गुना पंचकल्याणक महोत्सव से जुड़ी खबरतैयारियां तेज • 8 हजार वर्ग फीट की दो भोजनशाला भी बन रही, रोज 3 से 5 हजार लोगों का भोजन बनेगा36 हजार वर्ग फीट के पंडाल में होगा पंचकल्याणक का मुख्य आयोजन
गुना,
बीजी रोड स्थित नसिया में 16 से 22 जून के बीच होने वाले पंचकल्याण की तैयारियां तेजी से चल रही हैं। मुख्य समारोह और भोजनशाला के लिए विशाल पंडाल बनाए जा रहे हैं। इसके लिए झांसी के पास बबीना से कारीगरों को बुलाया गया है, जो वाटर प्रूफ व विशाल आकार के पंडाल बनाने के लिए प्रसिद्ध हैं।
मुख्य आयोजन के लिए निर्मित पंडाल का क्षेत्रफल 36 हजार वर्ग फीट का है। यह 360 फीट लंबा और 100 फीट चौड़ा है। इसमें 10 हजार से ज्यादा लोग एकत्रित हो सकेंगे। इसके अलावा दो भोजनशालाएं भी बन रही हैं, जिनका आकार 8 हजार वर्ग फीट के आसपास होगा।पंच कल्याणक के लिए पंडाल बनने लगे हैं।
लोगों के ठहरने के लिए बनेगी टेंट सिटी
इस कार्यक्रम के लिए बाहर से बड़ी संख्या में लोग आएंगे। ऐसे में उनके ठहरने का इंतजाम भी कार्यक्रम स्थल पर ही किया जाएगा। इसके लिए एक टेंट सिटी बनाई जाएगी। हालांकि कुछ लोग मुख्य कार्यक्रम के लिए बनाए जाने वाले पंडाल में भी रुक सकते हैं। अभी यह तय नहीं है कि लोगों को ठहराने के लिए कितने टेंट रूम बनाए जाएंगे। आने वाले दिनों में बाहर से आने वाले लोगों का अनुमान मिल जाएगा।
त्यागी वृत्तिः अलग भोजनशाला
बजरंगगढ़ जैन मंदिर समिति के एसके जैन ने बताया कि कार्यक्रम स्थल पर बन रही भोजनशालाओं में से एक में त्यागी वृत्ति श्रद्धालुओं के लिए ही भोजन बनेगा। इनका भोजन खास तरीके से तैयार होता है। उसमें कुंए या नलकूप के पानी का इस्तेमाल होता है। साथ ही मसाले आदि भी पहले से पीसे हुए नहीं होते। वहीं दूसरी भोजनशाला सभी अन्य लोगों के लिए होगी। इन भोजनशालाओं में प्रतिदिन 3 से 5 हजार लोगों के लिए भोजन तैयार होगा।
50 बीघा से ज्यादा इलाका सुरक्षित
इस आयोजन के लिए 50 बीघा से भी ज्यादा बड़े इलाके को सुरक्षित किया गया है। नसियाजी और उससे जुड़ी जमीन 14 बीघा है। इसमें कार्यक्रम व भोजनशालाएं व भोजनशालाएं होंगी। इसके अलावा चार निजी खेत भी कार्यक्रम के दौरान उपलब्ध रहेंगे। वहां लोगों के ठहरने का इंतजाम होगा साथ ही एक बाजार भी लगाया जाएगा। आयोजन समिति की ओर से कहा गया कि इस बाजार 40 के आसपास दुकान होंगे। दुकानदारों से किसी तरह की कोई राशि नहीं ली जाएगी।
संकलन अभिषेक जैन लुहाड़िया रामगंजमंडी 9929747312
