आचार्य सुनील सागर महाराज ने पत्रकार वार्ता में लिव इन रिलेशनशिप,धर्मांतरण, समान नागरिक संहिता जैन श्रमण संस्कृति बोर्ड सहित अन्य विषयों पर रखी विस्तृत राय
नई दिल्ली
ऋषभ विहार दिल्ली में विराजमान आचार्य श्री सुनील सागर महाराज ने पत्रकारों के प्रश्नों के जवाब दिए उन्होंने
लिव इन रिलेशनशिप,धर्मांतरण, समान नागरिक संहिता जैन श्रमण संस्कृति बोर्ड सहित अन्य विषयों पर विस्तृत राय रखी।
पूज्य आचार्य श्री ने कहा की भारतीय संस्कृति व सभ्यता में लिव इन रिलेशनशिप रिश्ते की मान्यता नहीं है। बिना किसी से विवाह किए हुए कोई महिला किसी पुरुष के साथ वैवाहिक जीवन व्यतीत करती है तो वह अमाननीय है।

उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा की लिव इन तो रिश्ता है ही नही ये तो पूर्णतया अवैध है। सरकार को अपनी राय देते हुए कहा की भारत सरकार को ऐसे रिश्तों को अवैध करार देते हुए, समर्थन में बनाए जा रहे कानून को रद्द कर देना चाहिए।
उन्होंने बहुत ही मार्मिक और कटाक्ष करते हुए कहा की युवा होने का मतलब यह नहीं कि आप अपनी मर्जी से अपने मां-बाप को ठुकरा कर, उनके अरमानों पर पानी फेर कर कोई भी निर्णय लेले। मां-बाप का घर कोई धर्मशाला नहीं है जहां आप अपनी मर्जी से रुकते हैं और चले जाते हैं। औलाद के जीवन में एवं निर्णय लेने में मां-बाप की भूमिका होनी चाहिए और यही भारतीय संस्कृति है।
उक्त कथन बड़ी दृढ़ता के साथ परम पूज्य आचार्य श्री सुनील सागर महाराज ने ऋषभ विहार दिल्ली में आयोजित पत्रकार सम्मेलन में जैन पत्रकार महासंघ के राष्ट्रीय सांस्कृतिक मंत्री संजय जैन बड़जात्या कामां के प्रश्न का जवाब देते हुए व्यक्त किये। सांध्य महालक्ष्मी के संपादक शरद जैन, प्रवीण जैन, राजस्थान पत्रिका के प्रदीप जैन, राष्ट्रीय अंतरराष्ट्रीय पत्रकार शोभना जैन,अनुपमा जैन, बुद्धि प्रकाश सहित स्थानीय समाचार पत्रों के पत्रकारों ने अनेको सवाल आचार्य श्री से किये जिनके जवाब देकर आचार्य श्री सुनील सागर महाराज ने सटीक एवम स्पष्ट रूप से कहा कि जब सारे सबूत सामने हो तो कोर्ट को या पुलिस प्रशासन को बिना समय गवाएं अपराधी को सजा देनी चाहिए।श्रद्धा, साक्षी,सरस्वती का जिक्र करते हुए कहा ऐसे मामलों में तुरंत निर्णय आने चाहिए।
सन्तान विदेश में अभिभावक देश मे
अभिभावकों को चेतावनी देते हुए कहा कि जब अपने बच्चे को प्रारंभिक शिक्षा हेतु बोर्डिंग स्कूल और उच्च शिक्षा हेतु हॉस्टल में एवं विदेश में शिक्षण हेतु भेजते हो और फिर वह विदेश में ही जाकर नौकरी करने लग जाता है तो फिर ऐसी संतान से अंतिम समय में आकर संस्कार में शामिल होने की उम्मीद ना करें। क्योंकि गलती अभिभावकों की है, उन्होंने कैरियर बनाने के चक्कर में अपनी संतान को संस्कार नहीं दिए और यह जिम्मेदारी अभिभावकों की है। जब किसी संतान को अपने माता-पिता का सानिध्य, वात्सल्य प्राप्त नहीं होगा तो उस संतान के मन में अपने अभिभावकों के प्रति भी कोई सम्मान नहीं होगा इसलिए समय रहते चेत जाओ। इसी के साथ उन्होंने कहा प्रत्येक राज्य में जैन श्रमण संस्कृति बोर्ड का गठन होना चाहिए आचार्य श्री ने कहा कि राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के समक्ष यह बात स्पष्ट रूप से रखी गई थी। इस दिशा में सभी को सकारात्मक प्रयास करने चाहिए।
बढ़ रहे धर्मांतरण विषय पर जवाब देते हुए आचार्य श्री ने कहा कि धर्म परिवर्तन नहीं व्यक्ति का हृदय परिवर्तन जरूरी है किसी भी लोभ, लालच या अन्य तरीके से धर्मांतरण नहीं करना चाहिए और इस पर भारत सरकार को कठोर कानून बनाना चाहिए। पत्रकारों के अनेक विषयों यथा दिगंबरत्व, समान नागरिक संहिता कानून,सहिष्णुता, अनेकांतवाद,लव जिहाद विषयो पर खुलकर जबाव दिए। संथारा जैसे विषयों पर बोलते हुए कहा की दो लाइन में कोर्ट को निर्णय कर देना चाहिए यदि वह ना कर सके तो हम जैसे संतों को बुलाना चाहिए कि यह धर्म का विषय है इसमें कोई रोक नहीं लगाई जा सकती। मोर पंख से बनी पिच्छि पर रोक लगाने की चल रही कवायद पर सख्त लहजे में कहा कि कोई इस पर रोक नहीं लगा सकता। यह तो दिगम्बर संतों की साधना का उपकरण है। भारत सरकार के मंत्री राजनाथ सिंह का जिक्र करते हुए कहा कि श्रावकों ने उन्हें अनेकों उपहार दिए जिनको उन्होंने अपने पीए को पकड़ा दिया।किंतु पिच्छि से मोर पंख दिया गया तो उन्होंने कहा कि गुरुदेव यही मेरे लिए सबसे अधिक सम्मानजनक है। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित पत्रकारों का ऋषभदेव मंदिर समिति दिल्ली द्वारा सम्मान किया गया व आचार्य श्री ने आशीर्वाद स्वरुप शास्त्र प्रदान किए।
संकलित अभिषेक जैन लुहाड़िया रामगंजमंडी
