कैथूली में 19 अगस्त को भव्य ‘मुकुट सप्तमी’ महोत्सव
भगवान पार्श्वनाथ के मोक्षकल्याणक पर उमड़ेगा श्रद्धा का सैलाब, अभिषेक-शांतिधारा, महामंडल विधान और निर्वाण लाडू समर्पण के होंगे भव्य आयोजन
रामगंजमंडी।
नगर सीमा से करीब 16 किलोमीटर दूर मालवा पठार की तलहटी में प्राकृतिक सौंदर्य से घिरा श्री 1008 चिंतामणि पार्श्वनाथ दिगंबर जैन अतिशय क्षेत्र, कैथूली आगामी 19 अगस्त को धर्म, आस्था और भक्ति के एक ऐतिहासिक आयोजन का साक्षी बनेगा। चतुर्थकालीन अतिशयकारी प्रतिमाओं एवं खजुराहो शैली की आकर्षक स्थापत्य कला के लिए प्रसिद्ध यह अतिशय क्षेत्र श्रद्धालुओं के बीच लगातार अपनी विशिष्ट पहचान बना रहा है।
श्रावण शुक्ल सप्तमी, मोक्ष सप्तमी के पावन अवसर पर भगवान पार्श्वनाथ के मोक्षकल्याणक महोत्सव को ‘मुकुट सप्तमी’ के रूप में बुधवार, 19 अगस्त 2026 को भव्य एवं ऐतिहासिक स्वरूप में मनाया जाएगा। आयोजन को लेकर क्षेत्र कमेटी द्वारा व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।
ध्वजारोहण के साथ होगा महोत्सव का शुभारंभ
महोत्सव का शुभारंभ प्रातः बेला में ध्वजारोहण के साथ होगा। ध्वजारोहण का पुण्य अवसर श्रेष्ठी श्रीमान राकेश-सुनीता, खुश-निर्वी गेवाशी जैन मड़िया परिवार, कोटा को प्राप्त होगा। इसके बाद भगवान के प्रथम दर्शन के लिए द्वार खुलेंगे तथा मूलनायक भगवान का अभिषेक एवं शांतिधारा विधि-विधानपूर्वक संपन्न होगी।
पूरे धार्मिक आयोजन की क्रियाएं पंडित श्री आकाश जैन आचार्य, सांगानेर-रामगंजमंडी, पंडित श्री प्रशांत जैन आचार्य, सांगानेर-रामगंजमंडी, पंडित श्री समत्व जैन शास्त्री, सांगानेर-अतिशय क्षेत्र कैथूली तथा प्रिंस जैन शास्त्री, आचार्य सांगानेर-अतिशय क्षेत्र कैथूली के निर्देशन में संपन्न होंगी।
भव्य पंडाल का होगा लोकार्पण
महोत्सव के दौरान जय-जयकार और भक्तिमय वातावरण के बीच मुख्य पंडाल का लोकार्पण श्रेष्ठी श्रीमान प्रभुलाल, ज्ञानचंद एवं समस्त ठग परिवार, बोराव द्वारा किया जाएगा। मुख्य पंडाल में श्रीजी के विराजमान होने के पश्चात भगवान के चित्र एवं गुरु भगवंतों के चित्र का अनावरण श्रेष्ठी श्रीमान संजय कुमार एवं राजेंद्र चौधरी परिवार, गरोठ द्वारा किया जाएगा।
इसी क्रम में मंगल ज्योति प्रज्वलित कर मंगलदीप प्रज्वलन का पुण्य लाभ श्रीमती भंवरी बाई, निर्मल कुमार, संतोष कुमार खटोड़ परिवार, सिंगोली को प्राप्त होगा।
अतिथियों का सम्मान और धर्म प्रभावना
‘अतिथि देवो भव’ की भावना को साकार करते हुए महोत्सव में पधारने वाले अतिथियों के सम्मान का पुण्य अवसर श्रेष्ठी श्रीमान करुणेश, गौरव, अंकित जैन ‘किंगश्री’ परिवार, रामगंजमंडी को प्राप्त होगा।
आयोजन की धर्म प्रभावना एवं प्रचार-प्रसार का पुण्य सौभाग्य श्रेष्ठी श्रीमान कैलाशचंद, संजय, अजय जैन परिवार, कोटा को प्राप्त होगा।
पार्श्वनाथ महामंडल विधान और निर्वाण लाडू होगा मुख्य आकर्षण
महोत्सव की अनुपम बेला में श्री पार्श्वनाथ महामंडल विधान का आयोजन होगा, जिसका पुण्य लाभ श्रेष्ठी श्री बालचंद जी एवं नगीना बाई जी ठग परिवार, छोटी बिजौलियां वालों को प्राप्त होगा।
भगवान पार्श्वनाथ के मोक्षकल्याणक की स्मृति में निर्वाण लाडू समर्पित किया जाएगा। अभिषेक, शांतिधारा, महामंडल विधान और निर्वाण लाडू समर्पण के दौरान पूरा अतिशय क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में भगवान पार्श्वनाथ के जयकारों से गूंज उठेगा।
धर्मप्रेमियों के लिए अल्पाहार एवं वात्सल्य भोज
महोत्सव में शामिल होने वाले सभी धर्मप्रेमी बंधुओं एवं अतिथियों के लिए अल्पाहार एवं वात्सल्य भोज की व्यवस्था की जाएगी। इसका पुण्य लाभ मातुश्री संतोष बाई, प्रमोद एवं सुरेश जैन बाबरिया दोतड़ा परिवार, रामगंजमंडी को प्राप्त होगा।
क्षेत्र कमेटी ने समस्त धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में कैथूली पहुंचकर भगवान पार्श्वनाथ के मोक्षकल्याणक महोत्सव में शामिल होने, धार्मिक अनुष्ठानों का पुण्य लाभ लेने और धर्म प्रभावना में सहभागी बनने की अपील की है।
विशेष: मोक्ष सप्तमी के इस पावन अवसर पर कैथूली में श्रद्धा, भक्ति और धर्म प्रभावना का ऐसा संगम देखने को मिलेगा, जो श्रद्धालुओं के लिए लंबे समय तक स्मरणीय रहेगा।
रिपोर्ट : अभिषेक जैन लुहाड़िया, रामगंजमंडी
मो.: 9929747312





