धर्म के नाम पर आयोजन तो बढ़ रहे हैं, लेकिन धर्म का आचरण कितना बढ़ा है? : अंतर्मना आचार्य श्री प्रसन्न सागरजी महाराज

धर्म

धर्म के नाम पर आयोजन तो बढ़ रहे हैं, लेकिन धर्म का आचरण कितना बढ़ा है? : अंतर्मना आचार्य श्री प्रसन्न सागरजी महाराज

कथा सुनकर ताली बजाने के बजाय जीवन में उतारें धर्म की सीख; धार्मिक आयोजन का उद्देश्य मन और व्यवहार में परिवर्तन लाना है

सोनकच्छ (पुष्पगिरी तीर्थ)।

धर्म के नाम पर बड़े-बड़े आयोजन हो रहे हैं, लाखों रुपए खर्च किए जा रहे हैं, पंडाल सजाए जा रहे हैं और हजारों लोग एकत्रित हो रहे हैं। लेकिन इन आयोजनों के बाद हमारे जीवन में कितना बदलाव आ रहा है, यह आत्मचिंतन का विषय है। धर्म का वास्तविक उद्देश्य केवल धार्मिक कार्यक्रमों में शामिल होना नहीं, बल्कि अपने विचारों, व्यवहार और चरित्र को धर्ममय बनाना है। यह प्रेरक संदेश अंतर्मना आचार्य श्री प्रसन्न सागरजी महाराज ने पुष्पगिरी तीर्थ पर गुरु भक्तों को संबोधित करते हुए दिया।

परम पूज्य पुष्पगिरी तीर्थ प्रणेता गणाचार्य श्री पुष्पदंत सागरजी महाराज के सानिध्य में अंतर्मना आचार्य श्री प्रसन्न सागरजी महाराज एवं उपाध्याय पियूष सागरजी महाराज ससंघ पुष्पगिरी तीर्थ पर वर्षायोग हेतु विराजमान हैं। उनके सानिध्य में प्रतिदिन विभिन्न धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी श्रृंखला में आचार्य श्री ने धर्म के वास्तविक स्वरूप, धार्मिक आयोजनों के उद्देश्य और जीवन में सदाचार के महत्व पर गुरु भक्तों को प्रेरित किया।

कथा सुनने के बाद व्यवहार में आए बदलाव

आचार्य श्री ने एक प्रसंग के माध्यम से कहा कि एक व्यक्ति कथा में बैठा था। कथा में कहा जा रहा था कि कभी किसी का दिल मत दुखाओ। यह सुनकर उसने जोरदार ताली बजाई और कहा, वाह! क्या बात कही है। लेकिन कथा समाप्त होते ही बाहर खड़ी एक वृद्ध महिला को धक्का देकर बोला, हटो बुढ़िया, रास्ता क्यों रोक रखा है।

आचार्य श्री ने कहा कि यह सोचने की बात है कि कथा कान से सुनी थी या दिल से। यदि धर्म की बात सुनने के बाद भी हमारा व्यवहार नहीं बदलता, तो उसका कोई वास्तविक लाभ नहीं हुआ। धर्म सुनने का उद्देश्य केवल प्रशंसा करना नहीं, बल्कि उसकी सीख को अपने जीवन में उतारना है।

आयोजन का उद्देश्य मन को जोड़ना है, दिखावा करना नहीं

आचार्य श्री ने कहा कि पहले गांव में एक छोटा-सा मंदिर होता था और एक पुजारी होता था, लेकिन लोगों के मन में भगवान के प्रति सच्ची श्रद्धा और आस्था होती थी। आज बड़े-बड़े पंडाल, आकर्षक रोशनी और आधुनिक व्यवस्थाओं के साथ धार्मिक आयोजन हो रहे हैं। लेकिन आयोजन समाप्त होने के बाद यदि व्यक्ति किसी जरूरतमंद को पानी तक नहीं पिलाता, तो यह विचार करना होगा कि धर्म की सीख उसके भीतर कितनी उतरी है।

 

उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजन की सफलता इस बात से तय नहीं होती कि कितनी भीड़ आई या कितना खर्च हुआ। उसकी वास्तविक सफलता तब है, जब कोई व्यक्ति वहां से लौटकर अपने क्रोध को कम करे, मन को निर्मल बनाए और दूसरों के प्रति संवेदनशील बने। यदि आयोजन के बाद भी व्यक्ति का व्यवहार पहले जैसा ही रहता है, तो आयोजन का वास्तविक उद्देश्य पूरा नहीं ह

आडंबर में शोर, आध्यात्मिकता में शांति

आचार्य श्री ने आडंबर और आध्यात्मिकता के अंतर को स्पष्ट करते हुए कहा कि आडंबर में शोर होता है, जबकि आध्यात्मिकता में शांति होती है। आडंबर व्यक्ति को यह दिखाने के लिए प्रेरित करता है कि उसने कितना किया, जबकि आध्यात्मिकता व्यक्ति को विनम्र बनाती है। सच्चे धर्म में प्रदर्शन की आवश्यकता नहीं होती, क्योंकि भगवान हमारे भावों को जानते हैंउन्होंने कहा कि आडंबर बाहर दिखाई देता है, जबकि आध्यात्मिकता भीतर खिलती है। धार्मिकता का वास्तविक आनंद दिखावे में नहीं, बल्कि आत्मचिंतन, संयम और आत्मिक शांति में है।

धर्म का असर चरित्र और व्यवहार में दिखना चाहिए

आचार्य श्री ने कहा कि धर्म का काम केवल मंदिर में घंटी बजाना नहीं, बल्कि मनुष्य के चरित्र में सदाचार की घंटी बजाना है। यदि धर्म सुनने के बाद भी व्यक्ति झूठ बोलता है, मिलावट करता है, किसी को धोखा देता है या दूसरों का अधिकार छीनता है, तो उसने धर्म की वास्तविक सीख को ग्रहण नहीं किया है।

धर्म जब हृदय में उतरता है, तो व्यक्ति का व्यवहार बदल जाता है। वह किसी का दिल नहीं दुखाता, किसी का हक नहीं छीनता और अपने आचरण से दूसरों के लिए प्रेरणा बनता है। धर्म का प्रभाव व्यक्ति के शब्दों से अधिक उसके कर्मों में दिखाई देना चाहिए।

धार्मिक ऊर्जा को सेवा से जोड़ें

आचार्य श्री ने धार्मिक आयोजनों में लगने वाली ऊर्जा को समाज सेवा से जोड़ने का आह्वान करते हुए कहा कि यदि यही ऊर्जा जरूरतमंदों की सहायता में लग जाए, तो समाज को बेहतर बनाया जा सकता है। एक हजार लोगों को भोजन कराना भी सेवा है और एक गरीब बच्चे की फीस भरकर उसकी शिक्षा में सहयोग करना भी सेवा है।उन्होंने कहा कि भगवान को प्रसन्न करने के लिए बड़े-बड़े आयोजनों से अधिक महत्वपूर्ण शुद्ध भाव और परोपकार की भावना है। भगवान एक लोटे जल से भी प्रसन्न हो सकते हैं, लेकिन किसी जरूरतमंद की पीड़ा को समझने और उसकी सहायता करने के लिए भी हमारा मन तैयार होना चाहिए।

भीड़ में अच्छा बनना आसान, अकेले में अच्छा बने रहना ही धर्म

आचार्य श्री ने कहा कि धर्म वह नहीं है, जो केवल पंडाल में दिखाई दे, बल्कि धर्म वह है, जो पंडाल से बाहर निकलने के बाद हमारे व्यवहार में दिखाई दे। माइक बंद होने के बाद भी जिसके भीतर धर्म की आवाज गूंजती रहे, वही सच्चा धार्मिक है।उन्होंने कहा कि भीड़ में अच्छा बनना आसान है, लेकिन अकेले में भी अच्छा बने रहना ही धर्म है। धार्मिक आयोजन समाज को एकत्रित करते हैं, लेकिन धार्मिक आचरण ही समाज को संस्कारित करता है। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को आत्मचिंतन करना चाहिए कि वह धर्म को केवल सुन रहा है या उसे अपने जीवन में भी उतार रहा है।

संदेश यही है कि धर्म का मूल्य आयोजन के आकार, खर्च या भीड़ से नहीं, बल्कि मनुष्य के आचरण में आए परिवर्तन से तय होता है। प्रचार-प्रसार संयोजक नरेंद्र अजमेरा एवं पियूष कासलीवाल, औरंगाबाद से प्राप्त जानकारी संकलन अभिषेक जैन लुहाड़िया रामगंजमंडी 9929747312

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *