सुखोदय तीर्थ में भगवान मुनि सुव्रतनाथ की भव्य प्रतिमा स्थापना की तैयारियां तेज, आरके मार्बल के अशोक पाटनी को दिया गया विशेष निमंत्रण
नौगामा | 4 जुलाई 2026
सुखोदय तीर्थ नसियाजी स्थित नवनिर्मित जिनालय में भगवान मुनि सुव्रतनाथ की काले पाषाण से निर्मित दिव्य प्रतिमा की स्थापना को लेकर तैयारियां पूरे उत्साह और भव्यता के साथ जारी हैं। प्रतिमा की प्रतिष्ठा परम पूज्य मुनि श्री सुधा सागर जी महाराज के मंगल आशीर्वाद एवं प्रतिष्ठाचार्य सुयश प्रदीप भैया (अशोकनगर) के वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न होगी।
जानकारी के अनुसार, 12 जुलाई को तिलक संस्कार के उपरांत प्रतिमा को तीर्थ क्षेत्र की वेदी पर विशाल जैन समाज की गरिमामयी उपस्थिति में विराजमान कराया जाएगा। इस ऐतिहासिक आयोजन को लेकर संपूर्ण नौगामा नगरी को तोरण द्वारों, पंचरंगी ध्वजों और आकर्षक विद्युत सज्जा से सजाया जा रहा है। देशभर के जैन श्रद्धालुओं को आयोजन में शामिल होने के लिए निमंत्रण भेजे जा रहे हैं।
इसी क्रम में नौगामा जैन समाज के प्रतिनिधिमंडल ने आरके मार्बल, किशनगढ़ के भामाशाह एवं उद्योगपति अशोक पाटनी से भेंट कर उन्हें आयोजन में सपरिवार पधारने का आग्रह किया तथा निमंत्रण पत्र भेंट किया। श्री पाटनी ने आयोजन में शामिल होने का आश्वासन दिया। उनकी पावन गौरवमयी उपस्थिति इस ऐतिहासिक एवम पुण्यमयी आयोजन की गरिमा को और बढ़ाएगी।

समाज के वरिष्ठ सदस्य सुरेशचंद गांधी ने बताया कि सुखोदय तीर्थ को विशेष रूप से भव्य रूप दिया जा रहा है। आयोजन के लिए जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, उपखंड एवं तहसील प्रशासन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों को भी औपचारिक निमंत्रण दिए गए हैं।
इस अवसर पर एक विशाल एवं आकर्षक शोभायात्रा भी निकाली जाएगी, जिसमें सौधर्म इंद्र हाथी पर विराजमान रहेंगे। शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरेगी। मंगल कलश धारण किए महिलाएं एवं बालिकाएं शोभायात्रा की शोभा बढ़ाते हुए धार्मिक वातावरण को भक्तिमय बनाएंगी।
जैन समाज अध्यक्ष विपुल पंचोली ने बताया कि भगवान मुनि सुव्रतनाथ की प्रतिमा को परम पूज्य मुनि श्री सुधा सागर जी महाराज के सानिध्य में तिलकदान संस्कार के पश्चात नौगामा लाया जाएगा, जहां भव्य धार्मिक अनुष्ठानों के साथ प्रतिमा स्थापना संपन्न होगी।
सुरेशचंद गांधी नौगामा से प्राप्त जानकारी संकलन अभिषेक जैन लुहाड़िया रामगंजमंडी 9929747312

