*सद्भावना और प्राणीमात्र के कल्याण की भावना से होती है धर्म की शुरुआत, विदेशों में रहकर भी संस्कारों को जीवित रख रहे जैन परिवार : निर्यापक श्रमण मुनि श्री समतासागर*
कुण्डलपुर।
निर्यापक श्रमण मुनि श्री समतासागर महाराज ने धर्म, सद्भावना, आत्मकल्याण और प्राणीमात्र के कल्याण की भावना पर प्रेरक प्रवचन देते हुए कहा कि हमारे अंदर धार्मिक कार्यों को अच्छा मानने के साथ हमारे परिणामों में निर्मलता और विशुद्धि आना चाहिए। संसार के गोरखधंधों और दुनियादारी के कार्यों से बचने की भावना जागृत होना ही धर्म की वास्तविक शुरुआत है।मुनि श्री ने कहा कि संसार से एक ही झटके में पार होना संभव नहीं है, लेकिन संसार से बचने की भावना का निर्माण होना भी आध्यात्मिक यात्रा का पहला मजबूत कदम है। यदि पहला कदम सही दिशा में और दृढ़ता के साथ उठाया गया तो आगे का मार्ग भी प्रशस्त होता जाएगा। प्रवक्ता अविनाश जैन ‘विद्यावाणी’ एवं क्षेत्र प्रचारमंत्री जयकुमार जैन ‘जलज’ ने बताया कि मुनिश्री ने अपने प्रवचन में श्रद्धालुओं को धर्म के वास्तविक स्वरूप, विश्वशांति, सद्भावना और संस्कारों को जीवन में अपनाने की प्रेरणा देते हुए कहा कि धर्म की शुरुआत सबसे पहले सभी के प्रति अच्छा सोचने से करें। आप पूजा-पाठ नहीं कर पा रहे, समय नहीं निकाल पा रहे या सामर्थ्य के अभाव में कोई धार्मिक क्रिया नहीं कर पा रहे हैं तो भी निराश होने की आवश्यकता नहीं है। कम से कम अपने मन में सभी जीवों के कल्याण की भावना तो रख सकते हैं। *सुखी रहें सब जीव जगत के, कोई कभी न घबरावे, बैर-पाप-अभिमान छोड़ जग नित्य नए मंगल गावे।* इस मंगल भावना में न धन खर्च होता है, न विशेष समय की आवश्यकता पड़ती है और न कोई कठिन तपस्या करनी पड़ती है। केवल मन को उदार बनाकर सभी के सुख और कल्याण की कामना करनी होती है। उन्होंने कहा कि णमोकार मंत्र पढ़ते-पढ़ते यदि मन एकाग्र नहीं हो रहा है तो इस भावना की माला फेरिए कि सभी जीव सुखी रहें, सभी स्वस्थ रहें।परिचित-अपरिचित, देशी-विदेशी, छोटे-बड़े, गरीब-अमीर सभी के प्रति मंगल भावना होनी चाहिए। भगवान से यह प्रार्थना करना कि पहले संसार के सभी जीवों का कल्याण हो, बाद में हमारा हो, वास्तव में उदार हृदय की पहचान है। हमारा मैं-मैं का भाव ही दूसरों को सबसे अधिक परेशान करता है। जब हम अपने स्वार्थ से ऊपर उठकर सबके सुख, शांति और स्वास्थ्य की कामना करते हैं, तभी हमारे भीतर धर्म का वास्तविक भाव जागृत होता है। मुनिश्री ने जैन परंपरा में पूजा के अंतिम चरण में की जाने वाली विश्वशांति की भावना का महत्व समझाते हुए कहा कि पूजा में व्यक्ति अपने लिए जन्म-जरा-मृत्यु का विनाश, अक्षय पद की प्राप्ति, क्षुधा और रोगों का निवारण तथा मोक्षफल की प्राप्ति जैसी मंगल कामनाएं करता है। लेकिन पूजा के उपसंहार में विश्वशांति मंत्र और शांति विसर्जन के माध्यम से समस्त प्राणी जगत के कल्याण की भावना व्यक्त की जाती है। यह जैन परंपरा की उदारता और व्यापक दृष्टिकोण का परिचायक है। शांति धारा केवल अपने परिवार तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, उसमें पड़ोसी, समाज, देश और विदेश के सभी लोगों के कल्याण की भावना भी सम्मिलित होनी चाहिए। किसी के प्रति अच्छा सोचने से उसका भाग्य या कर्म तत्काल बदल जाए, यह अनिवार्य नहीं है, लेकिन हमारे अपने परिणाम तो निर्मल होंगे ही। अपना कल्याण करते हुए दूसरों के कल्याण की कामना करना ही सद्भावना का सिद्धांत है। मुनिश्री ने आचार्य श्री विद्यासागर महाराज का स्मरण करते हुए कहा कि गुरुवर की करुणा केवल जैन समाज तक सीमित नहीं थी। उनके समीप जो भी जैनेतर व्यक्ति पहुंचा, उसे भी उनका स्नेह और मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। यही कारण है कि आज भी जैन समाज के साथ जैनेतर समाज में भी आचार्य श्री के प्रति गहरी श्रद्धा और आस्था दिखाई देती है। सद्भावना और करुणा का यह आदर्श प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में अपनाना चाहिए। जब तक किसी महापुरुष का सानिध्य और अनुकूल वातावरण मिलता है, तब तक हमें उसका महत्व समझ में नहीं आता, लेकिन अभाव होने पर उसकी कीमत मालूम पड़ती है। इसलिए मिले हुए स्वर्णिम अवसर को व्यर्थ नहीं गंवाना चाहिए। मुनिश्री ने कहा कि धर्म के मार्ग पर आगे बढ़ने के लिए सबसे पहले धर्म की बातों को सुनना और समझना आवश्यक है। जब व्यक्ति धर्म को सुनने-समझने लगता है तो उसके भीतर स्वतः ही यह विवेक जागृत होने लगता है कि जीवन में क्या करना चाहिए और क्या नहीं करना चाहिए। धर्म करने के लिए स्थान की बाध्यता नहीं है। व्यक्ति जहां भी रह रहा है, वहीं रहकर धर्म, स्वाध्याय, पूजा-पाठ और संयम का पालन कर सकता है। आज भारत की तरह विदेशों में रहने वाले जैन बंधु भी धर्म के प्रति जागरूक होकर मंदिर निर्माण, पूजा-अर्चना और धार्मिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। अनेक स्थानों पर दिगंबर जैन मंदिर बन रहे हैं तो कहीं दिगंबर और श्वेतांबर समाज मिलकर मंदिरों का संचालन कर रहे हैं। मुनिश्री ने अमेरिका के मेक्सिको से आए नवीन जी के परिवार का उदाहरण देते हुए बताया कि उनकी धर्मपत्नी शर्मिला जी ने विदेश में जैन मंदिर की व्यवस्था और धार्मिक गतिविधियों के बारे में जानकारी दी। वहां उन्होंने भगवान पार्श्वनाथ की दिगंबर प्रतिमा की प्रतिष्ठा कराई है। परिवार रोजगार और अर्थपुरुषार्थ के लिए विदेश में रह रहा है, लेकिन अपनी धार्मिक परंपरा, दान-पुण्य और संस्कारों को नहीं भूला है। वहां रहकर भी दर्शन, पूजन और वंदना की नियमित व्यवस्था कर रहे हैं। मुनिश्री ने कहा कि यह माता-पिता से मिले संस्कारों का प्रभाव है। जो संस्कार बचपन से घुट्टी में मिलते हैं, वे जीवनभर व्यक्ति के साथ रहते हैं। व्यक्ति चाहे दुनिया के किसी भी कोने में चला जाए, मूल संस्कार उसके जीवन में बने रह सकते हैं। उन्होंने कहा कि विदेशों में पच्चीस-तीस वर्षों से रहने वाले जैन बंधुओं के लिए सम्मेदशिखर जैसे तीर्थ पर आकर पहाड़ चढ़ना, सीढ़ियां पार करना और मंदिरों की वंदना करना अत्यंत कठिन होता है, लेकिन जब मन में धर्म के प्रति दृढ़ भावना होती है तो कठिन कार्य भी सहज बन जाता है। उन्हें ऐसा अनुभव होता है मानो जीते-जी स्वर्ग की अनुभूति हो रही हो। इसलिए धर्म के प्रति श्रद्धा, संस्कार और दृढ़ संकल्प हो तो दूरी और कठिनाई बाधा नहीं बनती। मुनिश्री ने उपस्थित श्रद्धालुओं को आशीर्वाद देते हुए कहा कि प्रातःकाल का आधा घंटा भी धर्म आराधना के लिए पर्याप्त हो सकता है, शेष समय अपनी दैनिक दिनचर्या के अनुसार बिताया जा सकता है। सभी श्रद्धालु भगवान के अभिषेक, पूजन-पाठ और मंदिरों की वंदना में सम्मिलित होकर पुण्य अर्जित करें तथा अपने जीवन में धर्म के संस्कारों को निरंतर मजबूत बनाएं। धर्म की शुरुआत किसी बड़े अनुष्ठान से नहीं, बल्कि मन में सबके प्रति सद्भावना और प्राणीमात्र के कल्याण की भावना जगाने से होती है।
