आचार्य विद्यासागर जी के संस्मरण सुनने की स्वस्तिभूषण माताजी ने जताई भावना, योगसागर महाराज के श्रीचरणों में निवेदित किया नमोस्तु

धर्म

आचार्य विद्यासागर जी के संस्मरण सुनने की स्वस्तिभूषण माताजी ने जताई भावना, योगसागर महाराज के श्रीचरणों में निवेदित किया नमोस्तु

**कोटा में दो संत संघों का हुआ आध्यात्मिक मंगल मिलन, गुरु भक्ति, संयम और त्याग की गुरुवाणी से गुंजायमान हुआ पुण्योदय अतिशय क्षेत्र**

**कोटा।**

धर्मनगरी कोटा में शुक्रवार को भक्ति, वात्सल्य और आध्यात्मिक अनुराग का अनुपम दृश्य साकार हुआ। अवसर था भारत गौरव, स्वस्तिधाम प्रणेत्री गणिनी आर्यिका 105 श्री स्वस्तिभूषण माताजी ससंघ के मंगल आगमन का। दोपहर की बेला में दो संत संघों के इस आध्यात्मिक मंगल मिलन ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। माताजी ससंघ ने परम पूज्य निर्यापक श्रमण मुनि श्री 108 योगसागर जी महाराज एवं मुनि श्री 108 प्रणवसागर जी महाराज के दर्शन-वंदन कर मंगल आशीर्वाद प्राप्त किया।

 

 

शुक्रवार, 13 नवंबर को दोपहर 3 बजे माताजी ससंघ ने विज्ञाननगर से मंगल विहार प्रारंभ किया। मार्ग में श्री 1008 आदिनाथ भगवान के दर्शन कर धर्मलाभ प्राप्त किया। इसके पश्चात माताजी ससंघ श्री पुण्योदय अतिशय क्षेत्र, नसियां जी, दादाबाड़ी पहुंचीं। यहां विराजमान मुनि श्री 108 योगसागर जी महाराज एवं मुनि श्री 108 प्रणवसागर जी महाराज के श्रीचरणों में संघ सहित नमोस्तु निवेदित किया तथा उनकी परिक्रमा कर विनयपूर्वक दर्शन-वंदना की। मुनिश्री ने भी माताजी ससंघ को मंगल आशीर्वाद प्रदान किया।

संतों के इस मंगल मिलन के साक्षी बने श्रद्धालुओं के लिए यह क्षण विशेष आध्यात्मिक आनंद और आत्मिक प्रसन्नता से परिपूर्ण रहा। माताजी ससंघ के आगमन पर श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव से अगवानी की और संतों के दर्शन कर स्वयं को धन्य महसूस किया।

**आचार्य विद्यासागर जी के जीवन प्रसंग सुनने का किया भावपूर्ण आग्रह**

सायंकाल पुण्योदय अतिशय क्षेत्र में जिज्ञासा समाधान, गुरु भक्ति एवं आरती के धार्मिक आयोजन हुए। इस दौरान गणिनी आर्यिका श्री स्वस्तिभूषण माताजी ससंघ ने मुनि श्री योगसागर जी महाराज से आध्यात्मिक जिज्ञासाओं का समाधान करने का निवेदन किया। साथ ही परम पूज्य आचार्य श्री 108 विद्यासागर जी महाराज के पावन जीवन से जुड़े प्रेरणादायी प्रसंग और संस्मरण सुनाने का भावपूर्ण आग्रह किया।

आचार्य भगवंत के जीवन आदर्शों, तप, त्याग, संयम और साधना से जुड़े संस्मरणों को सुनने की इस भावना ने वहां उपस्थित श्रद्धालुओं के मन में भी गुरु भक्ति का विशेष भाव जागृत किया। मुनिश्री ने विभिन्न आध्यात्मिक जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए धर्म और गुरु भक्ति के महत्व पर प्रकाश डाला।

**योगसागर महाराज की गुरुवाणी : विषय-वासनाओं से विरक्ति ही संयम की ओर पहला कदम**

परम पूज्य निर्यापक श्रमण मुनि श्री 108 योगसागर जी महाराज ने अपनी मंगल वाणी में श्रावकों को संयम और मोक्षमार्ग की प्रेरणा देते हुए कहा कि विषय-वासनाओं से विरक्ति, ब्रह्मचर्य का पालन और आरंभ का त्याग श्रावक को संयम की दिशा में आगे बढ़ाते हैं। यही भाव मोक्षमार्ग को प्रशस्त करने में सहायक बनते हैं।

मुनिश्री ने धर्मसाधना का संदेश देते हुए कहा कि मनुष्य को धन-संपत्ति और भोग-विलास की अंधी दौड़ से ऊपर उठकर अपने जीवन में व्रत, नियम, ब्रह्मचर्य और त्याग को स्थान देना चाहिए। धर्म को केवल सुनना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसे अपने व्यवहार और आचरण में उतारना ही सच्ची धर्मसाधना है।

**14 नवंबर को पुनः विज्ञाननगर के लिए होगा मंगल विहार**

माताजी ससंघ का रात्रि विश्राम श्री पुण्योदय अतिशय क्षेत्र, नसियां जी, दादाबाड़ी में रहा। शनिवार, 14 नवंबर को प्रातः 6:30 बजे माताजी ससंघ पुनः विज्ञाननगर के लिए मंगल विहार करेंगी।

इस आध्यात्मिक अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने संतों के दर्शन-वंदन, मंगल आशीर्वाद और गुरुवाणी का लाभ लेकर धर्मलाभ अर्जित किया।

विशेष रिपोर्ट : अभिषेक जैन लुहाड़िया, रामगंजमंडी संपर्क : 9929747312

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *