ताज नगरी आगरा में गूंजेगी सिद्धों की आराधना, 17 से 25 नवंबर तक होगा भव्य सिद्धचक्र महामंडल विधान

धर्म

ताज नगरी आगरा में गूंजेगी सिद्धों की आराधना, 17 से 25 नवंबर तक होगा भव्य सिद्धचक्र महामंडल विधान

मुनिश्री 108 समत्व सागर महाराज संघ के सानिध्य में पीएनसी परिवार करा रहा भव्य धार्मिक आयोजन, देशभर से जुटेंगे श्रद्धालु; नाट्य प्रस्तुतियां भी रहेंगी विशेष आकर्षण

आगरा
धर्मनगरी आगरा में अष्टान्हिका पर्व के पावन अवसर पर भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक उल्लास का अनूठा संगम होने जा रहा है। पीएनसी परिवार आगरा की ओर से परम पूज्य मुनिश्री 108 समत्व सागर महाराज संघ के पावन सानिध्य में 17 से 25 नवंबर 2026 तक नौ दिवसीय श्री सिद्धचक्र महामंडल विधान एवं सिद्धों की आराधना का भव्य आयोजन किया जाएगा। कमला नगर स्थित श्री महावीर दिगंबर जैन मंदिर में आयोजित होने वाले इस महाअनुष्ठान की तैयारियां अंतिम चरण में हैं।

 

 

संतों के सानिध्य में होने जा रहा यह आयोजन आगरा सहित देशभर के जैन समाज के श्रद्धालुओं के लिए विशेष आध्यात्मिक अवसर होगा। सिद्ध परमेष्ठी की आराधना, अभिषेक, शांतिधारा, विधान पूजन, जाप और विश्वशांति महायज्ञ के माध्यम से श्रद्धालु धर्माराधना एवं आत्मकल्याण के इस पुण्य अवसर के सहभागी बनेंगे।

आयोजन प्रतिष्ठाचार्य डॉ. अभिषेक जैन एवं शिक्षाचार्य डॉ. आशीष जैन, दमोह के निर्देशन में संपन्न होगा। भोपाल के प्रसिद्ध संगीतकार लोकेश एंड पार्टी अपनी मधुर स्वर लहरियों से विधान को भक्तिमय बनाएंगे। वहीं आयोजन का कुशल मंच संचालन धर्मनिष्ठ व्यक्तित्व मनोज कुमार जैन बाकलीवाल, आगरा द्वारा किया जाएगा। 17 नवंबर को भव्य घटयात्रा से होगा शुभारंभ

आयोजन के मुख्य संचालक मनोज जैन बाकलीवाल ने बताया कि 17 नवंबर मंगलवार को प्रातः 6:30 बजे मंत्राराधना, मंगलाष्टक, दिग्वंदन, देवाज्ञा, गुरुआज्ञा, यंत्राभिषेक एवं जाप संकल्प के साथ धार्मिक कार्यक्रमों का शुभारंभ होगा।

इसके पश्चात डी ब्लॉक स्थित श्री महावीर दिगंबर जैन मंदिर से भव्य घटयात्रा एवं शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा सी ब्लॉक, श्रीराम मंदिर चौराहा एवं मुख्य कमला नगर रोड होते हुए आईडीबीआई बैंक रोड से आयोजन स्थल के मुख्य पांडाल तक पहुंचेगी। यहां ध्वजारोहण, प्रतिष्ठाचार्य आमंत्रण, भगवान का अभिषेक, शांतिधारा, इंद्र प्रतिष्ठा, मंडल स्थापना एवं नित्य नियम पूजन के साथ सिद्धचक्र महामंडल विधान का विधिवत शुभारंभ होगा।

प्रातःकाल पूज्य मुनिश्री के मंगल प्रवचन एवं सिद्धचक्र आराधना के पश्चात सायं 6 बजे गुरुदेव समत्व सागर जी महाराज द्वारा जिज्ञासा समाधान तथा सायं 7 बजे भव्य संगीतमय आरती होगी।

18 से 24 नवंबर तक प्रतिदिन होगी सिद्धचक्र आराधना

18 से 24 नवंबर तक प्रतिदिन प्रातः 6 बजे मंत्राराधना, मंगलाष्टक, दिग्वंदन, देवाज्ञा, पंचभक्तियां, जिनाभिषेक, शांतिधारा, नित्य नियम पूजन एवं श्री 1008 सिद्धचक्र महामंडल विधान की क्रमशः पूजन एवं जाप आराधना होगी। प्रतिदिन सायं 6:30 बजे महाआरती का आयोजन किया जाएगा।

नाट्य प्रस्तुतियां रहेंगी विशेष आकर्षण

धार्मिक अनुष्ठान के साथ सांस्कृतिक एवं प्रेरणादायी प्रस्तुतियां भी आयोजन का विशेष आकर्षण रहेंगी।

19 एवं 20 नवंबर को सायं 8 बजे नाट्य प्रस्तुतियां होंगी। 21 नवंबर शनिवार को महासती मैना सुंदरी के जीवन पर आधारित विशेष नाट्य प्रस्तुति राष्ट्रीय नाट्य कलाकारों द्वारा निर्देशक मयूर जी, दिल्ली के निर्देशन में दी जाएगी। वहीं 22 नवंबर रविवार को इतिहास पुरुष चंद्रगुप्त मौर्य के जीवन पर आधारित नाट्य प्रस्तुति होगी।

25 नवंबर को विश्वशांति महायज्ञ के साथ होगा समापन

आयोजन के अंतिम दिन 25 नवंबर बुधवार को प्रातः 6 बजे मंगलाष्टक, दिग्वंदन, देवाज्ञा, सकलीकरण, पंचभक्तियां, जिनाभिषेक, शांतिधारा, नित्य नियम पूजन एवं जिनश्रुत पूजन होगा।

प्रातः 9:30 बजे विश्वशांति महायज्ञ एवं शांति विसर्जन होगा। इसके बाद प्रातः 10:30 बजे श्रीजी की भव्य शोभायात्रा कमला नगर के प्रमुख मार्गों से निकाली जाएगी, जो श्री महावीर दिगंबर जैन मंदिर कमला नगर पहुंचेगी। यहां कलशाभिषेक, शांतिधारा, नित्य नियम पूजन एवं पूज्य महाराज श्री की मंगल देशना होगी। इसके पश्चात जिनबिंब की मंदिर में पुनः स्थापना तथा वात्सल्य भोज के साथ नौ दिवसीय धार्मिक आयोजन का समापन होगा।

ये होंगे विधान के प्रमुख पात्र

मनोज जैन बाकलीवाल ने बताया कि इस भव्य विधान में पीएनसी परिवार के श्री प्रदीप जैन एवं श्रीमती मीना जैन महायज्ञनायक की भूमिका निभाएंगे। श्री नवीन जैन (सांसद) एवं श्रीमती रेणु जैन सौधर्म इंद्र-इंद्राणी होंगे। श्री चक्रेश जैन एवं श्रीमती माधवी जैन तथा श्री योगेश जैन एवं श्रीमती आशिता जैन यज्ञनायक होंगे।

इसके अतिरिक्त चक्रवर्ती सम्राट, श्रीपाल-मैना सुंदरी, कुबेर इंद्र, महेंद्र इंद्र, सनत कुमार इंद्र, ईशान इंद्र, ब्रह्मोत्तर इंद्र, लांतव इंद्र, आनत इंद्र, ब्रह्म इंद्र, प्राणत इंद्र, आरण इंद्र एवं अच्युत इंद्र सहित विभिन्न पात्रों का चयन किया गया है। इनमें आगरा के साथ नोएडा, रुड़की, ग्वालियर, दिल्ली, अजमेर एवं अन्य शहरों के श्रद्धालु परिवार भी शामिल होंगे।

मंगल कलश स्थापना, दीप प्रज्वलन एवं ध्वजारोहण के होंगे विशेष कार्यक्रम

आयोजन में मंगल कलश स्थापना का सौभाग्य श्री ओमप्रकाश अमोल जैन, अकोला (महाराष्ट्र), श्री नवदीप-चंद्रदीप जैन (नायक परिवार, आगरा), श्री राजकुमार, विनोद कुमार एवं दिलीप कुमार बड़जात्या, रायपुर (छत्तीसगढ़), श्री देवेंद्र जी (विधायक), जीतेन्द्र जी, धर्मेंद्र जी एवं सचिन जी जैन (पते वाले परिवार, शिवपुरी) तथा श्री बलवीर जी एवं राजीव जी जैन, विजय नगर कॉलोनी, आगरा को प्राप्त होगा।

दीप प्रज्वलन राष्ट्रीय अध्यक्ष दिगंबर जैन ग्लोबल महासभा श्री जमुनालाल जी जैन हपावत, राष्ट्रीय अध्यक्ष भारतवर्षीय दिगंबर जैन तीर्थक्षेत्र कमेटी श्री जम्बूप्रसाद जी जैन, अध्यक्ष उत्तरांचल एवं उत्तर प्रदेश तीर्थक्षेत्र कमेटी श्री जवाहरलाल जी जैन, श्री विजय जी जैन लुहाड़िया, अहमदाबाद तथा श्री सुरेश जी जैन (टीएमयू), मुरादाबाद एवं डॉ. राजेंद्र जी जैन वास्तु, इंदौर द्वारा किया जाएगा।

ध्वजारोहण का सौभाग्य श्री विनोद चंद सुंदरलाल जैन रेशम वाले, श्री मुकेश जी, दिनेश जी एवं हरेश जी जैन, बालूगंज तथा श्री हेमंत जी एवं अक्षत जी जैन, ग्वालियर (मोटर वाले) एवं श्री अनिल जी तथा श्रेयांश (सनी) जी जैन दिलवारी, अजमेर को प्राप्त होगा।

मंडप उद्घाटन श्री वीरेंद्र कुमार एवं आनंद कुमार जैन, छीपीटोला, श्री अनिल कुमार एवं अश्विनी कुमार जैन, दिल्ली, श्री राकेश कुमार एवं संजीव कुमार अग्रवाल, आगरा तथा श्री पंकज जी एवं नीरज जी बंसल, रुड़की के करकमलों से संपन्न होगा।

पीएनसी परिवार ने श्रद्धालुओं से किया सपरिवार पधारने का आग्रह

पीएनसी परिवार आगरा की ओर से समस्त धर्मप्रेमी बंधुओं एवं श्रद्धालुओं को इस महापर्व में सपरिवार शामिल होने का भावपूर्ण निमंत्रण दिया गया है।

परिवार की ओर से कहा गया कि कुछ निमंत्रण केवल शब्दों से नहीं, बल्कि हृदय की गहराइयों से दिए जाते हैं। कुछ अपनों की उपस्थिति से हर मंगल अवसर और भी पावन बन जाता है। सिद्धों की आराधना से जीवन में उजियारा हो और आपके शुभ आगमन से यह महोत्सव और भी मंगलमय बने, इसी पवित्र भावना एवं आत्मकल्याण के संकल्प के साथ श्री सिद्धचक्र महामंडल विधान का आयोजन किया जा रहा है।

परिवार ने सभी से आग्रह किया कि वे सपरिवार पधारकर सिद्ध परमेष्ठी की आराधना, आत्मशुद्धि एवं पुण्यार्जन के इस दिव्य अवसर के सहभागी बनें। आपका आगमन ही इस आयोजन की पूर्णता और स्नेह का सम्मान होगा।

नौ दिवसीय यह धार्मिक महोत्सव आगरा की धर्मप्रेमी जनता के लिए भक्ति, साधना, संस्कृति और सामाजिक एकता का विशेष अवसर बनने जा रहा है।

अभिषेक जैन लुहाड़िया, रामगंजमंडी 9929747312

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *