अधिकारों की बात बहुत हुई, कर्तव्यों की बारी कब आएगी? – अंतर्मना आचार्य प्रसन्न सागरजी महाराज
केवल अधिकार मांगने से नहीं, कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करने से बनेगा बेहतर समाज; विकसित भारत 2047 की नींव बनेगा कर्तव्यबोध
सोनकच्छ (पुष्पगिरी तीर्थ)।
परम पूज्य पुष्पगिरी तीर्थ प्रणेता गणाचार्य श्री पुष्पदंत सागरजी महाराज के पावन सानिध्य में व्रत चक्रवर्ती पट्टविभूषण अंतर्मना आचार्य श्री प्रसन्न सागरजी महाराज एवं उपाध्याय श्री पीयूष सागरजी महाराज ससंघ पुष्पगिरी तीर्थ पर वर्षायोग हेतु विराजमान हैं। उनके पावन सानिध्य में प्रतिदिन विभिन्न धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी श्रृंखला में गुरु भक्तों को संबोधित करते हुए अंतर्मना आचार्य श्री प्रसन्न सागरजी महाराज ने समाज और राष्ट्र के प्रति नागरिकों के कर्तव्यों पर गंभीर चिंतन प्रस्तुत किया।
आचार्य श्री ने कहा कि एक बेहतर समाज केवल अधिकार मांगने से नहीं, बल्कि अपने कर्तव्यों को ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ निभाने से बनता है। आज हर व्यक्ति अपने अधिकारों की बात करता है, हर कोई कहता है कि मेरा हक है, लेकिन कर्तव्यों की बात आते ही लोग पीछे हट जाते हैं। संविधान में अधिकारों के साथ नागरिकों के कर्तव्य भी दिए गए हैं, लेकिन हमने अधिकारों को तो याद रखा और कर्तव्यों को भुला दिया।

अधिकार और कर्तव्य एक-दूसरे के पूरक
आचार्य श्री ने कहा कि अधिकार और कर्तव्य एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। अपने अधिकारों के साथ दूसरों के अधिकारों का सम्मान करना भी हमारी जिम्मेदारी है। हमें बोलने का अधिकार है, तो दूसरों की बात सुनने का कर्तव्य भी हमारा है। हमें स्वच्छ हवा चाहिए, तो पेड़ लगाना और पर्यावरण की रक्षा करना भी हमारा दायित्व है। जब व्यक्ति केवल अपने अधिकारों के बारे में सोचता है, तब समाज में टकराव पैदा होता है, लेकिन जब वह दूसरों के अधिकारों का सम्मान करता है, तभी सामाजिक संतुलन स्थापित होता है।
देश सरकार से नहीं, जिम्मेदार नागरिकों से बनता है
आचार्य श्री ने नागरिक जिम्मेदारी और सामाजिक अनुशासन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हम स्वयं सड़कों पर कचरा फेंकते हैं और फिर देश की गंदगी के लिए व्यवस्था को दोष देते हैं। ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करके व्यवस्था पर सवाल उठाते हैं। हमें समझना होगा कि राष्ट्र का निर्माण केवल सरकार से नहीं, बल्कि जिम्मेदार नागरिकों से होता है। ईमानदारी से कर देना, कानून का पालन करना और सार्वजनिक संपत्ति की रक्षा करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। केवल 15 अगस्त और 26 जनवरी को देशभक्ति दिखाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि प्रतिदिन अपने व्यवहार से राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी निभाना ही सच्ची देशभक्ति है।


कर्तव्य की शुरुआत परिवार से होती है
आचार्य श्री ने कहा कि कर्तव्यबोध की पहली पाठशाला हमारा परिवार है। माता-पिता के प्रति हमारा कर्तव्य है कि उनके वृद्धावस्था में उनका सहारा बनें। महिलाओं को सम्मान और समान अवसर देना हमारी जिम्मेदारी है। युवाओं को सही दिशा देना और उन्हें नशे जैसी बुराइयों से दूर रखना समाज का दायित्व है। गरीब बच्चों की शिक्षा में सहयोग करना और पड़ोसी के दुख में उसके साथ खड़ा होना भी सच्चे सामाजिक संस्कार हैं। जो व्यक्ति अपने परिवार के प्रति कर्तव्य नहीं निभा सकता, वह राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारी कैसे निभाएगा?
कर्तव्यपालन ही सच्चे धर्म और नैतिकता की पहचान
धर्म, नैतिकता और जीवन मूल्यों पर प्रकाश डालते हुए आचार्य श्री ने कहा कि गीता में भगवान श्रीकृष्ण ने कर्म का महत्व समझाते हुए कहा है – कर्मण्येवाधिकारस्ते मा फलेषु कदाचन। अर्थात मनुष्य का अधिकार कर्म करने में है, फल पर नहीं। आज की विडंबना है कि हम कर्म करने से पहले ही परिणाम की अपेक्षा करने लगते हैं। सच्चा धर्म केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं है, बल्कि ईमानदारी से अपना काम करना, समय का पालन करना, रिश्वत से दूर रहना, सेवा करना, संयम रखना और अपनी जिम्मेदारियों को निभाना भी धर्म का ही स्वरूप है।
कर्तव्यबोध से ही बनेगा विकसित भारत 2047
अपने प्रेरक संदेश में आचार्य श्री ने कहा कि अधिकार मांगने से मिल सकते हैं, लेकिन कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करने वाले लोग ही समाज और राष्ट्र के इतिहास का निर्माण करते हैं। हमें केवल अपने अधिकारों के प्रति जागरूक नहीं होना है, बल्कि अपने कर्तव्यों के प्रति भी उतना ही सजग बनना है। यदि प्रत्येक नागरिक अपने हिस्से की जिम्मेदारी ईमानदारी से निभाने लगे, तो समाज में सकारात्मक परिवर्तन निश्चित है।आचार्य श्री का संदेश स्पष्ट है कि विकसित भारत 2047 का सपना केवल अधिकारों की मांग से पूरा नहीं होगा, बल्कि प्रत्येक नागरिक के कर्तव्यबोध, अनुशासन, नैतिकता और राष्ट्र के प्रति समर्पण से साकार होगा।
प्रचार-प्रसार संयोजक नरेंद्र अजमेरा एवं पीयूष कासलीवाल, छत्रपति संभाजीनगर (औरंगाबाद) से प्राप्त जानकारी संकलन अभिषेक जैन लुहाड़िया रामगंजमंडी
