रक्षाबंधन पर सियासी मुलाकात ने बढ़ाई हलचल, वरिष्ठ नेता सुरेश कुमार लूथरा से मिले नगर कांग्रेस अध्यक्ष पवन बाबेल

राजनीति

रक्षाबंधन पर सियासी मुलाकात ने बढ़ाई हलचल, वरिष्ठ नेता सुरेश कुमार लूथरा से मिले नगर कांग्रेस अध्यक्ष पवन बाबेल

 

मंत्रणा के साथ लिया आशीर्वाद, नगर पालिका चुनाव को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज

 

रामगंजमंडी।

नगर पालिका चुनाव की आहट के साथ रामगंजमंडी की सियासत में गतिविधियां तेज होती नजर आ रही हैं। चुनावी तैयारियों और संभावित दावेदारों को लेकर नगर के राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर जारी है। इसी बीच रक्षाबंधन के पावन पर्व पर नगर कांग्रेस अध्यक्ष पवन बाबेल ने वरिष्ठ कांग्रेसी नेता एवं पूर्व पालिका उपाध्यक्ष सुरेश कुमार लूथरा से मुलाकात कर विभिन्न राजनीतिक विषयों पर मंत्रणा की और उनका आशीर्वाद लिया।

 

इस मुलाकात को आगामी नगर पालिका चुनाव की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। खास बात यह है कि पवन बाबेल के पिता गोविंद लाल गुप्ता और सुरेश कुमार लूथरा के बीच लंबे समय से गहरे और आत्मीय संबंध रहे हैं। दोनों ही रामगंजमंडी की राजनीति में अपने-अपने दौर में महत्वपूर्ण केंद्रबिंदु माने जाते रहे हैं।

ऐसे में पवन बाबेल और सुरेश कुमार लूथरा की मुलाकात ने नगर कांग्रेस के राजनीतिक हलकों में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच भी इस मुलाकात को लेकर उत्साह देखा जा रहा है।

 

क्या चुनावी मैदान में उतरेंगे पवन बाबेल?

 

नगर में इन दिनों एक चर्चा तेजी से जोर पकड़ रही है कि नगर कांग्रेस अध्यक्ष पवन बाबेल स्वयं भी आगामी नगर पालिका चुनाव में चुनावी मैदान में उतर सकते हैं। हालांकि, उनकी ओर से अभी तक चुनाव लड़ने को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा सामने नहीं आई है।

बहरहाल, चुनाव से पहले वरिष्ठ राजनीतिक नेताओं से मुलाकात और मंत्रणा का दौर शुरू हो चुका है। ऐसे में रक्षाबंधन के दिन हुई यह मुलाकात महज शिष्टाचार भेंट थी या इसके पीछे कोई बड़ी राजनीतिक रणनीति आकार ले रही है, इसे लेकर चर्चाएं तेज हैं।

 

अब चुनावी तस्वीर किस करवट बैठती है और कौन-कौन से चेहरे मैदान में उतरते हैं, इसका खुलासा आने वाले दिनों में होगा। फिलहाल पवन बाबेल और सुरेश लूथरा की यह मुलाकात रामगंजमंडी की राजनीति में एक अहम घटनाक्रम के रूप में देखी जा रही है।

 

एक रिपोर्ट : अभिषेक जैन लुहाड़िया, रामगंजमंडी

मोबाइल : 9929747312

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *