झालावाड़ की बेटी स्वरा जैन ने रचा नया कीर्तिमान, राष्ट्रीय संगीत प्रतियोगिता के फाइनल में बनाई शानदार जगह
तीर्थ वंदना से णमोकार मंत्र महिमा तक छह कठिन राउंड किए पार, अब जनता के वोट से तय होगी जीत
झालावाड़।
झालावाड़ जिले की होनहार एवं प्रतिभाशाली बेटी स्वरा जैन ने अपनी मधुर गायकी, आध्यात्मिक संगीत साधना और भावपूर्ण प्रस्तुति के दम पर राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित संगीत प्रतियोगिता के फाइनल में स्थान बनाकर पूरे हाड़ौती अंचल का नाम गौरवान्वित किया है। सेमीफाइनल के छह चुनौतीपूर्ण राउंड में देशभर के 16 प्रतिभागियों के बीच हुए कड़े मुकाबले में स्वरा ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए शीर्ष छह प्रतिभागियों में अपनी जगह सुनिश्चित की।
प्रतियोगिता के विभिन्न चरणों में प्रतिभागियों को तीर्थ वंदना, तीर्थंकर वंदना, गुरु वंदना, जीव दया वंदना, णमोकार मंत्र महिमा सहित अनेक आध्यात्मिक एवं सांगीतिक विषयों पर प्रस्तुति देनी थी। स्वरा जैन ने प्रत्येक राउंड में अपनी मधुर आवाज, सुरों की शुद्धता, भावपूर्ण अभिव्यक्ति और आध्यात्मिक समर्पण से निर्णायक मंडल को प्रभावित करते हुए फाइनल का टिकट हासिल किया।
स्वरा की इस उल्लेखनीय उपलब्धि से झालावाड़ ही नहीं, बल्कि पूरे हाड़ौती क्षेत्र में हर्ष और गौरव का वातावरण है। परिवारजनों, समाजबंधुओं और शुभचिंतकों ने इसे जिले के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताते हुए स्वरा के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
अब प्रतियोगिता का अंतिम एवं निर्णायक दौर प्रारंभ हो चुका है, जिसमें विजेता का चयन निर्णायकों के साथ-साथ दर्शकों के वोट के आधार पर भी किया जाएगा। स्वरा के समर्थकों ने जिलेवासियों एवं प्रदेशवासियों से अधिक से अधिक मतदान कर उन्हें विजेता बनाने की अपील की है। सभी को विश्वास है कि जनसमर्थन, शुभकामनाओं और आशीर्वाद के बल पर स्वरा जैन फाइनल में भी शानदार सफलता प्राप्त कर राष्ट्रीय मंच पर झालावाड़ और हाड़ौती का गौरव और अधिक बढ़ाएंगी।
संकलन: अभिषेक जैन लुहाड़िया, रामगंजमंडी 9929747312



