58 साल पुरानी स्मृतियां फिर हुईं जीवंत, सोनीजी की नसियां में स्थापित हुए आचार्य विद्यासागरजी के पदचिह्न
**अजमेर।**
कुछ स्थान केवल अपनी भव्यता से नहीं, बल्कि महापुरुषों के चरण-स्पर्श से इतिहास बन जाते हैं। अजमेर की ऐतिहासिक सोनीजी की नसियां भी ऐसा ही पुण्यस्थल है, जहां संत शिरोमणि आचार्य श्री विद्यासागरजी महाराज की 58 वर्ष पुरानी स्मृतियों को एक बार फिर जीवंत कर दिया गया। डोंगरगढ़ से लाए गए आचार्यश्री के पावन पदचिह्नों की यहां विधि-विधान और मंत्रोच्चार के साथ स्थापना की गई। इस अवसर पर जैन समाज में उत्साह, श्रद्धा और गुरुभक्ति का अनुपम वातावरण देखने को मिला।
इस आयोजन का महत्व इसलिए भी विशेष है कि वर्ष 1968 में मुनि दीक्षा लेने के बाद आचार्य श्री विद्यासागरजी महाराज ने अपना प्रथम चातुर्मास इसी सोनीजी की नसियां में किया था। अब 58 वर्ष बाद उसी पावन स्थल पर उनके पदचिह्नों की स्थापना होना श्रद्धालुओं के लिए अविस्मरणीय क्षण बन गया। अब समाजबंधुओं और दर्शनार्थियों को इसी स्थान पर आचार्यश्री के चरण चिह्नों के दर्शन का सौभाग्य प्राप्त होगा।

गुरुवार को आयोजित धार्मिक कार्यक्रमों का शुभारंभ प्रातः 6:30 बजे जिनाभिषेक एवं शांतिधारा के साथ हुआ। सुबह 7 बजे संगीतमय आचार्य छत्तीसी महामंडल विधान पूजन किया गया। इसके बाद सुबह 10:15 बजे मंत्रोच्चार के बीच आचार्यश्री के चरण कमलों की स्थापना संपन्न हुई। गुरुवर के शिष्यों ने विविध विधान, पूजन, कुंकुम अर्पण और मंत्रोच्चार के साथ इस पावन अनुष्ठान को पूर्ण कराया।

कार्यक्रम में मुनि श्री निष्पक्ष सागर महाराज एवं मुनि श्री निस्पृह सागर महाराज का सान्निध्य प्राप्त हुआ। धर्मसभा को संबोधित करते हुए मुनिश्री ने समाज की एकता और धार्मिक विरासत को सहेजने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि समाज एक रहेगा तो धर्म, संस्कृति और संस्कार भी बने रहेंगे। जिस स्थान पर आचार्य श्री विद्यासागरजी महाराज के चरण पड़े और आचार्य ज्ञानसागर महाराज ने साधना की, उस ऐतिहासिक धरोहर को सुरक्षित रखना पूरे समाज की जिम्मेदारी है। इसके लिए किसी एक व्यक्ति के बजाय सभी को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी।
इस अवसर पर सोनीजी की नसियां के निर्माता स्वर्गीय भागचंद सोनी की प्रतिमा का भी अनावरण किया गया। कार्यक्रम में समाज के गणमान्य लोगों और भामाशाहों की उपस्थिति रही। आयोजक प्रमोद सोनी ने बताया कि आचार्य विद्यासागरजी महाराज के चरणों के सान्निध्य से सोनीजी की नसियां पहले ही धन्य हो चुकी थी। अब उनके पदचिह्नों की स्थापना से यह स्थल श्रद्धालुओं के लिए और भी विशेष बन गया है।

देश के 140 शहरों एवं कस्बों में आचार्यश्री के पदचिह्न स्थापित किए गए हैं। इनमें अजमेर की सोनीजी की नसियां को भी यह सौभाग्य प्राप्त हुआ है। पदचिह्नों के दर्शन और पूजन के लिए यहां विशेष व्यवस्था की गई है।
**आस्था के साथ जुड़ी इतिहास की अमूल्य विरासत**
आचार्य श्री विद्यासागरजी महाराज के प्रथम चातुर्मास की स्मृतियों से जुड़े इस स्थल पर पदचिह्नों की स्थापना केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि गुरु परंपरा, तप, त्याग और साधना की विरासत को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण प्रयास है। 58 वर्ष पहले जिस पावन भूमि पर आचार्यश्री की साधना और चातुर्मास की स्मृतियां जुड़ी थीं, आज वही भूमि उनके पदचिह्नों से और अधिक पवित्र एवं स्मरणीय बन गई है।
संकलन अभिषेक जैन लुहाड़िया रामगंजमंडी 9929747312
