आचार्य विद्यासागर महाराज की स्मृतियों को मिलेगा चिरस्थायी स्वरूप, नसियांजी में चरण कमलों की स्थापना आज
अजमेर।** जैन धर्म की आस्था, गुरु भक्ति और आध्यात्मिक चेतना का अनुपम संगम अजमेर स्थित सोनीजी की नसियां में देखने को मिल रहा है। परम पूज्य आचार्य श्री 108 विद्यासागर महाराज के पावन संस्मरणों को चिरस्थायी बनाने के लिए यहां उनके चरण कमलों की स्थापना की जाएगी। इसके साथ ही नसियांजी के निर्माता सेठ भागचंद सोनी की प्रतिमा का अनावरण भी होगा। दो दिवसीय धार्मिक महोत्सव का शुभारंभ बुधवार को मुनि श्री के मंगल प्रवेश के साथ श्रद्धा और उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ।
आचार्य श्री विद्यासागर महाराज का अजमेर से गहरा आध्यात्मिक
जुड़ाव रहा है। वर्ष 1968 में उन्होंने सोनीजी की नसियां में अपने गुरु आचार्य श्री ज्ञानसागर महाराज से मुनि दीक्षा ग्रहण की थी। इसी ऐतिहासिक और पावन स्मृति को अक्षुण्ण बनाए रखने के उद्देश्य से नसियां परिसर में उनके चरण कमल स्थापित किए जाएंगे। सप्तधातु से निर्मित इन चरण कमलों का वजन करीब 100 किलोग्राम बताया गया है।इसी अवसर पर नसियांजी के निर्माता सेठ भागचंद सोनी की प्रतिमा का भी अनावरण किया जाएगा। यह आयोजन श्री दिगंबर जैन सिद्धकूट चैत्यालय टेंपल ट्रस्ट के तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है।
बैंड-बाजों और जयकारों के साथ हुआ मुनि संघ का मंगल प्रवेश**
बुधवार शाम 5:25 बजे आचार्य श्री विद्यासागर महाराज के शिष्य मुनि श्री का नसियांजी परिसर में मंगल प्रवेश हुआ। श्रद्धालुओं ने बैंड-बाजों और जयकारों के साथ मुनि संघ की अगवानी की। इस दौरान सोनू सोनी और वैभव सोनी ने मुनिश्री का स्वागत किया। महोत्सव के अंतर्गत श्रद्धालुओं को 24 तीर्थंकरों के दर्शन भी कराए गए। आयोजन में शामिल होने के लिए दशपुर से जैन श्रद्धालु भी पहुंचेआयोजक प्रमोदचंद सोनी ने बताया कि गुरुवार सुबह 9:30 बजे मुख्य समारोह होगा। इसमें मुनिश्री के सान्निध्य में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
आचार्य श्री की स्मृतियों से जुड़ा है नसियांजी का इतिहास**
मानस्तंभ के पास नवनिर्मित छतरी में आचार्य श्री विद्यासागर महाराज के चरण कमल स्थापित किए जाएंगे। आचार्य श्री विद्यासागर महाराज ने यहां दो बार चातुर्मास किया था। उनके गुरु आचार्य ज्ञानसागर महाराज का समाधि स्थल नसीराबाद में है। मुनि दीक्षा के बाद आचार्य श्री को पहला आहार करवाने का सौभाग्य सेठ भागचंद सोनी के परिवार को मिला था। ऐसे में चरण कमलों की स्थापना इस ऐतिहासिक आध्यात्मिक जुड़ाव को नई पहचान देगी।
भजनों से गूंजा नसियां परिसर
बुधवार रात 8 बजे मानस्तंभ के समीप आचार्य श्री विद्यासागर महाराज के नाम से भजन संध्या आयोजित हुई। कुचामन से आए भजन गायक गौरव जैन एवं उनकी टीम ने गुरु महिमा पर आधारित भजनों की शानदार प्रस्तुतियां दीं। ‘विद्यासागर नाम हमको प्राणों से भी प्यारा है’ जैसे भजनों पर श्रद्धालु भावविभोर हो गए। गुरु के जयकारों के बीच श्रद्धालुओं ने भक्ति नृत्य कर अपनी भावनाएं व्यक्त कीं। देर रात तक भक्ति और गुरु महिमा का यह सिलसिला चलता रहा।
आज के प्रमुख आयोजन
आयोजन के प्रवक्ता कमल गंगवाल ने बताया कि गुरुवार सुबह 6:30 बजे जिनाभिषेक होगा। सुबह 7 बजे आचार्य छत्तीसी महामंडल विधान पूजन, 8:30 बजे मुनिश्री के प्रवचन होंगे। सुबह 9:30 बजे चरण कमलों की स्थापना एवं सेठ भागचंद सोनी की प्रतिमा का अनावरण किया जाएगा। सुबह 10:15 बजे मुनि संघ की आहारचर्या होगी।
आयोजन में इनका रहा सहयोग
धार्मिक महोत्सव में निर्मल चंद सोनी, सुशील सोनी, वैभव सोनी, अक्षय सोनी, विकास कसलीवाल, योगेंद्र काला, दिनेश जैन, प्रवीण जैन, अतुल पाटनी, सुशील बाकलीवाल, अनिल पाटनी, नवीन गदिया सहित अनेक समाजबंधुओं का सहयोग एवं सहभागिता रहेगी।
संकलन अभिषेक जैन लुहाड़िया रामगंजमंडी 9929747312
