आचार्य श्री वर्धमान सागर जी महाराज की मीडिया वार्ता में विद्यार्थियों को शिक्षा, संस्कार और पुरुषार्थ पर दिया मार्गदर्शन

धर्म

आचार्य श्री वर्धमान सागर जी महाराज की मीडिया वार्ता में विद्यार्थियों को शिक्षा, संस्कार और पुरुषार्थ पर दिया मार्गदर्शन

कर्म और पुरुषार्थ के समन्वय से जीवन में सफलता संभव : आचार्य श्री

सीकर। धर्मनगरी सीकर में वात्सल्य वारिधि पंचम पट्टाधीश आचार्य श्री 108 वर्धमान सागर जी महाराज संघ सहित विराजमान हैं। आचार्य संघ के सान्निध्य में प्रतिदिन अनेक धार्मिक, सामाजिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित हो रहे हैं।

27 नवंबर को संघ सान्निध्य में मुनि श्री ध्येय सागर जी का केशलोचन, दोपहर में पत्रकार वार्ता, सहस्रनाम मंडल विधान की पूजन, सीकर के गुरुजी श्री धर्मचंद शास्त्री को धर्मश्रुत वारिधि उपाधि से अलंकृत करना तथा कुमारी मेघा राजेश बड़जात्या द्वारा लिखित पुस्तक का विमोचन सहित अनेक कार्यक्रम आयोजित हुए।

पत्रकार वार्ता में विद्यार्थियों और युवाओं के विषय पर बोले आचार्य श्री

दोपहर में आचार्य श्री वर्धमान सागर जी महाराज के सान्निध्य में मीडिया प्रतिनिधियों के साथ विशेष पत्रकार वार्ता आयोजित हुई। इस दौरान पत्रकारों द्वारा वर्तमान सामाजिक परिस्थितियों, विद्यार्थियों एवं युवाओं से जुड़े विभिन्न विषयों पर पूछे गए प्रश्नों का आचार्य श्री ने मार्गदर्शन प्रदान किया।

आचार्य श्री ने विद्यार्थियों की वर्तमान स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि आज विद्यार्थी अध्याय में नहीं लगे हुए हैं। उनका ध्यान पढ़ाई से हटकर नशे, आत्महत्या जैसी प्रवृत्तियों और अन्य नकारात्मक गतिविधियों की ओर जा रहा है। यदि विद्यार्थी का एकमात्र लक्ष्य यह हो कि “हमें केवल पढ़ना है”, तो जीवन की अनेक अनावश्यक चीजों से वह स्वयं दूर हो सकता है। विद्यार्थियों को अपनी शिक्षा, लक्ष्य और भविष्य के निर्माण पर एकाग्र होकर ध्यान देना चाहिए।

आचार्य श्री ने कर्म और पुरुषार्थ के संबंध को समझाते हुए कहा कि दोनों जीवन में साथ-साथ काम करते हैं। अच्छे कर्मों के फलस्वरूप व्यक्ति को अच्छा परिवार, अच्छा घर और अनुकूल परिस्थितियां प्राप्त हो सकती हैं, लेकिन उन परिस्थितियों को बनाए रखने के लिए पुरुषार्थ आवश्यक है। कर्म से प्राप्त परिस्थितियों को संभालना और उन्हें बेहतर बनाना पुरुषार्थ से ही संभव है।

ईर्ष्या और कषाय के विषय में आचार्य श्री ने कहा कि क्रोध, मान, माया और लोभ जैसे कषाय मनुष्य के जीवन को अशांत बनाते हैं। ईर्ष्या व्यक्ति को अपनी प्रगति से हटाकर दूसरों से तुलना में उलझा देती है। व्यक्ति को इन भावों पर नियंत्रण रखते हुए आत्मचिंतन, संयम और सकारात्मक विचारों की ओर बढ़ना चाहिए।

आचार्य श्री ने युवाओं के साइबर अपराध जैसी गतिविधियों में शामिल होने पर भी चिंता व्यक्त की। अतिरिक्त धन कमाने और शीघ्र लाभ प्राप्त करने की चाह में युवा गलत रास्तों की ओर आकर्षित हो रहे हैं। उन्होंने युवाओं को ऐसे प्रलोभनों से बचकर शिक्षा, संस्कार, चरित्र निर्माण और सकारात्मक पुरुषार्थ की दिशा में आगे बढ़ने का संदेश दिया।

36 फीट की विशालकाय मोरपंख पिच्छिका बनी आकर्षण का केंद्र

सीकर में आयोजित पिच्छिका परिवर्तन महोत्सव के अंतर्गत आचार्य श्री की प्रेरणा एवं मार्गदर्शन में तैयार की गई विशालकाय मोरपंख पिच्छिका भी विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।

पारंपरिक जैन पिच्छिका के स्वरूप में तैयार की गई यह पिच्छिका एक विशाल इन्फ्लेटेबल फाइबर बैलून से निर्मित है। इसकी लंबाई 36 फीट, चौड़ाई 22 फीट तथा मोटाई 2 फीट है। इस अनूठी विशालकाय पिच्छिका को Asia Book of Records एवं Oxford Book of World Records के रिकॉर्ड हेतु प्रस्तुत किया गया है।

इस ऐतिहासिक पिच्छिका के पुण्यार्जक पवन कुमार जी मोदी परिवार हैं तथा इसके पिच्छिका निर्माता सुनील राजमल जावेरी परिवार, मुंबई हैं। विशालकाय पिच्छिका का निर्माण धर्म वात्सल्य वर्षायोग समिति, सीकर के सहयोग से किया गया।

गुरुजी धर्मचंद शास्त्री को ‘धर्मश्रुत वारिधि’ उपाधि से अलंकृत किया
गुरुभक्त डा राजेश पंचोलिया इंदौर ने बताया कि आचार्य संघ के सान्निध्य में गुरुजी धर्मचंद शास्त्री, सीकर को धर्म की विशेष आराधना एवं सेवा के लिए सीकर जैन समाज की ओर से ‘धर्मश्रुत वारिधि’ उपाधि से अलंकृत किया गया। इस अवसर पर उनका तिलक, माला, पगड़ी, प्रतीक चिन्ह एवं अभिनंदन पत्र प्रदान कर सम्मान किया गया।

बाल ब्रह्मचारिणी मेघा की पुस्तक का विमोचन

आचार्य श्री वर्धमान सागर जी महाराज के करकमलों से 27 वर्षीय बाल ब्रह्मचारिणी मेघा राजेश बड़जात्या, सीकर द्वारा लिखित पुस्तक का विमोचन किया गया। पुस्तक के माध्यम से जैन दर्शन एवं जीवन मूल्यों से जुड़े विषयों को सरल रूप में प्रस्तुत किया गया है।

मुनि श्री ध्येय सागर जी का केशलोचन

आचार्य संघ के सान्निध्य में संघस्थ मुनि श्री ध्येय सागर जी ने केशलोचन किया। इस धार्मिक प्रक्रिया के दौरान श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव के साथ उपस्थित होकर साधु जीवन की तपस्या एवं संयम के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की।

सहस्रनाम मंडल विधान की पूजन

दोपहर में मुनि श्री प्रभास सागर जी की समाधि साधना के अवसर पर श्रीमती बसंती देवी एवं विकास पाटनी परिवार, जयपुर द्वारा सहस्रनाम मंडल विधान की पूजन आचार्य श्री संघ के सान्निध्य में की गई।

आचार्य श्री के सान्निध्य में चल रहे इन धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों के माध्यम से सीकर में धर्म, संयम, शिक्षा, संस्कार और आत्मचिंतन का संदेश दिया जा रहा है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *