मार्कशीट एक साल काम आएगी, लेकिन संस्कार पूरी जिंदगी साथ निभाएँगे! प्रसन्न सागर महाराज

धर्म

संस्कार ही मेरी असली पहचान है…

मार्कशीट एक साल काम आएगी, लेकिन संस्कार पूरी जिंदगी साथ निभाएँगे!

व्रत चक्रवर्ती पट्टविभूषण अंतर्मना आचार्य श्री प्रसन्न सागरजी महाराज

/पुष्पगिरी तीर्थ सोनकच्छ :

उपस्थित गुरु भक्तों को संबोधित करते हुए अंतर्मना आचार्य श्री प्रसन्न सागरजी महाराज ने संस्कारों के महत्व पर प्रेरणादायी प्रवचन देते हुए कहा कि हमारी असली पहचान क्या है? ब्रांडेड कपड़े पहनना या अंग्रेजी बोलना ही हमारी पहचान नहीं है। माता-पिता का सम्मान करना, गुरुजनों के प्रति आदर भाव रखना और अपने व्यवहार में विनम्रता बनाए रखना ही हमारी वास्तविक पहचान है। लोग हमें हमारे अंकों और डिग्रियों से नहीं, बल्कि हमारे व्यवहार और संस्कारों से याद रखते हैं।

 

 

झुकना ही सीखना है!

जो पेड़ फलदार होता है, वही झुकता है। बड़ों को प्रणाम करना, किसी का धन्यवाद करना और अपनी गलती होने पर क्षमा मांगना कमजोरी नहीं, बल्कि अच्छे संस्कारों की पहचान है। विनम्रता ही मनुष्य के व्यक्तित्व को महान बनाती है।

व्यवहार कुशलता ही जीवन की असली परीक्षा!

यदि कोई विद्यार्थी स्कूल में टॉपर है, लेकिन घर में काम करने वाले व्यक्ति से भी अभद्रता से बात करता है, तो वह वास्तव में जीवन की परीक्षा में असफल है। याद रखिए, संस्कारों की पहली परीक्षा घर से ही शुरू होती है। हमारा व्यवहार ही हमारे व्यक्तित्व का आईना होता है।

पुष्पगिरी के संस्कार!

पुष्पगिरी हमें यह शिक्षा देता है कि बड़ों के चरण स्पर्श करने से कोई छोटा नहीं होता, बल्कि उनके आशीर्वाद से जीवन और भी महान बन जाता है। बड़ों का सम्मान, गुरुजनों के प्रति श्रद्धा और छोटों के प्रति स्नेह ही सच्चे संस्कार हैं।

अंत में आचार्य श्री ने प्रेरणा देते हुए कहा कि डिग्री से नौकरी मिल सकती है, लेकिन संस्कारों से सबके दिलों में जगह मिलती है। मार्कशीट एक साल काम आएगी, लेकिन संस्कार पूरी जिंदगी हमारा साथ निभाएँगे।

प्रचार-प्रसार संयोजक नरेंद्र अजमेरा एवं पीयूष कासलीवाल, औरंगाबाद से प्राप्त जानकारी संकलन अभिषेक जैन लुहाड़िया रामगंजमंडी 9929747312

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *