झालावाड़ के पिड़ावा में धरती डोली, दहशत में घरों से बाहर निकले लोग
3.0 तीव्रता के भूकंप से कई गांवों में महसूस हुए झटके, सीसीटीवी कैमरों में कैद हुआ कंपन; स्कूलों में बच्चों को भी बाहर निकाला
झालावाड़/पिड़ावा।
मंगलवार को झालावाड़ जिले के पिड़ावा क्षेत्र में अचानक धरती डोलने से लोगों में हड़कंप मच गया। 3.0 तीव्रता के भूकंप के झटके महसूस होने के बाद कई गांवों में दहशत का माहौल बन गया। झटकों के दौरान घरों के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों में धरती के कंपन की तस्वीरें भी कैद हुई हैं।
बताया जा रहा है कि नोलाई, खजूरी, बरखेड़ी, भूरखेड़ी सहित आसपास के कई गांवों में भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए। ग्रामीणों के अनुसार कुछ स्थानों पर लगातार दो-तीन बार कंपन महसूस हुआ। अचानक धरती हिलने से लोग घबरा गए और आनन-फानन में अपने घरों से बाहर निकलकर खुले स्थानों की ओर पहुंच गए।
3.0 रिक्टर स्केल की तीव्रता, नोलाई बताया गया केंद्र
पिड़ावा एसडीएम दिनेश कुमार मीणा के अनुसार क्षेत्र में भूकंप के झटके महसूस होने की सूचना मिली है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक भूकंप का केंद्र नोलाई गांव बताया गया है और इसकी तीव्रता 3.0 रिक्टर स्केल मापी गई है।
प्रशासन के अनुसार फिलहाल किसी तरह की जनहानि, व्यक्ति के घायल होने या मकान क्षतिग्रस्त होने की आधिकारिक सूचना नहीं है। प्रशासनिक अधिकारी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
झटके महसूस होते ही घरों से बाहर निकले ग्रामीण
भूकंप की खबर फैलते ही ग्रामीण इलाकों में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। लोगों ने एहतियात के तौर पर अपने परिवार के सदस्यों को घरों से बाहर निकाल लिया। कई लोग दोबारा झटके आने की आशंका के चलते काफी देर तक खुले स्थानों पर ही खड़े रहे।
ग्रामीणों का कहना है कि झटके बहुत तेज नहीं थे, लेकिन एक के बाद एक कंपन महसूस होने से लोगों में डर का माहौल पैदा हो गया।
स्कूलों में भी बरती गई सावधानी, बच्चों को बाहर निकाला
भूकंप के झटकों के बाद स्कूलों में भी सुरक्षा को प्राथमिकता दी गई। एहतियात के तौर पर बच्चों को स्कूल भवनों से बाहर निकाला गया और कुछ स्थानों पर छुट्टी कर दी गई। अचानक बड़ी संख्या में बच्चों और ग्रामीणों के खुले स्थानों पर आने से कुछ देर के लिए गांवों में बेचैनी का माहौल बना रहा।
प्रशासन ने संभाला मोर्चा, नुकसान का लिया जायजा
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस भी सक्रिय हो गए। तहसीलदार एवं पुलिस टीम ने प्रभावित ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों से जानकारी ली तथा स्थिति का जायजा लिया। टीमों ने मकानों और आसपास के क्षेत्रों में किसी प्रकार के नुकसान की जानकारी भी जुटाई।
फिलहाल किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं है, लेकिन अचानक धरती के डोलने की घटना ने पिड़ावा क्षेत्र के ग्रामीणों को जरूर दहला दिया। प्रशासन की टीमें हालात पर नजर बनाए हुए हैं और ग्रामीणों से भी सतर्क रहने की अपील की गई है।





सीसीटीवी में कैद भूकंप के झटकों के वीडियो सामने आने के बाद घटना को लेकर लोगों में चर्चा और बढ़ गई है।


