सम्मेद शिखर तीर्थ पर 800 विद्यार्थियों के अध्ययन हेतु विद्यालय निर्माण को लेकर पहल शुरू निशुल्क होगी शिक्षा
पारसनाथ।
पूज्य गुरुदेव प्रमाण सागर महाराज ने शिक्षा के क्षेत्र में एक अहम पहल को आगे बढ़ाया है इस हेतु पीराटांई के क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए प्लस टू तक शिक्षण संस्थान खोलने का निर्णय लिया है।
पूज्यश्री ने कहा कि अगर जिला प्रशासन मदद करेगा तो यह विद्यालय 1 साल में बनकर तैयार हो जाएगा। सम्मेद शिखर तीर्थ के गुणायतन परिसर में विराजित विश्व वंदनीय आचार्य श्री विद्यासागर महाराज के शिष्य पूज्य श्री प्रमाण सागर महाराज की आशीष लेने सदर के विधायक सुदिव्य कुमार सोनू और मुनिश्री के मध्य में क्षेत्र की शिक्षा व्यवस्था पर काफी लंबी चर्चा हुई।
इस पर मुनि श्री ने कहा कि पारसनाथ क्षेत्र में गुणायतन एक उच्च श्रेणी की शिक्षण संस्थान स्थापित करना चाहता है जो सीबीएसई बोर्ड से नर्सरी से लेकर प्लस टू तक संचालित होगा। पीराटांई व मधुबन में हाल में एक भी स्कूल नहीं है। अगर कुछ है तो वह काफी महंगे हैं। जो साधारण परिवार के लोगों की पहुंच से काफी दूर है। इसीलिए गुणायतन स्थानीय बच्चों के लिए एक अच्छा स्कूल इस इलाके में देने को तैयार है। जिला प्रशासन सिर्फ भूमि उपलब्ध कराएं।
मुनि श्री की हरी झंडी मिलने के साथ ही विधायक महोदय ने स्थानीय बीड़ीओ व सीओ के साथ मधुबन मोड़ पर स्थित करीब 15 एकड़ जमीन जो विद्यालय के लिए सबसे उपयुक्त हो सकती है को चिन्हित किया। इस पर पीराटांई के अंचलाधिकारी, बीड़ीओ, व गुणायतन न्यास ट्रस्ट की भूमि का निरीक्षण करने मधुबन मोड पहुंचे जहां स्थल चयन कर लिया गया है।
जानकारी साझा करते हुए सीओ ने इससे बेहतर जमीन मधुबन के आसपास नहीं मिल सकती है। गिरिडीह डुमरी मुख्य मार्ग के मधुबन मोड़ पर स्थित यह सरकारी जमीन है, जिसकी कागजी प्रक्रिया को शुरू कर दिया गया है।
50% सिर्फ पीराटांई के तथा 25% गिरिडीह के बच्चों का होगा दाखिला विधायक
इस पर जानकारी देते हुए विधायक ने कहा कि मुनि श्री के




आशीर्वाद से 800 बच्चों की क्षमता वाले उच्च गुणवत्ता के शिक्षण संस्थान का शिलान्यास जल्द ही पीराटांई प्रखंड में होगा। इसमें 50 फ़ीसदी सिर्फ पीराटांई के विद्यार्थी होंगे। एवं 25फीसदी अन्य जिले के बच्चे होंगे। उन्होंने कहा कि विद्यालय के संपूर्ण व्यवस्था निशुल्क होगी साथ ही मेधावी छात्र छात्राओं को आगे की पढ़ाई के लिए छात्रवृत्ति दी जाएगी जो उत्कृष्ट होंगे। संस्थान के ट्रस्ट मंडल ऐसे मेघावी छात्र-छात्राओं की सूची तैयार करेगा। उसके अनुसार उसके आगे की भविष्य के लिए कहां उसकी पढ़ाई पूरी करवानी है यह संस्थान तय करेगा।
संकलन अभिषेक जैन लुहाड़िया रामगंजमंडी
