चरण स्पर्श कब, क्यों और कैसे -राहुल कपूर जैन जैसवाल जैन प्रतिभा सम्मान में बच्चों का हुआ बहुमान
दिल्ली
हमें संतो, महापुरुषों, बुजुर्गों एवम माता पिता के चरण स्पर्श अति आवश्यक रूप से करना चाहिए ।चरण स्पर्श करते समय दाहिने हाथ से सामने वाले के दाहिने पैर के अंगूठे को स्पर्श करना चाहिए और जब तक सामने वाला आपको आशीर्वाद न दे दे तब तक हटना नहीं चाहिए ।
मनुष्य के दाहिने हाथ व पैर से सकारात्मक ऊर्जा प्रवाहित होती है । स्वर्ग और कहीं नहीं हैं, असली स्वर्ग तो माता पिता के चरणों में ही है । हमें उनका उपकार कभी भूलना नहीं चाहिए । उक्त उद्बोधन विश्व प्रसिद्ध मोटिवेशनल स्पीकर श्री राहुल कपूर जैन ने न्यास परिवार द्वारा आयोजित प्रतिभा सम्मान एवम क्षमावाणी महोत्सव पर बच्चों व उपस्थित जन समुदाय को संबोधित करते हुए व्यक्त किए ।

कार्यक्रम के राष्ट्रीय संयोजक रविंद्र जैन जमूसर भोपाल, रूपेश जैन दिल्ली, सुरेश जैन दिल्ली द्वारा प्रदत्त जानकारी के अनुसार अखिल भारतीय श्री दिगंबर जैसवाल जैन उपरोचिया सेवा न्यास द्वारा आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में 400 से अधिक प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया । सभी बच्चों को एक विशेष परिधान में मंच पर बुलाया गया और उन्हें स्मृति चिन्ह, प्रशस्ति पत्र, बैग, चांदी का पदक, पैन सहित अन्य सामग्री देकर समाज के श्रेष्ठिवर्ग द्वारा सम्मानित किया गया ।

श्रेष्ठ 10 स्वर्णिम प्रतिभाओं में से तीन प्रतिभाओं शुभम देवेंद्र जैन शिवपुरी, डॉ.आयुष सुनील जैन अजमेर, हितांशी मनीष जैन मुनीरिका दिल्ली को लैपटॉप व स्वर्ण पदक एवम अन्य 7 प्रतिभाओं को स्वर्ण पदक प्रदानकर न्यास के अध्यक्ष प्रदीप जैन पी एन सी, महामंत्री सीए कमलेश जैन, आगरा के पूर्व महापौर नवीन जैन, पवन जैन बिड़ला अजमेर, आलोक जैन बैंगलोर ने सम्मानित किया ।


कार्यक्रम के मुख्य संयोजक सुदीप जैन मिढेला गुरुग्राम, सुदर्शन जैन बंटू मधुवन ने जानकारी देते हुए बताया कि जैसवाल जैन समाज के इतिहास में प्रथमवार दिल्ली एनसीआर जैन समाज का क्षमावाणी महोत्सव एवम अखिल जैसवाल जैन उपरोचियां सेवा न्यास परिवार का प्रतिभा सम्मान का आयोजन संयुक्त रूप से सिरी फोर्ट ऑडिटोरियम दिल्ली में 08 अक्टूबर को किया गया । उक्त कार्यक्रम में सम्पूर्ण भारतवर्ष से हजारों हजारों की संख्या में प्रतिभाशाली बच्चों के साथ अभिभावकगण, माता बहिनें एवम श्रेष्ठिबर्ग सम्मिलित हुआ । उक्त महोत्सव में मध्यप्रदेश के पुलिस महानिदेशक पद से सेवानिवृत पवन जैन राजाखेड़ा एवम प्रधान संपादक जगदीश चंद जैन आगरा को समाज रत्न की उपाधि प्रदान कर सम्मानित किया गया ।
प्रतिभा सम्मान समारोह 2024 का आयोजन अजमेर में होगा की घोषणा पवन जैन बिड़ला ने सुनील जैन ढिलवारी, श्रैयांस जैन सन्नी एवम अपनी टीम के साथ की ।
उक्त महोत्सव में श्रीमती नीरू जैन शकरपुर दिल्ली के कुशल मंच संचालन में समाज रत्न सम्मान, बुजुर्गों का सम्मान, स्वर्णिम संस्थाओं का सम्मान, क्षमावाणी मिलन, काउंसलर रीतेश जैन गाजियाबाद द्वारा काउंसिलिंग जैसे अनेकों कार्यक्रम हुए ।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में कर्नाटक मूलबद्रि के प्रथम मरूर, रितिका सुरेश जैन दिल्ली, श्रेयांस जैन, रितिका रीतेश जैन जोधपुर, सीए अजय जैन कोटा आदि ने मनमोहक प्रस्तुति से सभी का मन मोह लिया ।
श्री मनोज जैन नायक ने बताया कि अखिल भारतीय श्री दिगम्बर जैसवाल जैन सेवा न्यास के सम्पूर्ण भारतवर्ष से पधारे हुए सभी न्यासियों ने एवम दिल्ली की सभी संस्थाओं ने उक्त कार्यक्रम में बढ़चढ़कर भाग लेकर इस आयोजन को सफल बनाने में अपना योगदान दिया ।
संकलन अभिषेक जैन लुहाड़िया रामगंजमंडी
