नौगामा में उमड़ रही श्रद्धा की लहर: भगवान मुनिसुव्रतनाथ के दिव्य दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का तांता, समाजसेवी सुनील जैन का हुआ सम्मान

धर्म

नौगामा में उमड़ रही श्रद्धा की लहर: भगवान मुनिसुव्रतनाथ के दिव्य दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का तांता, समाजसेवी सुनील जैन का हुआ सम्मान

सुखोदय तीर्थ नसियाजी के निर्माणाधीन जिनालय में प्रतिमा विराजमान होने के बाद देशभर से पहुंच रहे श्रद्धालु, संध्या महाआरती में उमड़ी भक्तों की भीड़।

 

नौगामा, 14 जुलाई 2026।

सुखोदय तीर्थ नसियाजी के निर्माणाधीन जिनालय में भगवान 1008 मुनिसुव्रतनाथ भगवान की दिव्य प्रतिमा विराजमान होने के बाद नौगामा नगरी पूरी तरह भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गई है। प्रतिमा के दर्शन के लिए प्रतिदिन दूर-दूर से श्रद्धालुओं और यात्रियों का आगमन हो रहा है। पूरे क्षेत्र में उत्सव और हर्ष का माहौल बना हुआ है।

 

 

इसी क्रम में हरियाणा के गढ़ी क्षेत्र से आए समाजसेवी एवं कुशलगढ़ रोड निर्माण कार्य के कॉन्ट्रैक्टर सुनील जैन ने तीर्थ क्षेत्र पहुंचकर भगवान के दर्शन किए। उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि “इतने छोटे से गांव में इतने भव्य और विशाल जैन मंदिर देखकर मैं अभिभूत हूं। इस पावन तीर्थ पर भगवान के दर्शन करना मेरे जीवन का सौभाग्य है।”

इस अवसर पर नौगामा जैन समाज की ओर से समाजसेवी सुनील जैन तथा उनके साथ आए रामकुमार और संतोष शर्मा का पगड़ी, शॉल एवं दुपट्टा ओढ़ाकर आत्मीय सम्मान किया गया। सम्मान के उपरांत सुनील जैन ने कहा कि तीर्थ क्षेत्र के विकास हेतु उनके योग्य जो भी सेवा होगी, उसे वे सदैव करने का प्रयास करेंगे।

 

उल्लेखनीय है कि भगवान मुनिसुव्रतनाथ की प्रतिमा जब कलिंजरा नगर से नौगामा लाई जा रही थी, तब सुनील जैन ने अपनी मशीनरी के माध्यम से नौगामा तक संपूर्ण मार्ग को दुरुस्त करवाकर शोभायात्रा को सुगम बनाया था। इस सहयोग के लिए नौगामा जैन समाज ने उनका विशेष आभार व्यक्त किया।

 

संध्या बेला में भगवान की भव्य महाआरती का आयोजन हुआ। महाआरती का प्रथम सौभाग्य गांधी राजेश कुमार शांतिलाल को प्राप्त हुआ। जैन समाज अध्यक्ष विपुल पंचोरी ने पुण्यार्जक धनपाल पंचोरी (वर्धमान हॉस्पिटल), भरत पंचोरी, प्रदीप पिंडारमिया एवं चौधरी नंदन जैन सहित सभी सहयोगियों के प्रति समाज की ओर से आभार व्यक्त किया।

 

— जानकारी: सुरेशचंद्र गांधी, प्रवक्ता, जैन समाज नौगामा

संकलन: अभिषेक जैन लुहाड़िया, रामगंजमंडी 9929747312

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *