पूर्व केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी के पिच्छी को लेकर की गई कथित टिप्पणी पर विवाद लगातार गहराता जा रहा है।
मुजफ्फरनगर
मुजफ्फरनगर मे जैन धर्म के पवित्र प्रतीक पिच्छी को लेकर पूर्व केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी की कथित टिप्पणी पर विवाद लगातार गहराता जा रहा है। मुजफ्फरनगर में जैन समाज ने मेनका गांधी के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए उन्हें कानूनी नोटिस भेजा है और सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की है।
समाज ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि तय समय के भीतर माफी नहीं मांगी गई तो देशभर में चरणबद्ध आंदोलन शुरू किया जाएगा।
मुजफ्फरनगर के जैन अतिथि भवन में सर्वसमाज की बैठक आयोजित हुई, जिसमें मेनका गांधी के बयान की कड़ी निंदा करते हुए आंदोलन की रणनीति तय की गई। बैठक में पारित प्रस्ताव के अनुसार 30 जून को पूरे देश में सोशल मीडिया के माध्यम से जनजागरण अभियान चलाया जाएगा, जबकि 7 जुलाई को देशभर के जैन मंदिरों के बाहर सुबह 9 से 11 बजे तक शांतिपूर्ण मौन प्रदर्शन किया जाएगा।
इसके बाद राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग के नाम जिला प्रशासन के माध्यम से ज्ञापन भी भेजे जाएंगे।
