*रामगंजमंडी में लगेगी मां पन्नाधाय की विशाल प्रतिमा, शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने की घोषणा
रामगंजमंडी
नगरपालिका क्षेत्र में मां पन्नाधाय की विशाल प्रतिमा स्थापित किए जाने की मांग को लेकर गुर्जर समाज एवं सर्वसमाज के प्रतिनिधियों ने शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए मंत्री ने मौके पर ही नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी (ईओ) को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
इस दौरान मंत्री मदन दिलावर ने उपस्थित लोगों की राय जानने के लिए सभा में मौजूद नागरिकों से हाथ उठाकर अपनी सहमति व्यक्त करने का आग्रह किया। इस पर बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों ने हाथ उठाकर नगर पालिका क्षेत्र में मां पन्नाधाय की विशाल प्रतिमा स्थापित किए जाने के प्रस्ताव का समर्थन किया।
मंत्री ने घोषणा करते हुए कहा कि क्षेत्रवासियों की भावना और जनसमर्थन को देखते हुए नगर पालिका क्षेत्र में मां पन्नाधाय की विशाल प्रतिमा स्थापित कराई जाएगी। इस घोषणा के बाद उपस्थित लोगों में उत्साह का माहौल बन गया और समाज के लोगों ने मंत्री का आभार व्यक्त किया।
अंतर्राष्ट्रीय गुर्जर महासभा जिलाध्यक्ष लड्डू बैंसला ने बताया कि मां पन्नाधाय त्याग, बलिदान और राष्ट्रभक्ति की अद्वितीय प्रतीक हैं। उनकी प्रतिमा स्थापित होने से नई पीढ़ी को उनके महान जीवन और आदर्शों से प्रेरणा मिलेगी। क्षेत्रवासियों ने इस घोषणा का स्वागत करते हुए इसे ऐतिहासिक निर्णय बताया।

