विद्याब्राह्मी कल्प का ऐतिहासिक अभियान: विदिशा में एक लाख से अधिक लोगों ने किया सेवन
विदिशा।
बसंत पंचमी का पावन पर्व भारतीय संस्कृति में ज्ञान की देवी माँ सरस्वती की आराधना का प्रतीक है। इसी पवित्र अवसर पर भारतीय चिकित्सा पद्धति आयुर्वेद के अनुसार बुद्धि व स्मरण शक्ति वर्धक “ब्राह्मी” के सेवन का विशेष महत्व है। इसी भावभूमि पर निर्यापक श्रमण मुनि श्री संभवसागर महाराज ने संत शिरोमणि आचार्य गुरुदेव श्री विद्यासागरजी महामुनिराज के द्वितीय समाधि दिवस की पूर्व बेला में आयोजित स्वर्ण प्राशन कार्यक्रम के द्वितीय चरण का शुभारंभ किया।
मुनि श्री ने अपने उद्बोधन में कहा कि ब्राह्मी ज्ञानवर्धक औषधि है, जिसका नियमित सेवन मनुष्य के बौद्धिक विकास में सहायक है। इस अवसर पर विदिशा नगर के समस्त चौराहों, शैक्षणिक संस्थानों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से “विद्याब्राह्मी कल्प” का व्यापक वितरण किया गया।


कार्यक्रम के मुख्य अतिथि स्थानीय विधायक मुकेश टंडन ने मुनि संघ के चरणों में नमोस्तु अर्पित करते हुए स्वयं को सौभाग्यशाली बताया कि उन्हें पूज्य आचार्य श्री विद्यासागरजी महाराज का आशीर्वाद प्राप्त हुआ। उन्होंने कहा कि पूर्व में शासन व्यवस्थाएँ पाश्चात्य अनुसरण पर आधारित थीं, किंतु आचार्य भगवन् के आशीर्वाद से बनी सरकार आज उनके द्वारा प्रारंभ किए गए सभी प्रकल्पों को पूर्ण सहयोग प्रदान कर रही है। स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग, व्यसनमुक्त समाज, कुटीर उद्योगों एवं गौशालाओं के विकास की दिशा में सरकार निरंतर प्रयासरत है। 


विधायक टंडन ने स्वयं विद्याब्राह्मी कल्प का सेवन कर उपस्थित जनसमूह को इसके लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम की जानकारी देते हुए प्रवक्ता अविनाश जैन ‘विद्यावाणी’ ने बताया कि विदिशा नगर के सभी 140 विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों एवं नगर के दस प्रमुख चौराहों पर टेंट लगाकर आमजन को विद्याब्राह्मी कल्प का सेवन कराया गया। लगभग एक लाख से अधिक लोगों को औषधि सेवन कराने का लक्ष्य रखा गया था, जिसे महिला मंडलों, मुनि सेवक संघ, समग्र पाठशाला समिति, विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाओं, विद्यालय प्रबंधकों, जिला प्रशासन, जिला शिक्षा अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के सहयोग से सफलतापूर्वक पूर्ण किया गया।
इस सेवा अभियान में संयोजक संजय सेठ, अध्यक्ष शैलेन्द्र चौधरी, महामंत्री प्रदीप जैन (LIC), अनिरुद्ध सराफ, डॉ. स्वातक जैन, डॉ. स्वप्निल जैन सहित सकल दिगंबर जैन समाज के सभी कार्यकर्ताओं ने सक्रिय सहभागिता निभाई। कार्यक्रम प्रातः 9 बजे से सायं 5 बजे तक निरंतर चला और मुनि श्री के आशीर्वाद से यह अभियान ऐतिहासिक रूप से सफल रहा।
संकलन अभिषेक जैन लुहाड़िया रामगंजमंडी 9929747312

