इंसान पागल और मोबाइल स्मार्ट होने लगा है—आचार्य श्री सुनील सागर जी
‘सुखी जीवन का आधार, शिक्षा के साथ संस्कार’ विषय पर विद्यार्थियों को मिला प्रेरक संदेश | छात्रवृत्ति वितरण समारोह में विभिन्न पाठशालाओं के बच्चों ने दी मनमोहक प्रस्तुतियां
नेमीनगर जैन कॉलोनी, इंदौर, 23 अगस्त 2026।
दिगंबर जैन आम समाज संगठन एवं श्रुति फाउंडेशन, इंदौर के संयुक्त तत्वावधान में प्रतिवर्ष आयोजित शिक्षा सहायता योजना के अंतर्गत छात्रवृत्ति वितरण समारोह रविवार को इंद्रपुरी चातुर्मास स्थल, घूँघट गार्डन, नेमीनगर जैन कॉलोनी में परमपूज्य आचार्य श्री 108 सुनील सागर जी महाराज ससंघ के सानिध्य में श्रद्धा एवं उत्साह के साथ संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन, मंगलाचरण, पादप्रक्षालन एवं जिनवाणी भेंट के साथ हुआ। समारोह में इंदौर की विभिन्न जैन पाठशालाओं के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का सुंदर प्रदर्शन करते हुए धार्मिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक संदेशों से ओतप्रोत प्रस्तुतियां दीं।
बच्चों की प्रस्तुतियों ने बांधा समां
जयदुभारदी पाठशाला, नेमीनगर के विद्यार्थियों ने आचार्य श्री द्वारा रचित जिनवाणी स्तुति पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया। ज्ञानवर्धनी पाठशाला, गुप्तिसदन कॉलोनी के विद्यार्थियों ने आकर्षक प्रस्तुति दी। वहीं आचार्य विद्यासागर प्रामाणिक पाठशाला, महालक्ष्मी नगर के बच्चों ने ‘जैन एकता’ पर आधारित नाटक के माध्यम से समाज में एकजुटता का संदेश दिया।

विद्यासिंधु समय पाठशाला के विद्यार्थियों ने ‘सोशल मीडिया से दूरी है जरूरी’ विषय पर प्रभावी प्रस्तुति देकर मोबाइल एवं सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव के प्रति जागरूक किया। आचार्य विद्यासागर पाठशाला के बच्चों ने प्राकृत भाषा में गोम्मटेश स्तुति प्रस्तुत कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।
इस अवसर पर पार्श्वनाथ दिगंबर पाठशाला नंदानगर, विद्योदय संस्कार पाठशाला सहित इंदौर की अन्य पाठशालाओं के विद्यार्थी भी उपस्थित रहे और उन्होंने गुरुदेव का मंगल आशीर्वाद प्राप्त किया।
ब्रह्मचारिणी दीदियों ने लिया गुरुदेव का आशीर्वाद
कार्यक्रम के दौरान आर्यिका श्री विज्ञानमति माताजी के संघस्थ संयम की ओर अग्रसर ब्रह्मचारिणी दीदियों ने आचार्य श्री सुनील सागर जी महाराज के दर्शन कर मंगल आशीर्वाद प्राप्त किया। इंदौर के कवि सत्यनारायण जी ने भी गुरुदेव के दर्शन एवं आशीर्वाद का लाभ लिया।
आयोजन स्थल पर तीर्थराज श्री सम्मेद शिखर जी की भव्य झांकी भी आकर्षण का केंद्र रही, जिसके श्रद्धालुओं ने दर्शन कर पुण्यार्जन किया।
‘मोबाइल स्मार्ट, इंसान पागल होने लगा’
दोपहर 3:30 बजे आचार्य श्री सुनील सागर जी महाराज ने ‘सुखी जीवन का आधार, शिक्षा के साथ संस्कार’ विषय पर विशेष मंगल प्रवचन देते हुए विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को जीवनोपयोगी संदेश दिए।
मोबाइल और सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव पर चिंता व्यक्त करते हुए आचार्य श्री ने कहा कि “बदलती दुनिया का ऐसा असर होने लगा है कि इंसान पागल और मोबाइल स्मार्ट होने लगा है।”
उन्होंने महाराष्ट्र के एक गांव की घटना का उल्लेख करते हुए मोबाइल की जिद के गंभीर परिणामों के प्रति आगाह किया। आचार्य श्री ने कहा कि मोबाइल को ही दोष देना पर्याप्त नहीं है, बल्कि माता-पिता को भी अपने मोबाइल एवं सोशल मीडिया के उपयोग पर नियंत्रण रखना होगा, क्योंकि बच्चे वही सीखते हैं जो वे अपने माता-पिता को करते हुए देखते हैं।
‘समाज हमारा परिवार है’
आचार्य श्री ने समाज में एकता और आपसी समायोजन का संदेश देते हुए कहा कि समाज को साथ लेकर चलना चाहिए और एक-दूसरे के साथ समायोजन की भावना रखनी चाहिए। “समाज हमारा परिवार है”, इस भावना के साथ सभी को मिल-जुलकर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
उन्होंने युवाओं और विद्यार्थियों को जीवन में सकारात्मक बदलाव के लिए प्रेरित करते हुए कहा—
“ट्रेंड बदलते हो, स्टाइल बदलते हो, कभी अपनी सोच भी बदलो, जिंदगी बदल जाएगी।”
समय का सदुपयोग सफलता की कुंजी
आचार्य श्री ने विद्यार्थियों को समय प्रबंधन का महत्व समझाते हुए कहा कि जीवन में सफलता के लिए समय का सदुपयोग आवश्यक है। व्यक्ति को अपने समय का ऐसा नियोजन करना चाहिए कि वह मंदिर, शिक्षा, व्यवसाय और परिवार की जिम्मेदारियों के लिए भी पर्याप्त समय निकाल सके।
छात्रवृत्ति वितरण एवं आचार्य श्री के विशेष मार्गदर्शन से विद्यार्थियों और अभिभावकों को शिक्षा के साथ संस्कार, समय प्रबंधन, सामाजिक एकता तथा मोबाइल और सोशल मीडिया के संतुलित उपयोग का महत्वपूर्ण संदेश मिला।
माही जैन धीरावत पीपलखूंट प्रतापगढ़ से प्राप्त जानकारी
संकलन : अभिषेक जैन लुहाड़िया, रामगंजमंडी 9929747312
मो.: 9929747312





