“मेरा राजनीतिक जीवन बेदाग है, जिस दिन दाग लगा उसी दिन सब छोड़ दूंगा”—मंत्री मदन दिलावर
नवनिर्वाचित भाजपा नगर पालिका बोर्ड के आभार-अभिनंदन समारोह में भावुक हुए मंत्री दिलावर, बोले—जनता और कार्यकर्ताओं को दिया भरोसा
रामगंजमंडी।
नगर पालिका रामगंज मंडी के नवनिर्वाचित भाजपा बोर्ड के आभार एवं अभिनंदन समारोह में शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री तथा विधायक मदन दिलावर भावुक नजर आए। उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन को लेकर कार्यकर्ताओं और रामगंज मंडी की जनता के सामने खुलकर अपनी बात रखी।
मंत्री दिलावर ने कहा कि चुनाव के दौरान उन पर कई तरह के अनर्गल आरोप लगाए गए और कुछ लोगों ने झूठे आरोप लगाने की पराकाष्ठा तक कर दी। उन्होंने कहा कि वे रामगंज मंडी की जनता और भाजपा कार्यकर्ताओं को विश्वास दिलाना चाहते हैं कि उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन में कभी बेईमानी नहीं की और न ही नगर पालिका चुनाव में टिकट वितरण में किसी तरह की बेईमानी हुई है।

उन्होंने कहा कि स्थानीय पदाधिकारियों की समिति द्वारा सर्वसम्मति से सुझाए गए नामों के आधार पर ही प्रत्याशियों को टिकट दिए गए।
“जिस दिन लगे कि दिलावर ने बेईमानी की, मैं झोला लेकर चला जाऊंगा”
अपने संबोधन में मंत्री दिलावर ने कहा, “मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि आपके विधायक मदन दिलावर ने राजनीतिक जीवन में कभी बेईमानी नहीं की और न कभी करेगा। जिस दिन आपको लगे कि दिलावर ने बेईमानी की है या कर रहा है, उस दिन आप मुझे कह देना। मैं अपना झोला लेकर यहां से चला जाऊंगा।”

मंत्री के इस भावुक संबोधन के बाद सभा में मौजूद भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारेबाजी कर उनका समर्थन किया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि चुनाव के दौरान लगाए गए आरोप बेबुनियाद थे और भाजपा ने प्रत्याशियों का चयन बेहतर तरीके से किया, जिसका परिणाम नगर पालिका में भाजपा को मिला स्पष्ट बहुमत है।
भाजपा बोर्ड बनने पर विकास को मिलेगी नई गति
कार्यकर्ताओं ने कहा कि नगर पालिका चुनाव में भाजपा की जीत का श्रेय कार्यकर्ताओं की मेहनत, संगठन की एकजुटता तथा मंत्री दिलावर के नेतृत्व और मार्गदर्शन को जाता है। उन्होंने कहा कि रामगंज मंडी में लगातार विकास के कार्य हो रहे हैं और अब नगर पालिका में भाजपा का बोर्ड बनने के बाद विकास कार्यों को और गति मिलने की उम्मीद है।

नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का हुआ अभिनंदन
आभार एवं अभिनंदन सभा को शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर के अलावा नवनिर्वाचित नगर पालिका अध्यक्ष नरेंद्र काला, उपाध्यक्ष महेंद्र सांवरिया, चुनाव संयोजक ओम गुर्जर, पूर्व प्रधान दिनेश भंडारी, भाजपा नगर अध्यक्ष शैलेश काला, भाजपा जिला कोषाध्यक्ष गोपाल गर्ग सहित अन्य वक्ताओं ने संबोधित किया।
कार्यक्रम का संचालन मंडल महामंत्री धर्मपाल घाटोंड ने किया। समारोह में नवनिर्वाचित पार्षदों, भाजपा पदाधिकारियों एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी रही।






