पुष्पगिरि तीर्थ में 15-16 अगस्त को भव्य पट्टविभूषण संस्कार महोत्सव, कवि सम्मेलन में डॉ. कुमार विश्वास होंगे शामिल
आचार्य श्री 108 प्रसन्नसागर जी महाराज के पट्टविभूषण संस्कार पर दो दिवसीय ऐतिहासिक आयोजन—देशभर से संत, विद्वान और श्रद्धालु जुटेंगे
सोनकच्छ।
पुष्पगिरि तीर्थ एक बार फिर भव्य धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन का साक्षी बनने जा रहा है। पुष्पगिरि तीर्थ प्रणेता गणाचार्य श्री 108 पुष्पदंत सागर जी महाराज के सान्निध्य में अंतर्मना धार्मिक एवं पारमार्थिक न्यास, पुष्पगिरि तीर्थ के तत्वावधान में जैन संत तपाचार्य साधना के गोमटेस आचार्य श्री 108 प्रसन्नसागर जी महाराज के पट्टविभूषण संस्कार महोत्सव का आयोजन 15 एवं 16 अगस्त 2026 को किया जाएगा।
दो दिवसीय यह भव्य एवं ऐतिहासिक समारोह धार्मिक आस्था के साथ-साथ राष्ट्रभक्ति और सांस्कृतिक चेतना का भी अनूठा संगम बनेगा। आयोजन में देशभर से साधु-संत, विद्वान, श्रद्धालु एवं गणमान्य नागरिक शामिल होंगे।
15 अगस्त को पट्टविभूषण संस्कार और भव्य कवि सम्मेलन
महोत्सव के प्रथम दिन शनिवार, 15 अगस्त को दोपहर 12 बजे से पट्टविभूषण संस्कार विधि का आयोजन होगा। प्रवक्ता रोमिल जैन ने बताया कि शाम 6 बजे से राष्ट्रीय एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का सिलसिला शुरू होगा।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित विशेष कवि सम्मेलन में देश के प्रसिद्ध कवि डॉ. कुमार विश्वास अपनी काव्य प्रस्तुति देंगे। उनके साथ कवि दीपक दनादन, कवि महेंद्र मधुर एवं कवयित्री सुश्री साक्षी भी राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत कविताओं के माध्यम से राष्ट्रीय पर्व की गरिमा बढ़ाएंगे।
16 अगस्त को पट्टाभिषेक एवं अनुमोदना महोत्सव
महोत्सव के दूसरे दिन रविवार, 16 अगस्त को दोपहर 12 बजे से पट्टाभिषेक एवं अनुमोदना महोत्सव आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम में प्रतिष्ठाचार्य पं. श्री प्रदीप जी मधुर, मुंबई एवं पं. चन्द्रप्रकाश जी की भूमिका रहेगी। मंच संचालन बा. ब्र. श्री तरुण भैया जी, इंदौर करेंगे। आमंत्रित विद्वान के रूप में प्रो. नलिन शास्त्री, दिल्ली उपस्थित रहेंगे।
संतों और विद्वानों का मिलेगा सान्निध्य
इस ऐतिहासिक समारोह में देश के अनेक प्रमुख संतों एवं विद्वानों का सान्निध्य और मार्गदर्शन प्राप्त होगा। इनमें परम पूज्य योगऋषि स्वामी रामदेव जी महाराज, आचार्य बालकृष्ण जी स्वामी (पतंजलि योगपीठ, हरिद्वार), पं. प्रदीप मिश्रा (अंतरराष्ट्रीय शिवकथा वाचक, सीहोर), पूज्य श्री महेश गुरु जी (शिवकथा वाचक), महामंडलेश्वर श्री प्रेमानंद पुरी जी सहित अनेक संत एवं विद्वान शामिल हैं।
आयोजन में योगऋषि स्वामी रामदेव जी महाराज एवं आचार्य बालकृष्ण जी स्वामी को पट्टाचार्य संस्कार महोत्सव के अभिरक्षक के रूप में आमंत्रित किया गया है।
सपरिवार सहभागी बनने का आह्वान
श्री पुष्पदंतसागर दिगंबर जैन श्रमण संस्कृति न्यास, पुष्पगिरि तीर्थ एवं सकल दिगंबर जैन समाज सोनकच्छ ने श्रद्धालुओं और धर्मप्रेमी नागरिकों से इस दिव्य एवं ऐतिहासिक समारोह में सपरिवार सहभागी होकर संतों के दर्शन, आशीर्वाद एवं धार्मिक-सांस्कृतिक कार्यक्रमों का लाभ लेने का आह्वान किया है।
दो दिन तक पुष्पगिरि तीर्थ में धर्म, अध्यात्म, राष्ट्रभक्ति और संस्कृति का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा।
प्रचार-प्रसार संयोजक: रोमिल पाटणी, सोनकच्छ | नरेंद्र अजमेरा, पीयूष कासलीवाल, औरंगाबाद
जानकारी संकलन: अभिषेक जैन लुहाड़िया, रामगंजमंडी





