इंदौर के ऐतिहासिक लालबाग पैलेस में खुदाई के दौरान मिली 100 किलो वजनी रहस्यमयी तिजोरी, होलकरकालीन होने की संभावना से बढ़ी उत्सुकता

देश

इंदौर के ऐतिहासिक लालबाग पैलेस में खुदाई के दौरान मिली 100 किलो वजनी रहस्यमयी तिजोरी, होलकरकालीन होने की संभावना से बढ़ी उत्सुकता

**महिला ने किया दावा– सुनार पिता की निशानी है तिजोरी, आज अधिकारियों की मौजूदगी में खुलेगा रहस्य; सोना-चांदी मिलने की अटकलों पर भी टिकी निगाहें**

**इंदौर।** ऐतिहासिक धरोहरों को अपने भीतर समेटे इंदौर के लालबाग पैलेस में खुदाई के दौरान एक ऐसी चीज सामने आई है, जिसने इतिहास और पुरातत्व में रुचि रखने वालों की उत्सुकता बढ़ा दी है। मंगलवार दोपहर परिसर में खुदाई के दौरान करीब 100 किलो वजनी लोहे की लॉकरनुमा तिजोरी मिली। तिजोरी के होलकरकालीन होने की संभावना जताई जा रही है। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर इस भारी-भरकम तिजोरी के भीतर क्या छिपा है? क्या इसमें सोना-चांदी, आभूषण या कोई ऐतिहासिक दस्तावेज मौजूद हैं? इसका खुलासा बुधवार को अधिकारियों की मौजूदगी में तिजोरी खोले जाने के बाद होगा।

 

 

तिजोरी मिलने के साथ ही एक महिला का दावा भी चर्चा का विषय बन गया है। महिला का कहना है कि यह तिजोरी उसके सुनार पिता की निशानी है। हालांकि, महिला के इस दावे की अभी पुष्टि नहीं हुई है। अधिकारियों ने इसे भी जांच के दायरे में रखा है।

**जेसीबी की खुदाई में अचानक नजर आई तिजोरी**

जानकारी के अनुसार, लालबाग पैलेस परिसर में मौजूदा पार्किंग स्थल के पास निर्माण कार्य के तहत खुदाई की जा रही थी। इसी दौरान जेसीबी चालक की नजर जमीन में दबी भारी-भरकम तिजोरी पर पड़ी। कर्मचारी मोहन नावरे और चौकीदार धर्मेन्द्र यादव के मुताबिक, तिजोरी को जेसीबी की मदद से बाहर निकलवाया गया और परिसर में ही सुरक्षित रखवा दिया गया।

तिजोरी सामने आने के बाद परिसर में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। अधिकारियों का कहना है कि लालबाग परिसर के उपलब्ध रिकॉर्ड में इस तिजोरी का कोई उल्लेख नहीं है। साथ ही जवाहरखाना पूरी तरह सुरक्षित है।

**लंदन से मंगवाई जाती थीं ऐसी मजबूत तिजोरियां**

इतिहासकार जफर अंसारी के मुताबिक, होलकर रियासत के दौर में महाराजा और संपन्न कारोबारी अपने रुपये-पैसे, सोना-चांदी, आभूषण और महत्वपूर्ण दस्तावेज सुरक्षित रखने के लिए इस तरह की मजबूत लोहे की तिजोरियों का इस्तेमाल करते थे। इनका वजन काफी अधिक होता था और होलकर राजा तथा बड़े सेठ ऐसी तिजोरियां लंदन से मंगवाया करते थे।

पुरातत्व विभाग के पास भी इस तरह की अन्य ऐतिहासिक तिजोरियां मौजूद हैं। इनमें से कुछ को प्रदर्शन के लिए रखा गया है, जबकि राजबाड़ा और लालबाग के जवाहरखानों में भी ऐसी तिजोरियां देखी जा सकती हैं।

**आज खुलेगा तिजोरी का राज, इतिहास से जुड़े कई सवालों के मिलेंगे जवाब**

पुरातत्व विभाग के अधिकारी केएल डाबी ने बताया कि लालबाग पैलेस परिसर में तिजोरी मिलने की जानकारी मिली है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि तिजोरी खाली है या उसके भीतर कोई कीमती सामान अथवा दस्तावेज रखे हुए हैं। बुधवार को अधिकारियों की मौजूदगी में इसे खोलकर देखा जाएगा। इसके बाद ही इसकी वास्तविक उम्र और होलकर घराने से इसके संबंध को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

**30 करोड़ की लागत से संवर रहा है ऐतिहासिक लालबाग पैलेस**

इंदौर का लालबाग पैलेस होलकर रियासत के शासकों का ऐतिहासिक निवास रहा है। अपनी भव्य वास्तुकला, शाही वैभव और विशिष्ट भवन निर्माण शैली के लिए प्रसिद्ध यह महल शहर की महत्वपूर्ण ऐतिहासिक धरोहरों में शामिल है। वर्तमान में पर्यटन विभाग करीब 30 करोड़ रुपये की लागत से इसके संरक्षण और नवीनीकरण का कार्य करवा रहा है। महल की ऐतिहासिक वस्तुओं को उनके मूल स्वरूप में सुरक्षित रखा गया है। संरक्षण कार्य के बाद परिसर में गार्डन, साइकिल ट्रैक, बाउंड्रीवॉल और गेट से जुड़े विकास कार्य भी किए जा रहे हैं।

फिलहाल 100 किलो की यह रहस्यमयी तिजोरी लालबाग पैलेस की चर्चा का केंद्र बनी हुई है। अब सभी की निगाहें बुधवार को होने वाली कार्रवाई पर टिकी हैं। तिजोरी के भीतर कुछ कीमती खजाना निकलता है या फिर यह केवल इतिहास की एक अनमोल निशानी साबित होती है, इसका जवाब तिजोरी खुलने के बाद ही मिलेगा।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *