रामगंजमंडी नगर पालिका चुनाव 2026: 40 वार्डों की आरक्षण लॉटरी घोषित, कई दावेदारों की बदली चुनावी गणित
रामगंजमंडी
। वर्ष 2026 में प्रस्तावित रामगंजमंडी नगर पालिका चुनाव को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। नगर पालिका अध्यक्ष पद के लिए सामान्य वर्ग का आरक्षण पहले ही तय हो चुका है। वहीं सोमवार को नगर पालिका के 40 वार्डों के आरक्षण की लॉटरी निकाली गई, जिसके बाद अब प्रत्येक वार्ड की चुनावी तस्वीर भी साफ हो गई है।
लॉटरी की घोषणा के साथ ही कई वार्डों में चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे संभावित उम्मीदवारों की गणित बदल गई है। आरक्षण बदलने से कहीं नए दावेदारों को मौका मिला है तो कहीं लंबे समय से चुनाव की तैयारी कर रहे नेताओं को अब दूसरे वार्ड या विकल्प पर विचार करना पड़ सकता है।
रामगंजमंडी नगर पालिका चुनाव 2026 : वार्डवार आरक्षण
वार्ड| आरक्षण
1 से 4| सामान्य
5| अनुसूचित जनजाति (ST)
6 से 8| सामान्य महिला
9 एवं 10| सामान्य
11 एवं 12| अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC)
13| सामान्य महिला
14 एवं 15| सामान्य
16| OBC
17| सामान्य
18| अनुसूचित जाति (SC)
19| सामान्य
20| ST
21| सामान्य
22| OBC
23| सामान्य
24| SC
25| सामान्य
26| OBC महिला
27| सामान्य
28| सामान्य महिला
29| SC महिला
30| OBC
31| SC
32| SC महिला
33 एवं 34| SC
35| OBC महिला
36| ST
37| सामान्य महिला
38| OBC महिला
39 एवं 40| सामान्य महिला
लॉटरी के बाद तेज हुई चुनावी सरगर्मी
वार्डों की आरक्षण सूची सामने आने के बाद रामगंजमंडी की राजनीति में हलचल बढ़ गई है। खास तौर पर उन वार्डों में राजनीतिक गतिविधियां तेज होने की संभावना है, जहां आरक्षण में बदलाव हुआ है। संभावित उम्मीदवार अब अपने-अपने वार्ड की स्थिति के साथ-साथ नए राजनीतिक समीकरणों पर भी नजर रख रहे हैं।
कई दावेदारों के लिए आरक्षण की घोषणा राहत लेकर आई है, जबकि कुछ उम्मीदवारों की अब तक की तैयारियों पर पानी फिर सकता है। आने वाले दिनों में वार्ड स्तर पर बैठकों, संपर्क अभियानों और नए राजनीतिक समीकरणों का दौर देखने को मिल सकता है।
40 वार्डों में दूसरी बार होगा चुनाव
रामगंजमंडी नगर पालिका के इतिहास में यह दूसरा अवसर होगा, जब 40 वार्डों में चुनाव कराया जाएगा। इससे पहले वर्ष 2020 में 40 वार्डों में नगर पालिका चुनाव हुआ था। वहीं वर्ष 2015 में 30 वार्डों में चुनाव हुआ था।
मिली जानकारी के अनुसार, रामगंजमंडी नगर पालिका की शुरुआत में 15 वार्ड थे। आबादी बढ़ने के साथ वार्डों की संख्या भी लगातार बढ़ती गई। पहले 20, फिर 25 और उसके बाद 30 वार्ड किए गए। इसके बाद परिसीमन के क्रम में वार्डों की संख्या बढ़ाकर सीधे 40 की गई।
अब वर्ष 2026 के चुनाव में 40 वार्डों की आरक्षण लॉटरी सामने आने के बाद रामगंजमंडी में चुनावी माहौल बनने लगा है। आने वाले दिनों में कौन-कौन से चेहरे मैदान में उतरते हैं और किस वार्ड से कौन दावेदारी करता है, यह देखना खासा दिलचस्प होगा।
अभिषेक जैन लुहाड़िया, रामगंजमंडी की रिपोर्ट
मो.: 9929747312





