सोना, हीरा और पन्ना से भी अधिक मूल्यवान है समय: आचार्य जिनमणिप्रभ सूरीश्वर महाराज

धर्म

 

सोना, हीरा और पन्ना से भी अधिक मूल्यवान है समय: आचार्य जिनमणिप्रभ सूरीश्वर महाराज

रामगंजमंडी।

हैदराबाद की कारवान दादाबाड़ी में चातुर्मास के लिए विराजित राष्ट्ररत्न रामगंजमंडी श्रीआदिनाथ मंदिर के जीर्णोद्धार खरतरगच्छाधिपति आचार्य श्रीजिनमणिप्रभ सूरीश्वर ने गुरुवार को अपने प्रवचन में समय के महत्व और प्रबंधन पर विशेष प्रकाश डाला। हैदराबाद में आचार्य के दर्शन के लिए रामगंजमंडी से पहुंचे श्रीआदिनाथ जैन श्वेतांबर श्रीसंघ के अध्यक्ष राजकुमार पारख ने गुरुदेव के प्रवचनों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आचार्यश्री ने कहा कि समय को बीतते देर नहीं लगती और देखते ही देखते चातुर्मास समाप्ति की ओर आ गया है।

 

समय प्रबंधन (टाइम मैनेजमेंट) पर विचार व्यक्त करते हुए आचार्यश्री ने कहा कि आज प्रत्येक व्यक्ति अपने धन और व्यापार के प्रबंधन पर तो पूरा ध्यान दे रहा है, लेकिन स्वयं के आत्मकल्याण और भविष्य के लिए समय नहीं निकाल पा रहा है। उन्होंने कहा कि समय सोना, हीरा और पन्ना जैसे रत्नों से भी कहीं अधिक महंगा है। मनुष्य मकान, फैक्ट्री और दुकान का संग्रह तो कर सकता है, लेकिन न तो नए समय का सृजन कर सकता है और न ही उसका संग्रह कर सकता है। समय अपनी निश्चित गति से निरंतर चलता रहता है, वह न कभी मंद होता है और न ही तीव्र। व्यक्ति के मन में उत्साह हो या न हो, समय अपनी चाल से चलता ही रहता है।

 

हैदराबाद के त्रयनगर संघ ने किया श्री आदिनाथ जैन श्वेतांबर श्रीसंघ अध्यक्ष राजकुमार पारख का बहुमान किया

– जिसे हम आज का सुख मान रहे हैं, वही भविष्य में दुख का कारण

आचार्यश्री ने भगवान महावीर स्वामी का उदाहरण देते हुए कहा कि उन्होंने भी अपने प्रिय शिष्य गौतम स्वामी को यही उपदेश दिया था कि “हे गौतम एक पल का भी प्रमाद मत करना। जिसे हम आज का सुख मान रहे हैं, वही भविष्य में दुख का कारण बन सकता है। आवश्यक और अनावश्यक कार्यों में दिए गए समय का सही आकलन करना ही वास्तविक टाइम मैनेजमेंट है। उन्होंने नसीहत दी कि मानव जीवन केवल समय काटने या सांसारिक भोगों के लिए नहीं मिला है, बल्कि इसका सदुपयोग रेगिस्तान में मिलने वाले अमूल्य जल की तरह करना चाहिए।

 

 

प्रवचन के दौरान गुरु-शिष्य के संबंधों पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि जीवन का यह सिद्धांत होना चाहिए कि हम गुरु की प्रतीक्षा करें, न कि गुरु हमारी प्रतीक्षा करें। उन्होंने आगे कहा कि कर्मों के उदय से मन में बुरे विचार आ सकते हैं, लेकिन उन्हें मन में संग्रहीत (स्टोर) करके नहीं रखना चाहिए, अन्यथा कषाय बढ़ती है। वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि आज दुनिया बारूद के ढेर पर खड़ी है, ऐसे में समय की कीमत को पहचानते हुए आत्मकल्याण के मार्ग पर अग्रसर होना अत्यंत आवश्यक है।

प्रवचन के दौरान आचार्यश्री ने श्रीआदिनाथ जैन श्वेतांबर ट्रस्ट के अध्यक्ष राजकुमार पारख की लगन, मेहनत और निष्ठा को बेहतर बताया। उन्होंने श्रद्धालुओं को बताया कि पारख के समर्पित प्रयासों से ही रामगंजमंडी का भव्य मंदिर मात्र 7 महीने और 7 दिन के अल्प समय में बनकर तैयार हुआ और उसकी प्रतिष्ठा संपन्न हुई। प्रवचन के बाद हैदराबाद के प्रेम नगर श्रीसंघ की ओर से राजकुमार पारख का बहुमान किया गया

संकलन अभिषेक जैन लुहाड़िया रामगंजमंडी 9929747312

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *