32 अर्घ्यों के समर्पण से भक्तिरस में सराबोर हुआ सिद्धचक्र विधान का चौथा दिन, भजनों पर झूमे श्रद्धालु; भव्य इंद्रसभा ने बांधा समां

धर्म

32 अर्घ्यों के समर्पण से भक्तिरस में सराबोर हुआ सिद्धचक्र विधान का चौथा दिन, भजनों पर झूमे श्रद्धालु; भव्य इंद्रसभा ने बांधा समां

 

धर्म, संयम और राष्ट्रकल्याण की मंगल भावना के साथ हुआ पूजन-अर्चन | मुनिश्री समत्वसागर जी महाराज ने जीवन में धर्म को स्टीयरिंग और संयम को बताया ब्रेक

 

आगरा।

अष्टानिका महापर्व की पावन आध्यात्मिक छटा के बीच आगरा में आयोजित नौ दिवसीय सिद्धचक्र महामंडल विधान का चौथा दिन भक्ति, श्रद्धा, आध्यात्मिक ऊर्जा और सांस्कृतिक उल्लास से परिपूर्ण रहा। देश की शांति, विश्व कल्याण, राष्ट्र की समृद्धि एवं जनकल्याण की मंगल भावना के साथ पीएनसी परिवार के तत्वावधान में डी-ब्लॉक, कमला नगर स्थित श्री महावीर दिगंबर जैन मंदिर के समक्ष बने विशाल आयोजन स्थल पर धार्मिक अनुष्ठानों एवं भक्तिमय कार्यक्रमों की श्रृंखला ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। 32 अर्घ्यों के समर्पण, भजन-संगीत पर भक्तों के उत्साहपूर्ण नृत्य और रात्रि में सजी भव्य इंद्रसभा ने आयोजन को विशेष आध्यात्मिक रंग प्रदान किया।

 

 

मुनिश्री 108 समत्वसागर जी महाराज, मुनिश्री 108 शीलसागर जी महाराज एवं मुनिश्री 108 सुप्रभात सागर जी महाराज ससंघ के मंगल सान्निध्य तथा युगल प्रतिष्ठाचार्य डॉ. अभिषेक जैन एवं डॉ. आकाश जैन के निर्देशन में प्रातःकाल भगवान आदिनाथ की प्रतिमाओं का अभिषेक एवं विशेष शांतिधारा संपन्न हुई। इसके बाद विधि-विधान और भक्तिभाव के साथ पूजन-अर्चना की गई। विधान मंडल पर अष्ट द्रव्य अर्पित करते हुए श्रद्धालुओं ने 32 अर्घ्यों का समर्पण किया। इस धार्मिक अनुष्ठान के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु, राष्ट्र की निरंतर उन्नति तथा विश्व में शांति, सद्भाव और मंगल की कामना की गई।

भक्ति गीतों पर झूम उठे श्रद्धालु, भजन संध्या ने जगाई आस्था की लहर

 

भोपाल से पधारी लोकेश जैन एंड पार्टी ने मधुर जैन भजनों की मनोहारी प्रस्तुतियों से आयोजन स्थल को भक्तिरस से भर दिया। भक्ति संगीत की स्वर लहरियों के बीच महिलाएं, युवा और श्रद्धालु भावविभोर होकर झूमने लगे। भजनों की लय पर उत्साहपूर्ण नृत्य और सामूहिक भक्ति ने वातावरण को ऐसा बना दिया, मानो पूरा आयोजन स्थल भक्ति और उल्लास की एकाकार धारा में बह रहा हो।

 

इस अवसर पर पीएनसी परिवार के सदस्यों को मुनिश्री समत्वसागर जी महाराज के चरण प्रक्षालन एवं शास्त्र भेंट करने का पुण्य अवसर प्राप्त हुआ। वहीं बाहर से पधारे अतिथियों का पीएनसी परिवार के प्रदीप जैन एवं राज्यसभा सांसद नवीन जैन ने माला और मुकुट पहनाकर आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया।

 

मुनिश्री का संदेश : जीवन की गति तेज हो, लेकिन धर्म दिशा और संयम नियंत्रण दे

 

मंगल प्रवचन में मुनिश्री समत्वसागर जी महाराज ने जीवन में धर्म और संयम की अनिवार्यता को बेहद सरल एवं प्रभावशाली उदाहरण के माध्यम से समझाया। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार तेज गति से वाहन चलाते समय अधिक सावधानी की आवश्यकता होती है, उसी प्रकार जीवन की गति जितनी तेज होती है, उसे संभालने के लिए उतना ही संयम आवश्यक होता है।

 

अपने विदेश प्रवास का प्रसंग सुनाते हुए उन्होंने बताया कि वाहन चलाते समय थोड़ी-सी असावधानी भी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है। जीवन भी एक तेज रफ्तार वाहन के समान है, जिसमें धर्म स्टीयरिंग की भूमिका निभाता है और संयम ब्रेक का काम करता है। धर्म जीवन को सही दिशा प्रदान करता है, जबकि संयम गलत दिशा में जाने और अनहोनी से बचाता है।

 

उन्होंने कहा कि जिस जीवन में धर्म और संयम नहीं होते, वह बिना स्टीयरिंग और ब्रेक के दौड़ते वाहन की तरह है, जिसका दुर्घटनाग्रस्त होना निश्चित है। धर्म केवल पूजा-पाठ या धार्मिक क्रियाओं तक सीमित नहीं, बल्कि जीवन में सही और गलत को पहचानकर उचित आचरण अपनाने का मार्ग है। जीवन की रफ्तार भले ही तेज हो, लेकिन दिशा सही और नियंत्रण कायम रहना चाहिए, तभी जीवन सार्थक बनता है।

 

नवीन जैन बोले- भगवान महावीर के सिद्धांत मानवता को शांति और सद्भाव का मार्ग दिखाते हैं

 

इस अवसर पर राज्यसभा सांसद नवीन जैन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विकास और प्रगति के नए आयाम स्थापित कर रहा है। राष्ट्रसेवा के प्रति उनका समर्पण और संकल्प देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत है। इस धार्मिक अनुष्ठान के माध्यम से प्रभु से प्रार्थना की जा रही है कि प्रधानमंत्री स्वस्थ रहें, दीर्घायु हों और देश की सेवा के लिए उन्हें निरंतर शक्ति, ऊर्जा एवं सामर्थ्य प्राप्त होती रहे।

 

उन्होंने कहा कि जैन धर्म के अहिंसा, अपरिग्रह, संयम और विश्व बंधुत्व के सिद्धांत समस्त मानवता के कल्याण का मार्ग प्रशस्त करते हैं। भगवान महावीर के संदेशों को जीवन में आत्मसात कर समाज और विश्व में शांति, प्रेम तथा सद्भावना को और अधिक मजबूत किया जा सकता है।

 

संगीतमय आरती के बाद सजी भव्य इंद्रसभा, सौधर्म इंद्र बने नवीन जैन

 

सायंकाल श्रीजी की प्रतिमाओं की भव्य संगीतमय मंगल आरती हुई, जिसमें श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव से सहभागिता निभाई। इसके बाद रात्रि 8 बजे कवि मयूर जैन, दिल्ली ग्रुप के निर्देशन में भव्य इंद्रसभा का मंचन किया गया। इस दिव्य एवं आकर्षक प्रस्तुति में सौधर्म इंद्र की भूमिका राज्यसभा सांसद नवीन जैन ने निभाई। स्वर्गाधिपति देवराज इंद्र के भव्य दरबार, मनोहारी मंच सज्जा और धार्मिक प्रस्तुति ने उपस्थित श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। इंद्रसभा के मंचन के साथ आयोजन स्थल भक्तिभाव, उत्साह और आध्यात्मिक उल्लास से सराबोर हो उठा।

 

नौ दिवसीय सिद्धचक्र विधान का कुशल संचालन प्रसिद्ध मंच संचालक मनोज जैन बाकलीवाल कर रहे हैं।

 

पीएनसी परिवार एवं समाज के गणमान्यजन रहे उपस्थित

 

कार्यक्रम में पीएनसी परिवार के मुखिया प्रदीप जैन पीएनसी, नवीन जैन, चक्रेश जैन, योगेश जैन, वैभव जैन, अनिरुद्ध जैन, अभिनंदन जैन, आनंद जैन, हर्षवर्धन जैन, कार्तिकेय जैन, अनुज जैन, अभिषेक जैन, प्रतीक जैन, निर्मल जैन, उमेश जैन, ऋषभ जैन, मीना जैन, रेनू जैन, माधवी जैन, आशिता जैन, ईशू जैन, निधि जैन, सलोनी जैन, पलक जैन, मिताक्षरा जैन, मुन्नी जैन, रश्मि जैन, उषा जैन, प्रियंका जैन, हिना जैन, अंकिता जैन, आयुषी जैन, नेहा जैन, मीडिया प्रभारी शुभम जैन एवं राहुल जैन सहित पीएनसी परिवार के सदस्य, आगरा के जैन संगठनों के पदाधिकारी, कमला नगर जैन समाज के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

 

शुभम जैन, आगरा से प्राप्त जानकारी का संकलन : अभिषेक जैन लुहाड़िया, रामगंजमंडी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *