संस्कार, शिक्षा और प्रेरणा का संगम – राष्ट्रीय यंग जैना अवार्ड 2025राष्ट्रीय यंग जैना अवार्ड 3 – 5 अक्टूबर को पदमपुरा जयपुर में, देशभर के जैन मेधावी युवाओं का होगा सम्मान_
जयपुर,
पूज्य आचार्य श्री विद्यासागर जी के परम आशीर्वाद एवं पूज्य मुनिश्री क्षमासागर जी महाराज की प्रेरणा से मैत्री समूह द्वारा प्रतिवर्ष आयोजित राष्ट्रीय यंग जैना अवार्ड इस वर्ष 3-5 अक्टूबर 2025 को पदमपुरा, जयपुर (राजस्थान) में पूरे उत्साह और गरिमा के साथ संपन्न होगा। इस समारोह में देशभर के मेधावी जैन युवाओं को सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि वरिष्ठ समाजसेवी एवं शिक्षाविद श्रीमती कुसुम जैन (जयपुर) तथा प्रख्यात चिकित्सक डॉ. रत्ना जैन (कोटा) होंगी। यह आयोजन जैन समाज की युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने तथा उनमें सेवा, साधना और संस्कार के भाव को जागृत करने का एक प्रेरणादायी मंच सिद्ध होगा।
वर्ष 2025 में कक्षा 10 में 85 प्रतिशत, कक्षा 12 साइंस में 80 प्रतिशत तथा आर्ट और कॉमर्स में 75 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले एवं विभिन्न प्रशासनिक परीक्षाओं में सफल जैन छात्रों से प्रविष्टियाँ आमंत्रित की गई थीं। इनमें से सर्वोच्च अंक प्राप्त लगभग 1800 प्रविष्टियां प्राप्त हुईं, जिसमें मेरिट के आधार पर 250 प्रतिभाओं और अन्य विशिष्ट प्रतिभाओं को समारोह में आत्मीयता के साथ सम्मानित किया जाएगा।
डॉ. सुजश मारौरा के अनुसार मैत्री समूह द्वारा देशभर के जैन छात्र-छात्राओं का शिक्षा के क्षेत्र में विशिष्ट योगदान और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित करने के लिए प्रतिवर्ष विभिन्न शहरों में भव्य समारोह आयोजित किए जाते हैं। यह आयोजन न केवल छात्रों की मेहनत और सफलता का उत्सव है, बल्कि यह पूरे समाज में शिक्षा और नैतिक मूल्यों के महत्व को भी उजागर करता है।
तीन दिवसीय कार्यक्रम :
*3 अक्टूबर :* तीन दिवसीय प्रतिभा सम्मान समारोह का भव्य शुभारंभ 3 अक्टूबर 2025 को विगत 25 वर्षों के पूर्व अवार्डी एवं वालंटियर्स के साथ एक भावपूर्ण ‘गेट-टुगेदर’ का आयोजन के साथ होगा, जहाँ सभी प्रतिभागी अपने संस्मरणों और अद्वितीय उपलब्धियों की जीवंत झलकियाँ साझा करेंगे, उनके यह अनुभव युवा पीढ़ी के लिए मार्गदर्शक सिद्ध होगी। दोपहर में ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी के श्री यशवीर सिंह और अहिंसाग्राम के संस्थापक एवं NVC कोच श्री शम्मी नन्दा अपने प्रेरक विचारों से सभी प्रतिभाओं को ऊर्जा और उत्साह से भरेंगे।
4 अक्टूबर :* द्वितीय दिवस को आयोजित प्रात: 8 बजे से देश के कोने-कोने से आईं मेधावी प्रतिभाओं का पंजीयन, भावभीना स्वागत और ध्वजारोहण के साथ सत्कार किया जाएगा। इसके पश्चात् देश के प्रख्यात मोटिवेशनल स्पीकर श्री एस. पी. जैन भारिल्ल, शलीन जैन, BARC के साइंटिफिक ऑफिसर, श्रीमती प्रगति जैन, श्री रोहित जैन एवं अन्य विशेषज्ञ, प्रतिभाओं को उनके उज्ज्वल भविष्य की दिशा में मार्गदर्शन और कैरियर काउंसलिंग प्रदान कर, उन्हें सफलता की नई ऊँचाइयों की ओर प्रेरित करेंगे।
5 अक्टूबर : समारोह के अंतिम दिवस कार्यक्रम की शुरुआत प्रात: 6:30 बजे से योगा, पूजन और प्रवचन से होगी। इसके बाद श्री प्रशांत जैन, EX. CIO HDFC Mutual Fund, प्रतिभाओं को जीवन के लिए प्रेरक “लाइफ मंत्र” पर अपना उद्बोधन देंगे। दोपहर 1 बजे से आयोजित सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि जानी मानी समाजसेविका एवं वरिष्ठ शिक्षाविद श्रीमती कुसुम जैन तथा प्रख्यात समाजसेविका, कोटा के प्रतिष्ठित मैत्री हॉस्पिटल की डायरेक्टर एवं पूर्व मेयर श्रीमती रत्ना जैन प्रतिभाओं का आत्मीय सम्मान करेंगी।
राष्ट्रीय यंग जैना अवार्ड शिक्षा, संस्कार और प्रेरणा का अद्वितीय संगम है जो देशभर के जैन युवाओं में आत्मविश्वास, नैतिकता और समर्पण की भावना जागृत करता है। ज्ञातव्य है कि सन 2001 में शिवपुरी से शुरू हुए ‘यंग जैन अवार्ड’ में देशभर की विशिष्ट जैन प्रतिभाओं का सम्मान तीन दिवसीय भव्य और गरिमामय समारोह के अंतर्गत अत्यंत प्रबंधकीय कौशल और अनुशासन के साथ किया जाता है। इस आयोजन में विभिन्न विषयों के देश के जाने माने करियर काउंसलर एवं मनीषी प्रतिभागियों को सारगर्भित और उपयोगी मार्गदर्शन प्रदान करते हैं। इस वर्ष इस ऐतिहासिक कार्यक्रम का 25वां वर्ष है, जो इसकी लंबी परंपरा और महत्व का प्रमाण है।
संकलित जानकारी के साथ अभिषेक जैन लुहाड़िया रामगंजमंडी की रिपोर्ट 9929747312






