*”नशे से मुक्ति है ज़रूरी” विषय पर गुरुकुल स्कूल धामनोद में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित*
धामनोद//दीपक प्रधान की रिपोर्ट
विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराने एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से *धामनोद पुलिस* द्वारा *गुरुकुल स्कूल धामनोद* के *आर.के. गैलेक्सी ऑडिटोरियम* में कक्षा *VI से XII* के विद्यार्थियों के लिए *”नशे से मुक्ति है ज़रूरी”* विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित *उपनिरीक्षक श्री जयकिशन* का विद्यालय के *डायरेक्टर श्री ध्वज भंडारी, अकादमिक डायरेक्टर श्री ए. एल. मजूमदार* एवं *प्राचार्या डॉ. शिल्पा शर्मा* द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया।
अपने प्रेरक संबोधन में श्री जयकिशन ने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि यदि कोई व्यक्ति उन्हें नशीले पदार्थों, तंबाकू, शराब अथवा अन्य किसी भी प्रकार के नशे का प्रलोभन दे, तो वे पूरे आत्मविश्वास के साथ *”ना”* कहना सीखें। उन्होंने नशीले पदार्थों के शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक दुष्प्रभावों की विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि *स्वस्थ शरीर और सशक्त चरित्र ही जीवन की सबसे बड़ी पूंजी हैं।*
कार्यक्रम का सबसे आकर्षक भाग प्रश्नोत्तर सत्र रहा, जिसमें विद्यार्थियों ने अत्यंत जागरूकता एवं उत्सुकता के साथ अनेक प्रश्न पूछे। *मोहम्मद मुजम्मिल शेख (कक्षा VII-F)* ने पूछा कि *”नशा किन-किन चीज़ों से होता है?”* *हर्षिता राजोरे* ने छोटे दुकानदारों द्वारा नशीले पदार्थों की बिक्री पर कार्रवाई से संबंधित प्रश्न रखा। *पीयूष पटेल (कक्षा VIII-E)* ने पूछा कि *”यदि शराब हानिकारक है तो सरकार इसे पूर्णतः प्रतिबंधित क्यों नहीं करती?”* *ओजस्व बंसल (कक्षा VII-B)* ने राष्ट्रीय राजमार्गों के समीप स्थित शराब की दुकानों के संबंध में जिज्ञासा व्यक्त की, जबकि *साहिल चौहेल (कक्षा VIII-D)* ने अपने क्षेत्र धानी में विद्यालय के समीप देसी शराब (ताड़ी) की बिक्री का मुद्दा उठाया। अन्य विद्यार्थियों ने फिल्मों के कलाकारों द्वारा पान मसाला एवं तंबाकू उत्पादों के प्रचार-प्रसार पर भी प्रश्न पूछे।
उपनिरीक्षक श्री जयकिशन ने विद्यार्थियों के सभी प्रश्नों का धैर्यपूर्वक एवं तथ्यपरक उत्तर देते हुए उन्हें नशामुक्त भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने तथा अपने परिवार एवं समाज को भी जागरूक करने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रबंधन ने धामनोद पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों से स्वस्थ, सुरक्षित एवं नशामुक्त जीवन का संकल्प लेने का आह्वान किया।
