सज्जन पड़ोसी अगर गरीब भी मिले तो उसके लिए संपत्ति भी लगा दो : मुनिश्री सुधासागर महाराज
गुना
ऐतिहासिक पंच महाकल्याणक महोत्सव के समापन के बाद गुरुवार को निर्यापक श्रमण मुनिश्री 108सुधासागर महाराज ससंघ स्थानीय चौधरन कॉलोनी स्थित वासुपूज्य जिनालय पहुंचे। यहां पूजा-अर्चना के बाद आयोजित धर्मसभा में उन्होंने सज्जनता, मित्रता और सदाचार का महत्व बताते हुए कहा कि यदि कोई सज्जन पड़ोसी मिल जाए तो उसके लिए अपनी संपत्ति भी लगानी पड़े तो वह सौदा श्रेष्ठ है। वहीं अवसरवादी व्यक्ति चाहे सोने से भी तौल दे, उसका साथ कभी नहीं करना चाहिए।
मुनिश्री ने भगवान श्रीकृष्ण और सुदामा की मित्रता का उदाहरण देते हुए कहा कि सच्चे संबंध धन-दौलत से नहीं, बल्कि सद्भाव और संस्कारों से बनते हैं। श्रीकृष्ण ने अपने निर्धन मित्र सुदामा के चरण धोकर दुनिया को मित्रता और विनम्रता का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि सज्जन व्यक्ति चींटी तक के लिए झुक जाता है, जबकि दुर्जन व्यक्ति सामने कुछ और तथा पीछे कुछ और बोलता है। ऐसे लोगों से सदैव सावधान रहना चाहिए।

इससे पहले मुनिश्री ने भाग्योदय ज्ञान तीर्थ क्षेत्र से विहार कर एबी रोड स्थित छत्तरपुरिया स्टेट पहुंचकर निर्माणाधीन जिनालय का अवलोकन किया तथा निर्माण कार्य से जुड़े परिवारजनों को आवश्यक मार्गदर्शन दिया। इसके बाद वासुपूज्य जिनालय पहुंचकर धर्म प्रभावना के लिए प्रवचन दिए।

पूज्य मुनिसंघ का शुक्रवार को मंगल विहार नवनिर्मित शीतलनाथ जिनालय की ओर होगा, जहां उनके सानिध्य में भगवान शीतलनाथ का अभिषेक शांतिधारा संपन्न होगी।

सच्चा मित्र वही है जो परिस्थितियों से ऊपर उठकर संबंधों का सम्मान करे
धर्मसभा में मुनि श्री सुधासागर महाराज ने श्रीकृष्ण और सुदामा की मित्रता का उल्लेख करते हुए कहा कि जीवन में संबंधों का आधार धन नहीं, बल्कि भावना और संस्कार होने चाहिए। उन्होंने बताया कि एक ओर श्रीकृष्ण वैभव के शिखर पर थे तो दूसरी ओर सुदामा अत्यंत निर्धन थे, लेकिन दोनों की मित्रता में कभी दूरी नहीं आई। श्रीकृष्ण ने स्वयं सुदामा के चरण धोकर यह संदेश दिया कि सच्चा मित्र वही है जो परिस्थितियों से ऊपर उठकर संबंधों का सम्मान करे। ऐसे आदर्श आज भी समाज के लिए प्रेरणास्त्रोत हैं।
आज मुनि श्री ससंघ नवनिर्मित शीतलनाथ जिनालय पहुंचेंगे मुनिश्री
मुनि श्री सुधासागर ससंघ का शुक्रवार को चौधरन कॉलोनी से विहार होगा। वे न्यू सिटी कॉलोनी क्षेत्र में नवनिर्मित शीतलनाथ जिनालय पहुंचेंगे, जहां हाल ही में विराजमान हुई भगवान शीतलनाथ की प्रतिमा का अभिषेक एवं पूजन होगा।
इस जिनालय का निर्माण कॉलोनाइजर अखिलेश जैन एवं उनके परिवार द्वारा कराया गया है। जैन समाज के श्रद्धालुओं में इस कार्यक्रम को लेकर विशेष उत्साह देखा जा रहा है। बड़ी संख्या में धर्मावलंबियों के उपस्थित रहने की संभावना है तथा पूरे क्षेत्र में धार्मिक आयोजन की तैयारियां जारी हैं।
संकलन अभिषेक जैन लुहाड़िया रामगंजमंडी 9929747312
