रिश्तों में प्रेम और धैर्य हो तो विवाद की नौबत ही नहीं आएगी, क्रोध में कही बात मुस्कुराकर भी कही जा सकती है : स्वस्तिभूषण माताजी

धर्म

रिश्तों में प्रेम और धैर्य हो तो विवाद की नौबत ही नहीं आएगी, क्रोध में कही बात मुस्कुराकर भी कही जा सकती है : स्वस्तिभूषण माताजी

12 साल बाद विज्ञाननगर दिगंबर जैन मंदिर में हुआ माताजी का मंगल प्रवेश, 16 से 21 नवंबर तक 108 मंडलों के माध्यम से होगा भव्य सिद्धचक्र महामंडल विधान

**कोटा।** परिवारों में बढ़ते तनाव, रिश्तों में आ रही दूरियां और युवा पीढ़ी का मोबाइल एवं सोशल मीडिया के प्रति बढ़ता आकर्षण आज समाज के सामने बड़ी चुनौतियां हैं। इन समस्याओं का समाधान क्रोध, नाराजगी और उपदेशों में नहीं, बल्कि प्रेम, धैर्य, संस्कार और आध्यात्मिक जीवन में छिपा है। यदि हम क्रोध के बजाय प्रेम और धैर्य से बात करना सीख लें तो विवाद की नौबत ही नहीं आएगी। यह प्रेरक संदेश स्वस्तिभूषण माताजी ने दिया।

 

 

केशवरायपाटन में चातुर्मास पूर्ण करने के बाद गुरुवार को स्वस्तिभूषण माताजी का 12 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद विज्ञाननगर स्थित दिगंबर जैन मंदिर में भव्य मंगल प्रवेश हुआ। श्रद्धालुओं ने उत्साह और भक्तिभाव के साथ माताजी की अगवानी की। इस अवसर पर धर्म, बदलते सामाजिक परिवेश, पारिवारिक रिश्तों और युवा पीढ़ी की चुनौतियों को लेकर माताजी से विशेष संवाद किया गया। जैन दर्शन और अपने जीवन अनुभवों के आधार पर माताजी ने समसामयिक सवालों पर बेबाकी से विचार रखे।

रिश्तों को बचाना है ततार्तव्यवहार में लाए मधुरता

परिवारों में बढ़ते तनाव और मनमुटाव के सवाल पर माताजी ने कहा कि जिस प्रकार शरीर के लिए सांस लेना जरूरी है, उसी प्रकार आत्मा के लिए धर्म जरूरी है। धर्म व्यक्ति को भीतर से शांत और सकारात्मक बनाता है। प्रभु भक्ति मानसिक तनाव को कम करने में सहायक है। रिश्तों को बचाए रखने के लिए व्यवहार में मधुरता बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि कई बार शब्दों का चयन ही रिश्तों में कड़वाहट पैदा कर देता है। जो बात हम गुस्से में कहते हैं, वही बात मुस्कुराकर भी कही जा सकती है। क्रोध के स्थान पर प्रेम और धैर्य अपनाया जाए तो विवाद की स्थिति ही पैदा नहीं होगी।

 

### मोबाइल और एआई नहीं, उनका अंधाधुंध इस्तेमाल चिंता का विषय

मोबाइल, सोशल मीडिया और एआई के बढ़ते प्रभाव पर माताजी ने कहा कि तकनीक का उपयोग गलत नहीं है, लेकिन जरूरत से ज्यादा निर्भरता युवाओं की सोचने और समझने की क्षमता को प्रभावित कर रही है। आज की युवा पीढ़ी मोबाइल और सोशल मीडिया के आकर्षण में उलझती जा रही है। केवल भाषण देने या युवाओं को टोकने से बदलाव नहीं आएगा। इसके लिए समाज को अपने आदर्श बदलने होंगे। जब युवा संस्कारवान, चरित्रवान और आदर्श जीवन जीने वाले लोगों को अपना प्रेरणास्रोत बनाएंगे, तभी सकारात्मक परिवर्तन संभव होगा।

पैसों की दौड़ में बच्चों से दूर हो रहे माता-पिता

एकल परिवारों और कमजोर होते पारिवारिक संस्कारों पर माताजी ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि पैसों की दौड़ ने रिश्तों को प्रभावित किया है। कमाई की होड़ में माता-पिता बच्चों को पर्याप्त समय और सही मार्गदर्शन नहीं दे पा रहे हैं। इसका असर बच्चों के संस्कारों और उनके व्यक्तित्व पर पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2012 में उन्होंने कोटा के कोचिंग संस्थानों और जेलों में 16 हजार से अधिक विद्यार्थियों को संबोधित किया था। युवाओं को भटकाव से बचाने के लिए उन्हें समय रहते आध्यात्मिक दिशा देना बेहद आवश्यक है।

भव्य शोभायात्रा के साथ हुआ मंगल प्रवेश

विज्ञाननगर में माताजी के मंगल प्रवेश पर श्रद्धालुओं ने भव्य शोभायात्रा निकाली। मार्ग में जगह-जगह स्वागत द्वार सजाए गए और श्रद्धालुओं ने भावपूर्वक पाद प्रक्षालन कर माताजी के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की। शोभायात्रा मंदिर परिसर पहुंचकर धर्मसभा में परिवर्तित हो गई। सुलेखा हरसोरा ने मंगलाचरण प्रस्तुत किया। दीप प्रज्वलन के साथ धर्मसभा का शुभारंभ हुआ।

धर्मसभा में माताजी ने मनुष्य जीवन की महत्ता बताते हुए कहा कि 84 लाख योनियों में मनुष्य योनि सर्वश्रेष्ठ है। यह जीवन केवल भौतिक सुख-सुविधाओं में बिताने के लिए नहीं, बल्कि आत्मकल्याण और धर्म साधना के लिए मिला है। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में सदाचार, संयम और धर्म को स्थान देना चाहिए।

108 मंडलों के माध्यम से होगा सिद्धचक्र महामंडल विधान

माताजी के सान्निध्य में विज्ञाननगर दिगंबर जैन मंदिर धर्मशाला में 16 से 21 नवंबर तक भव्य सिद्धचक्र महामंडल विधान का आयोजन होगा। आयोजकों के अनुसार कोटा में पहली बार 108 मंडलों के माध्यम से इस विधान का आयोजन किया जा रहा है। इस अनूठे धार्मिक अनुष्ठान को लेकर जैन समाज में विशेष उत्साह और श्रद्धा का वातावरण है।

संकलन : अभिषेक जैन लुहाड़िया, रामगंजमंडी संपर्क : 9929747312

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *