुर्दशी पर पेश की मिसाल
नवनियुक्त पालिका उपाध्यक्ष महेंद्र सामरिया व पवन बाबेल का भव्य स्वागत, चुनावी प्रतिस्पर्धा भूले—गले मिलकर दिखाई भाईचारे की मिसाल
रामगंजमंडी।
अनंत चतुर्दशी के पावन अवसर पर शुक्रवार रात रामगंजमंडी में गणेश विसर्जन को लेकर निकली भव्य शोभायात्रा ने शहर को उत्सव के रंग में रंग दिया। जगह-जगह शोभायात्रा का स्वागत हुआ और श्रद्धालुओं ने गणपति की पूजा-अर्चना कर मंगलकामनाएं कीं। इसी दौरान रामदूत मित्र मंडल ने सेवा, समर्पण और स्वच्छता का अनुकरणीय संदेश देकर सभी का ध्यान आकर्षित किया।
बाजार नंबर एक स्थित तिरुपति स्टोन के प्रतिष्ठान के सामने रामदूत मित्र मंडल की ओर से शोभायात्रा का स्वागत एवं सेवा कार्य किया गया। स्वागत के दौरान मंडल के सदस्यों ने जहां श्रद्धालुओं और शोभायात्रा में शामिल लोगों की सेवा की, वहीं कार्यक्रम स्थल की स्वच्छता का भी विशेष ध्यान रखा। सेवा कार्य के साथ सदस्यों द्वारा स्वयं सफाई व्यवस्था संभालना सामाजिक जिम्मेदारी और समर्पण का प्रेरणादायी उदाहरण बना।

खास बात यह रही कि स्वागत स्थल पर कार्यक्रम के दौरान सड़कों पर कचरा नजर नहीं आया। मंडल की इस पहल ने यह संदेश दिया कि धार्मिक आयोजन की भव्यता के साथ स्वच्छता और सामाजिक जिम्मेदारी भी उतनी ही महत्वपूर्ण है।
रामदूत मित्र मंडल की ओर से शहर से निकलने वाली विभिन्न शोभायात्राओं में लगातार सेवा कार्य किया जाता है। इस बार अनंत चतुर्दशी पर सेवा के साथ स्वच्छता को प्राथमिकता देकर मंडल ने एक सकारात्मक संदेश दिया।
दोनों दलों के बीच भाईचारे की बनी मिसाल
कार्यक्रम का एक और विशेष आकर्षण नवनियुक्त नगरपालिका उपाध्यक्ष महेंद्र सामरिया एवं निर्वाचित पार्षद व नगर कांग्रेस अध्यक्ष पवन बाबेल का स्वागत रहा। रामदूत मित्र मंडल की ओर से दोनों का भव्य स्वागत किया गया।
चुनाव के दौरान दोनों अलग-अलग राजनीतिक दलों की ओर से मैदान में थे, लेकिन अनंत चतुर्दशी की इस बेला में राजनीतिक प्रतिस्पर्धा पीछे छूटती नजर आई। दोनों ने एक-दूसरे को गले लगाकर बधाई दी और नगरहित में साथ मिलकर कार्य करने का संदेश दिया।
इस दौरान महेंद्र सामरिया द्वारा पवन बाबेल का स्वागत किया जाना भी चर्चा का विषय रहा। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने इसे आपसी भाईचारे और लोकतांत्रिक सौहार्द की सुंदर मिसाल बताया।
“पहले एक वार्ड की जिम्मेदारी थी, अब पूरे नगर की जिम्मेदारी है”
स्वागत से अभिभूत नवनियुक्त नगरपालिका उपाध्यक्ष महेंद्र सामरिया ने मंडल के सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पहले उनके पास एक वार्ड की जिम्मेदारी थी, लेकिन अब पूरे नगर की जिम्मेदारी है। उन्होंने नगर के विकास और जनहित से जुड़े कार्यों के लिए सदैव तत्पर रहने की बात कही।
“प्रतिस्पर्धा चुनाव तक थी, अब नगर विकास के लिए मिलकर करेंगे काम”
इस अवसर पर पवन बाबेल ने भी रामदूत मित्र मंडल का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि चुनावी प्रतिस्पर्धा चुनाव तक सीमित थी। अब सभी मिलकर रामगंजमंडी के विकास और नगरहित के लिए कार्य करेंगे।
“ऐसा भाईचारा रामगंजमंडी की पहचान”
कार्यक्रम का संचालन मित्र मंडल के सक्रिय सदस्य राजकुमार गंगवाल ने किया। उन्होंने कहा कि राजनीतिक क्षेत्र में भी ऐसा भाईचारा और आपसी सद्भाव रामगंजमंडी की विशेष पहचान है।
सेवा कार्य में इनकी रही सक्रिय भूमिका
सेवा एवं स्वागत कार्यक्रम में लक्ष्मीनारायण केजरीवाल, अंतिम गुप्ता, राजकुमार गंगवाल, कैलाश प्रजापति, सोनू शर्मा, घनश्याम शर्मा, शरद पाराशर, शैलेन्द्र पाराशर, बबलू सामरिया, अनिल शर्मा, राजेश गर्ग, संजय बड़जात्या सोम्य अग्रवाल सहित गोवर्धन सोनी, राकेश जैन, कमल गौतम, सचिन पोरवाल, प्रकाश धारीवाल, आदि का सक्रिय सहयोग रहा।
अनंत चतुर्दशी की शोभायात्रा के बीच रामदूत मित्र मंडल की यह पहल सेवा, स्वच्छता, सामाजिक समरसता और आपसी भाईचारे का संदेश देने वाली मिसाल बनकर सामने आई।
अभिषेक जैन लुहाड़िया
रामगंजमंडी की रिपोर्ट 9929747312






