अच्छे मित्र चुनो, क्योंकि संगति ही तुम्हारा भविष्य बनाती है : अंतर्मना आचार्य श्री प्रसन्न सागरजी महाराज
गलत संगति जीवन को लक्ष्य से भटका सकती है, जबकि अच्छी संगति सफलता और संस्कारों की राह दिखाती है
सोनकच्छ।
परम पूज्य पुष्पगिरी तीर्थ प्रणेता गणाचार्य श्री पुष्पदंत सागरजी महाराज के पावन सानिध्य में पुष्पगिरी तीर्थ सोनकच्छ में व्रत चक्रवर्ती पट्ट विभूषण अंतर्मना आचार्य श्री प्रसन्न सागरजी महाराज एवं उपाध्याय श्री पीयूष सागरजी महाराज का वर्षायोग धर्म, साधना और भक्ति के वातावरण में चल रहा है। वर्षायोग के अंतर्गत प्रतिदिन विभिन्न धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी श्रृंखला में उपस्थित गुरु भक्तों को संबोधित करते हुए अंतर्मना आचार्य श्री प्रसन्न सागरजी महाराज ने कहा कि मनुष्य का व्यक्तित्व बहुत हद तक उसकी संगति का प्रतिबिंब होता है। इसलिए जीवन में मित्रों का चुनाव बेहद सोच-समझकर करना चाहिए, क्योंकि संगति ही भविष्य की दिशा तय करती है।
आचार्य श्री ने मित्रता और संगति के प्रभाव को समझाते हुए कहा कि यदि आपके पांच मित्र पढ़ने-लिखने वाले, मेहनती और सकारात्मक विचारों वाले हैं, तो छठे व्यक्ति पर भी उनका अच्छा प्रभाव पड़ेगा। वह भी पढ़ाई, मेहनत और अच्छे कार्यों की ओर प्रेरित होगा। लेकिन यदि पांच मित्र नशा करने वाले, गाली-गलौज करने वाले और अपना समय व्यर्थ गंवाने वाले हैं, तो छठा व्यक्ति भी धीरे-धीरे उन्हीं आदतों को अपना सकता है। यही संगति की शक्ति है, जो व्यक्ति के विचारों, व्यवहार और चरित्र को प्रभावित करती है।
किशोरावस्था में संगति का विशेष महत्व
आचार्य श्री ने कहा कि किशोरावस्था जीवन का ऐसा महत्वपूर्ण पड़ाव है, जहां व्यक्ति के संस्कार, विचार और भविष्य की दिशा निर्धारित होती है। इस उम्र में मित्रों का प्रभाव सबसे अधिक पड़ता है। जो मित्र आपको माता-पिता से दूर करे, पढ़ाई से विमुख करे और गलत आदतों की ओर ले जाए, वह सच्चा मित्र नहीं हो सकता। सच्चा मित्र वही है, जो आपको जीवन में आगे बढ़ने, अपने कर्तव्यों को समझने और अच्छे संस्कार अपनाने की प्रेरणा दे।


सच्चा मित्र वही, जो गलतियों पर भी टोके
आचार्य श्री ने मित्र की पहचान बताते हुए कहा कि सच्चा मित्र वह नहीं होता, जो हर बात पर आपकी प्रशंसा करे, बल्कि वह होता है जो आपकी गलती पर आपको सही रास्ता दिखाए। जो मित्र कहे कि भाई, पढ़ाई कर लो, जो मंदिर चलने और धर्म के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा दे तथा आवश्यकता पड़ने पर स्पष्ट शब्दों में कहे कि तुम गलत हो, वही सच्चा मित्र है। केवल चापलूसी करने वाला मित्र नहीं, बल्कि चाटुकार होता है। सच्ची मित्रता में प्रेम के साथ-साथ सही मार्गदर्शन और सुधार की भावना भी होनी चाहिए।


संगति का चुनाव आपके हाथ में है
आचार्य श्री ने प्रेरक उदाहरण देते हुए कहा कि गुलाब के फूलों के साथ रहने पर खुशबू मिलती है, जबकि कीचड़ में रहने पर दाग लगने का खतरा रहता है। इसी प्रकार अच्छे लोगों की संगति व्यक्ति के जीवन में सकारात्मकता, संस्कार और सद्गुणों का विकास करती है, जबकि गलत संगति धीरे-धीरे व्यक्ति को पतन की ओर ले जा सकती है।
अंतर्मना आचार्य श्री ने कहा कि मित्र ऐसे चुनो, जो आपके जीवन को बेहतर बनाएं, आपके चरित्र को मजबूत करें और आपको सही दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा दें। मित्र केवल समय बिताने का माध्यम नहीं होते, बल्कि वे जीवन की दिशा और दशा बदलने की क्षमता रखते हैं। अच्छे मित्र आपको ऊंचाइयों तक पहुंचा सकते हैं, वहीं गलत मित्र आपके लक्ष्य से भटका सकते हैं।

इसलिए मित्रता करने से पहले यह अवश्य देखो कि आपका मित्र आपको कैसा इंसान बना रहा है, क्योंकि अच्छे मित्र जीवन की सबसे बड़ी पूंजी और अच्छी संगति उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव होती है।
उक्त जानकारी प्रचार-प्रसार संयोजक नरेंद्र अजमेरा एवं पीयूष कासलीवाल, औरंगाबाद ने दी।
