12 जुलाई को नौगामा में होगा दिव्य इतिहास का साक्षात्कार, भगवान मुनि सुव्रतनाथ की 21 फीट ऊंची भव्य प्रतिमा का मंगल प्रवेश
सुखोदय तीर्थ में प्रतिष्ठा महोत्सव की तैयारियां जोरों पर, पूरे नगर को तोरण द्वारों व जैन धर्म ध्वजाओं से सजाया जाएगा
नौगामा।
धर्म, आस्था और भक्ति का अद्भुत संगम 12 जुलाई को नौगामा में देखने को मिलेगा, जब 1008 भगवान मुनि सुव्रतनाथ की काले पाषाण से निर्मित 15 फीट ऊंची पद्मासन प्रतिमा (कमल सहित कुल ऊंचाई 21 फीट) का भव्य मंगल प्रवेश सुखोदय तीर्थ स्थित नवीन जिनालय में होगा। यह ऐतिहासिक आयोजन परम पूज्य आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज की परंपरा के परम शिष्यों आचार्य श्री समयसागर जी महाराज एवं आचार्य श्री सुधासागर जी महाराज के मंगल आशीर्वाद तथा ब्रह्मचारी प्रदीप भैया सुयश (अशोकनगर) के सान्निध्य में संपन्न होगा।
प्रतिष्ठा महोत्सव को लेकर नौगामा नगर में उत्साह का वातावरण है। दिगंबर जैन समाज की बैठक में आयोजन को भव्य और ऐतिहासिक बनाने के लिए विस्तृत रूपरेखा तैयार की गई। पूरे नगर को आकर्षक तोरण द्वारों, धार्मिक सजावट एवं जैन धर्म ध्वजाओं से अलंकृत किया जाएगा। श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

दिगंबर जैन समाज के अध्यक्ष विपुल पंचोरी एवं नवयुवक मंडल अध्यक्ष मुकेश गांधी ने बताया कि इस पावन अवसर पर आसपास के अनेक गांवों एवं नगरों सहित दूर-दराज़ के श्रद्धालुओं को भी आमंत्रित किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक धर्मप्रेमी इस दुर्लभ एवं पुण्यदायी आयोजन के साक्षी बन सकें।
सुखोदय तीर्थ नसिया जी में इंदौर से समाजसेवी हंसमुख गांधी, राजेंद्र जैन, शरद जैन तथा सनावद से रत्नेश जैन का आगमन हुआ। हंसमुख गांधी ने देशभर के धर्मप्रेमी बंधुओं से इस ऐतिहासिक आयोजन में सपरिवार उपस्थित होकर पुण्य लाभ अर्जित करने का आग्रह किया।
प्रवक्ता सुरेशचंद्र गांधी से प्राप्त जानकारी संकलन अभिषेक जैन लुहाड़िया रामगंजमंडी 9929747312
