साथ लेकर जाने वाला सामान ज्यादा है या छोड़कर जाने वाला… संतों का समागम पुण्य से मिलता है : अंतर्मना आचार्य प्रसन्न सागर जी
परिवार पूछेगा पास में क्या है, भगवान पूछेंगे साथ में क्या है – इस अंतर को समझना जरूरी
29 को भव्य पिच्छिका परिवर्तन समारोह आयोजित होगा
सोनकच्छ। परिवार आपसे पूछेगा कि आपके पास क्या है, जबकि भगवान आपसे पूछेंगे कि आप अपने साथ क्या लेकर आए हैं और क्या लेकर जाएंगे। इन दोनों सवालों के अंतर को समझना ही जीवन की वास्तविक सार्थकता है। मैं आपसे पूछता हूं कि आपके जीवन में साथ लेकर जाने वाला सामान ज्यादा है या छोड़कर जाने वाला? धन, संपत्ति, वैभव और ऐश्वर्य सब यहीं रह जाने वाला है। मनुष्य के साथ यदि कुछ जाएगा तो वह उसके पुण्य कर्म, धर्म, ध्यान और सत्कर्म ही होंगे।
यह प्रेरक विचार बुधवार को गुरुभक्ति के दौरान अंतर्मना आचार्य श्री 108 प्रसन्न सागर जी महाराज ने उपस्थित श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि प्रभु के दर्शन और संतों का समागम धन से नहीं, बल्कि पुण्य और सौभाग्य से प्राप्त होता है। पुण्य कार्यों में पैसा सहभागी अवश्य बन सकता है, लेकिन भाग्य में नहीं होगा तो धन भी किसी काम नहीं आएगा। इसलिए मनुष्य को अपने जीवन में धन-संपत्ति जुटाने के साथ-साथ पुण्य की पूंजी भी अर्जित करनी चाहिए। संसार की संपत्ति यहीं रह जाएगी, लेकिन धर्म और कर्म ही आत्मा के साथ जाएंगे।
29 नवंबर को होगा भव्य पिच्छिका परिवर्तन समारोह
प्रवक्ता रोमिल जैन ने बताया कि आगामी 29 नवंबर को गणाचार्य श्री पुष्पदंत सागर जी महाराज के सानिध्य में पुष्पगिरी तीर्थ स्थित पद्मश्री माताजी सभागृह में भव्य धार्मिक आयोजन होगा। पट्ट विभूषण अंतर्मना आचार्य श्री 108 प्रसन्न सागर जी महाराज के निर्देशन में दोपहर 1 बजे से पिच्छिका परिवर्तन, संघपति प्रतिष्ठापन एवं विमोचन समारोह आयोजित किया जाएगा।
इस अवसर पर सौभाग्यशाली श्रावक श्रेष्ठियों को संतों की पिच्छिका प्राप्त करने का पुण्य अवसर मिलेगा। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह का वातावरण है। वही अष्टानिका पर्व के सम्पन्न होने पर अंतर्मना संघ के 8 उपवास की साधना करने वाले संतों में गुरुदेव का चरण प्रक्षालन कर उनका आशीष लिया। इस अवसर ओर भक्तों ने गुरुभक्ति में आचार्य श्री की आरती कर पुण्यार्जन किया। ऐसी जानकारी प्रचार प्रसार संयोजक रोमिल पाटणी सोनकच्छ नरेंद्र अजमेरा पियुष कासलीवाल औरंगाबाद ने दी है
