आठ दिन बाद पिता से मिलीं बेटियां, पालिका भवन में दिखा भावुक मिलन
चुनावी बाड़ाबंदी के बीच वार्ड 11 के निर्वाचित पार्षद चंद्रप्रकाश सोनी से मिलने पहुंचीं तीनों बेटियां
रामगंजमंडी।
नगरपालिका चुनाव के बाद जारी बाड़ाबंदी के बीच गुरुवार को पालिका भवन में एक भावुक और आत्मीय दृश्य देखने को मिला। वार्ड संख्या 11 से निर्वाचित भाजपा पार्षद चंद्रप्रकाश सोनी के शहर में आने की सूचना जैसे ही उनकी तीनों बेटियों को मिली, वे पिता से मिलने नगरपालिका भवन पहुंच गईं।
कई दिनों बाद पिता को सामने देखकर बेटियों के चेहरों पर खुशी की मुस्कान खिल उठी। वहीं, बेटियों को सामने पाकर चंद्रप्रकाश सोनी भी भावुक नजर आए। करीब एक घंटे तक पिता और बेटियां साथ रहे। इसके बाद सोनी वापस बाड़ाबंदी के लिए रवाना हो गए।







चुनाव प्रचार में बेटियों ने भी निभाई अहम भूमिका
चंद्रप्रकाश सोनी की तीनों बेटियों ने नगरपालिका चुनाव के दौरान पिता के प्रचार में भी पूरी मेहनत की थी। चुनाव में पिता की जीत के बाद उनसे मिलने की खुशी उनके चेहरे पर साफ नजर आई। 9 सितंबर को मतदान के बाद 16 सितंबर को हुई यह मुलाकात करीब सात दिनों के लंबे इंतजार के बाद हुई, जिसने इस पल को और भी खास बना दिया।
चुनावी सरगर्मियों, बाड़ाबंदी और राजनीतिक गतिविधियों के बीच पिता-पुत्रियों का यह मिलन स्नेह, आत्मीयता और पारिवारिक रिश्तों की खूबसूरत तस्वीर पेश कर गया। जीत की खुशी के साथ लंबे इंतजार के बाद परिवार से मिलना निर्वाचित पार्षद और उनकी बेटियों के लिए निश्चित रूप से यादगार क्षण बन गया।
एक रिपोर्ट — अभिषेक जैन लुहाड़िया, रामगंजमंडी
मो. 9929747312
