रामगंजमंडी कृष्णमय: एकादशी पर निकली 4 किलोमीटर लंबी ऐतिहासिक नगर परिक्रमा, रथ के आगे बही दूध की धारा, पुष्पवर्षा से गूंजा पूरा शहर
53वीं नगर परिक्रमा में उमड़ा आस्था का सैलाब, टीकरदा के मशक नृत्य ने बांधा समा, हजारों श्रद्धालु बने दिव्य आयोजन के साक्षी
रामगंजमंडी।
एकादशी के पावन पर्व पर शनिवार प्रातः रामगंजमंडी भक्ति, श्रद्धा और उल्लास के रंग में पूरी तरह रंगी नजर आई। गिरिराज धरण कृपा मंडल के तत्वावधान में आयोजित 53वीं भव्य एवं ऐतिहासिक नगर परिक्रमा में हजारों श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। लगभग 4 किलोमीटर लंबी यह विशाल परिक्रमा नगर के प्रमुख मार्गों से होकर निकली, जहां जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया। पूरा शहर “जय श्रीकृष्ण” और “गिरिराज धरण की जय” के उद्घोषों से गुंजायमान हो उठा।
नगर परिक्रमा का शुभारंभ गोवर्धननाथ मंदिर से हुआ। भगवान गिरिराज धरण को आकर्षक ढंग से सुसज्जित रथ में विराजित किया गया। रथ के आगे श्रद्धा और समर्पण के प्रतीक स्वरूप दूध की धारा प्रवाहित की गई, जिसने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। ढोल-नगाड़ों, बैंड-बाजों और कृष्ण भजनों की मधुर स्वर लहरियों के बीच श्रद्धालु हाथों में श्याम पताकाएं लहराते हुए जयकारों के साथ आगे बढ़ते रहे।

टीकरदा के मशक नृत्य ने बिखेरी अलौकिक छटा
इस वर्ष की नगर परिक्रमा का सबसे बड़ा आकर्षण बूंदी जिले के टीकरदा ग्राम से आए कलाकारों का पारंपरिक मशक नृत्य रहा। विभिन्न पारंपरिक वेशभूषाओं में कलाकारों ने मनमोहक प्रस्तुतियां देकर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनकी प्रस्तुति ने पूरे आयोजन को और अधिक भव्य एवं दिव्य बना दिया।

इन प्रमुख मार्गों से निकली नगर परिक्रमा
गोवर्धननाथ मंदिर से प्रारंभ हुई परिक्रमा बाजार नंबर-6, बाजार नंबर-3, अंबेडकर चौराहा, बाजार नंबर-7, स्टेशन चौराहा, शाहजी तिराहा, बाजार नंबर-1, मालगोदाम तिराहा, थाना चौराहा, ओवरब्रिज, ज्ञान सिंह चौराहा और पन्नालाल चौराहा सहित नगर के प्रमुख मार्गों से होकर पुनः गोवर्धननाथ मंदिर पहुंची, जहां भव्य एवं आध्यात्मिक वातावरण में परिक्रमा का समापन हुआ।
जगह-जगह हुआ ऐतिहासिक स्वागत, पुष्पवर्षा से गूंजा वातावरण
परिक्रमा मार्ग पर विभिन्न सामाजिक, धार्मिक एवं व्यापारिक संगठनों के साथ श्रद्धालुओं ने जगह-जगह स्वागत द्वार सजाकर पुष्पवर्षा की। श्रद्धालुओं के उत्साह, भक्ति और उमंग ने ऐसा वातावरण निर्मित किया कि मानो पूरा रामगंजमंडी श्रीकृष्ण की भक्ति में सराबोर हो गया हो।
महिलाओं की आस्था बनी प्रेरणा
नगर परिक्रमा में महिलाओं की सहभागिता विशेष आकर्षण का केंद्र रही। बड़ी संख्या में महिलाएं नंगे पांव भक्ति-भाव से परिक्रमा करती हुई कृष्ण भजनों पर नृत्य करती नजर आईं। उनकी अटूट श्रद्धा और समर्पण ने आयोजन को और भी भावपूर्ण बना दिया।
रिपोर्ट: अभिषेक जैन लुहाड़िया रामगंजमंडी की रिपोर्ट 9929747312

