मंदिरों का निर्माण तो कर लिया, अब चरित्र का मंदिर बनाइए : अंतर्मना आचार्य प्रसन्न सागरजी महाराज

धर्म

मंदिरों का निर्माण तो कर लिया, अब चरित्र का मंदिर बनाइए : अंतर्मना आचार्य प्रसन्न सागरजी महाराज

पत्थर के मंदिर से अधिक जरूरी मन की पवित्रता; गरीब को दवा दिलाना और भूखे को भोजन कराना ही सच्ची पूजा

सोनकच्छ (पुष्पगिरी तीर्थ)। मंदिरों का निर्माण करना पुण्य का कार्य है, लेकिन उससे भी अधिक महत्वपूर्ण है अपने चरित्र का निर्माण करना। भगवान की पूजा करने के साथ उनके बताए मार्ग पर चलना और अपने जीवन में दया, करुणा, विनम्रता तथा परोपकार को स्थान देना ही सच्ची धर्म साधना है। पत्थर के मंदिर का निर्माण तो कुछ वर्षों में हो जाता है, लेकिन चरित्र का मंदिर बनाने में पूरी जिंदगी लग जाती है। यह प्रेरक संदेश अंतर्मना आचार्य श्री प्रसन्न सागरजी महाराज ने पुष्पगिरी तीर्थ में आयोजित धर्मसभा में दिया।

 

 

पुष्पगिरी तीर्थ सोनकच्छ में वर्षायोग के लिए विराजमान अंतर्मना आचार्य श्री प्रसन्न सागरजी महाराज एवं उपाध्याय श्री पीयूष सागरजी महाराज ससंघ के सानिध्य में विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी श्रृंखला में गुरु भक्तों को संबोधित करते हुए आचार्य श्री ने धर्म, आचरण, सामाजिक सेवा और आंतरिक पवित्रता के महत्व पर प्रकाश डाला।

मंदिर में फूल चढ़ाते हैं, बाहर आकर कांटे क्यों चुभाते हैं?

आचार्य श्री ने कहा कि अरे मित्र! तूने पत्थर का मंदिर तो बना दिया, लेकिन मन का मंदिर कब बनाएगा? तू मंदिर में जाकर पत्थर को फूल चढ़ाता है और बाहर आकर इंसान को कांटा चुभाता है। यह कैसी पूजा है बाबू?

उन्होंने कहा कि धर्म का वास्तविक उद्देश्य केवल पूजा-पाठ और धार्मिक अनुष्ठानों तक सीमित नहीं है। धर्म का प्रभाव हमारे व्यवहार में दिखाई देना चाहिए। यदि व्यक्ति मंदिर में भगवान के सामने विनम्र है, लेकिन समाज में दूसरों के प्रति कठोर है, तो उसे अपने आचरण पर विचार करना चाहिए।

मंदिर समाज का दिल है, केवल पूजा का स्थान नहीं

आचार्य श्री ने मंदिरों की सामाजिक भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मंदिर केवल पूजा करने की जगह नहीं है, बल्कि मंदिर समाज का दिल है। पहले मंदिरों में पाठशालाएं चलती थीं, सामाजिक पंचायतें होती थीं और जरूरतमंदों को भोजन मिलता था। मंदिर का अर्थ ही ऐसा स्थान है, जहां सभी को शरण मिले।

उन्होंने कहा कि यदि मंदिर का दरवाजा केवल अमीरों के लिए खुले और गरीबों के लिए बंद हो, तो वह मंदिर नहीं, केवल एक इमारत है। मंदिरों को समाज में सेवा, सद्भाव और सहयोग के केंद्र के रूप में विकसित करना चाहिए, ताकि हर जरूरतमंद व्यक्ति को वहां से सहारा मिल सके।

बच्चों को प्रसाद के साथ संस्कार भी दें

आचार्य श्री ने शिक्षा और संस्कारों के महत्व पर कहा कि बच्चों को मंदिर अवश्य ले जाएं, लेकिन केवल प्रसाद के लिए नहीं, बल्कि संस्कारों के लिए। उन्हें समझाएं कि मंदिर में जूते उतारते हैं, उसी प्रकार जीवन में अहंकार भी उतारना चाहिए। मंदिर में हाथ जोड़ते हैं, उसी प्रकार जीवन में सबके सामने विनम्र रहना चाहिए।

उन्होंने कहा कि बच्चों को धर्म के साथ अच्छे आचरण की शिक्षा देना जरूरी है। मंदिरों में धार्मिक शिक्षा के साथ नैतिक संस्कारों का प्रसार हो, ताकि आने वाली पीढ़ी धर्म को केवल परंपरा नहीं, बल्कि जीवन जीने की कला के रूप में समझ सके।

गरीब को दवा दिलाना भी भगवान की सच्ची पूजा

आचार्य श्री ने सेवा और परोपकार को धर्म का महत्वपूर्ण अंग बताते हुए कहा कि सबसे बड़ा मंदिर वह है, जहां किसी बीमार का इलाज हो जाए और किसी भूखे की भूख मिट जाए। यदि किसी मंदिर में छोटा-सा दवाखाना या लाइब्रेरी शुरू हो जाए, तो उस मंदिर की महिमा कई गुना बढ़ जाएगी।

उन्होंने कहा कि भगवान को सोने का मुकुट चढ़ाने से अधिक पुण्य किसी गरीब को दवा दिलाने में है। धार्मिक संस्थाओं को अपनी सामर्थ्य के अनुसार शिक्षा, चिकित्सा और जरूरतमंदों की सहायता के कार्यों में भी योगदान देना चाहिए। किसी दुखी के चेहरे पर मुस्कान लाना भी धर्म की प्रभावी साधना है।

क्षमा के जल से निर्मल होता है मन

आंतरिक पवित्रता का महत्व बताते हुए आचार्य श्री ने कहा कि बाहर से मंदिर को धोकर क्या करोगे, यदि अंदर मन मैला है। गंगा में स्नान करने से शरीर साफ होता है, लेकिन मन को निर्मल करने के लिए क्षमा के पानी की जरूरत है।

उन्होंने गुरु भक्तों से प्रश्न किया कि मंदिर में जाने से पहले क्या आपने अपने मन का मंदिर साफ किया है? यदि मन में किसी के प्रति नफरत है, तो भगवान उस मन में कैसे विराजेंगे? मन में प्रेम, क्षमा और करुणा का भाव होना चाहिए।

आचार्य श्री ने कहा कि जिसके मन में मंदिर है, उसे पत्थर के मंदिर की जरूरत ही नहीं। और जिसके मन में मंदिर नहीं, वह पत्थर के मंदिर में जाकर भी क्या करेगा? धर्म का सार यही है कि मनुष्य अपने भीतर पवित्रता जगाए और अपने जीवन को सेवा, सदाचार तथा परोपकार से जोड़कर सार्थक बनाए।

प्रचार-प्रसार संयोजक नरेंद्र अजमेरा एवं पीयूष कासलीवाल, औरंगाबाद से प्राप्त जानकारी संकलन अभिषेक जैन लुहाड़िया रामगंजमंडी 9929747312

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *