“देव, शास्त्र और गुरु के सान्निध्य में हर पल मंगल, संसार में हर पल दंगल” — आचार्य श्री सुनील सागर महाराज ♦
भगवान मुनिसुव्रतनाथ स्वामी का गर्भ कल्याणक श्रद्धा-भक्ति के साथ संपन्न, 2 अगस्त को नेमीनगर में सजेगा भव्य मंगल कलश स्थापना महोत्सव
इंदौर।
नेमीनगर जैन कॉलोनी, इंदौर में परम पूज्य आचार्य श्री 108 सुनील सागर जी महाराज (ससंघ) के पावन सान्निध्य में भगवान मुनिसुव्रतनाथ स्वामी का गर्भ कल्याणक महोत्सव अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास के साथ मनाया गया। धर्मसभा में बड़ी संख्या में उपस्थित श्रद्धालुओं ने गुरुदेव के ओजस्वी प्रवचनों का लाभ लेकर आत्मकल्याण की प्रेरणा प्राप्त की।
अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में आचार्य श्री ने कहा, “संसारी जनों के बीच रहोगे तो हर पल दंगल ही दंगल है, और देव, शास्त्र एवं गुरु के बीच रहोगे तो हर पल मंगल ही मंगल है।” उन्होंने कहा कि अनादिकाल से चला आ रहा जन्म-मरण का संसार चक्र केवल उत्तम ध्यान, सम्यक चिंतन और आत्मजागरण के माध्यम से ही रुक सकता है।
गुरुदेव ने कहा कि मनुष्य के विचार ही उसके जीवन की दिशा तय करते हैं। यदि नकारात्मक सोच रिश्तों में दूरी पैदा कर सकती है, तो सकारात्मक सोच, मधुर व्यवहार और सद्भावना उन्हीं रिश्तों में पुनः प्रेम और विश्वास स्थापित कर सकती है। धर्म का वास्तविक उद्देश्य मन, वचन और कर्म की पवित्रता है। गुरुदेव के आध्यात्मिक संदेशों ने उपस्थित श्रद्धालुओं को आत्मचिंतन और धर्ममार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
2 अगस्त को होगा भव्य मंगल कलश स्थापना महोत्सव
आचार्य श्री 108 सुनील सागर जी महाराज (ससंघ) के पावन सान्निध्य में 2 अगस्त 2026 (रविवार) को दोपहर 1:00 बजे नेमीनगर जैन कॉलोनी, इंदौर में भव्य मंगल कलश स्थापना समारोह का आयोजन होगा।
चातुर्मास के शुभारंभ के साथ होने वाला यह आयोजन धर्म, आस्था और मंगलभावना का अनुपम संगम होगा। वैदिक एवं जैन परंपरा के मंगलाचरण के मध्य विधि-विधान से कलश स्थापना संपन्न होगी। गुरु सान्निध्य में श्रद्धालु धर्माराधना, पुण्यार्जन एवं आध्यात्मिक लाभ प्राप्त करेंगे।
आयोजन समिति ने सभी धर्मप्रेमी बंधुओं से सपरिवार उपस्थित होकर इस पुण्यमयी बेला के साक्षी बनने तथा धर्मलाभ अर्जित करने का विनम्र आग्रह किया है। आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
— माही जैन धीरावत से प्राप्त जानकारी
संकलन: अभिषेक जैन लुहाड़िया, रामगंजमंडी 9929747312

