भोजपुर विधायक सुरेंद्र पटवा ने आचार्य श्री समयसागर महाराज का लिया मंगल आशीर्वाद, भोपाल चातुर्मास को लेकर बढ़ा श्रद्धालुओं का उत्साह

धर्म

भोजपुर विधायक सुरेंद्र पटवा ने आचार्य श्री समयसागर महाराज का लिया मंगल आशीर्वाद, भोपाल चातुर्मास को लेकर बढ़ा श्रद्धालुओं का उत्साह

 

जीवदया, गौसेवा, संस्कारयुक्त शिक्षा और आध्यात्मिक मूल्यों पर हुई सार्थक चर्चा, भोपाल मंगल प्रवेश की तैयारियां तेज

 

मंडीदीप।

संत शिरोमणि, जन-जन के आराध्य, पूज्य पट्टाचार्य आचार्य श्री 108 समयसागर जी महाराज का 20 मुनिराज संघ सहित भोजपुर विधानसभा क्षेत्र में मंगल प्रवेश श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में संपन्न हुआ। शुक्रवार को मंडीदीप स्थित जैन मंदिर में उनके पावन सान्निध्य का लाभ लेने एवं वंदना-अगवानी के लिए भोजपुर विधायक सुरेंद्र पटवा पहुंचे, जहां उन्होंने आचार्य श्री का मंगल आशीर्वाद प्राप्त कर स्वयं को धन्य महसूस किया।

 

इस अवसर पर विधायक सुरेंद्र पटवा ने आचार्य श्री के चरणों में वंदन कर भोजपुर विधानसभा क्षेत्र, मध्यप्रदेश तथा समस्त देशवासियों के सुख, समृद्धि, शांति और समस्त जीवों के कल्याण की मंगलकामना की। मंदिर परिसर श्रद्धालुओं की उपस्थिति से भक्तिमय वातावरण में परिवर्तित हो गया।

 

आचार्य श्री के सान्निध्य में विधायक पटवा ने जीवदया, गौसेवा, संस्कारयुक्त शिक्षा तथा विद्यार्थियों में नैतिक एवं आध्यात्मिक मूल्यों के विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर आत्मीय चर्चा की। उन्होंने कहा कि आधुनिक शिक्षा के साथ संस्कार और आध्यात्मिक चेतना का समन्वय ही समाज को सशक्त और चरित्रवान बना सकता है।

 

आशीर्वाद प्राप्त करने के बाद विधायक सुरेंद्र पटवा ने कहा कि पूज्य आचार्य श्री का स्नेह, मार्गदर्शन और आशीर्वाद समाज के लिए सदैव प्रेरणास्रोत है। उनके पावन सान्निध्य से सेवा, सद्भाव, संस्कार और धर्म की भावना निरंतर सुदृढ़ होती रहे, यही उनकी मंगलकामना है।

उल्लेखनीय है कि पूज्य आचार्य श्री समयसागर महाराज का मंगल विहार वर्षायोग (चातुर्मास) हेतु मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल की ओर निरंतर अग्रसर है। आगामी दिनों में उनके भव्य मंगल प्रवेश को लेकर भोपाल में व्यापक स्तर पर तैयारियां चल रही हैं तथा श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह और उमंग का वातावरण बना हुआ है।

 

संकलन : अभिषेक जैन लुहाड़िया, रामगंजमंडी

मो. 9929747312

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *