गायत्री परिवार की युवा शाखा ‘दिया’ द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस पर वृक्षारोपण, शुरू हुआ “ग्रीन रामगंजमंडी मिशन”

राज्य

गायत्री परिवार की युवा शाखा ‘दिया’ द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस पर वृक्षारोपण, शुरू हुआ “ग्रीन रामगंजमंडी मिशन”

 

रामगंजमंडी।

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर रामगंजमंडी के गोवर्धनपुरा माताजी मंदिर परिसर में गायत्री परिवार की युवा शाखा दिया (डिवाइन इंडिया यूथ एसोसिएशन) द्वारा वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सामाजिक कार्यकर्ताओं, युवाओं एवं स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे।

 

 

इस अवसर पर संस्था द्वारा शहर को हराभरा बनाने के उद्देश्य से “ग्रीन रामगंजमंडी मिशन” की औपचारिक शुरुआत की गई। अभियान के प्रथम चरण में मंदिर परिसर में 11 पौधों का रोपण कर वर्ष 2026 के वृहद वृक्षारोपण अभियान का शुभारंभ किया गया।

 

दिया रामगंजमंडी के संयोजक आशीष पोरवाल एवं संस्था पदाधिकारियों ने बताया कि मिशन का उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि उनका संरक्षण एवं संवर्धन सुनिश्चित करना है। इसी उद्देश्य से “एक व्यक्ति–एक पौधा” तथा “एक परिवार–पाँच पौधे” जैसे जनजागरूकता अभियान चलाए जाएंगे, ताकि प्रत्येक वार्ड में वृक्षारोपण के साथ उनकी नियमित देखभाल भी सुनिश्चित हो सके।

Advertisement for Sudha Amrut mustard oil showing yellow background, mustard seeds, oil bottles and price/pack sizes; highlights 100% mustard oil and FSSAI mark.

कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और घटते हरित क्षेत्र को देखते हुए पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बन गया है। प्रत्येक नागरिक को पौधारोपण कर प्रकृति संरक्षण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए। वृक्ष न केवल पर्यावरण संतुलन बनाए रखते हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ हवा और बेहतर जीवन भी प्रदान करते हैं।

 

संस्था पदाधिकारियों ने कहा कि वृक्षारोपण की सफलता लगाए गए पौधों की संख्या से नहीं, बल्कि उनके जीवित रहने और विकसित होने से तय होती है। इसलिए ग्रीन रामगंजमंडी मिशन के अंतर्गत पौधों की सुरक्षा, नियमित सिंचाई, ट्री गार्ड व्यवस्था एवं जनसहभागिता पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

Banner promoting World Environment Day featuring a small tree held in cupped hands, with large green Hindi text 'विश्व पर्यावरण दिवस' and '5 जून' on the left, and a tray of snacks visible in the bottom right.

 

इस अवसर पर दिया के सदस्य खुशबू जैन, ऋषिता जैन, मनोरमा शर्मा, कीर्ति शर्मा, योगेन्द्र शर्मा, दिनेश खंडेलवाल, पंकज काला, सत्यदेव मीणा, राहुल वेद, राजेन्द्र रत्नावत, पवन गुप्ता, अजय गुप्ता, ललित गुप्ता, कमल वैष्णव, मनीष गुप्ता, जितेन्द्र कोड़िया, भूपेन्द्र जैन, विनोद मेहर, दीपेश गुप्ता, अजय डांगी, अभिषेक जैन सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। साथ ही लघु उद्योग भारती के अध्यक्ष हेमंत काला, सचिव सुरेश सोमानी, गोपाल गुप्ता, आशीष गुप्ता, राजेन्द्र फरक्या एवं अन्य गणमान्य नागरिकों ने भी सहभागिता निभाई। कार्यक्रम में माताजी समिति के अध्यक्ष नवीन धाकड़ की विशेष उपस्थिति रही।

 

कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित नागरिकों ने पर्यावरण संरक्षण एवं अधिकाधिक पौधारोपण का संकल्प लेते हुए रामगंजमंडी को स्वच्छ, हराभरा एवं पर्यावरण-अनुकूल शहर बनाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

    संकलन अभिषेक जैन लुहाड़िया रामगंजमंडी 9929747312

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *