दीपावली पर हमदर्द हेल्पिंग हैंड वेलफेयर सोसाइटी की पहल, 20 से 25 जरूरतमंद परिवारों को बाटे राशन कीट सोसाइटी हर महीने पहुंचाती है राशन सहायता

राज्य

दीपावली पर हमदर्द हेल्पिंग हैंड वेलफेयर सोसाइटी की पहल, 20 से 25 जरूरतमंद परिवारों को बाटे राशन कीट सोसाइटी हर महीने पहुंचाती है राशन सहायता

रामगंजमंडी। त्योहारों की खुशियां तभी पूरी होती हैं, जब समाज के हर जरूरतमंद परिवार तक उनकी रोशनी पहुंचे। इसी भावना के साथ हमदर्द हेल्पिंग हैंड वेलफेयर सोसाइटी ने दीपावली के अवसर पर जरूरतमंद परिवारों को राशन किट वितरित कर सामाजिक सेवा की अपनी निरंतर पहल को आगे बढ़ाया।

सोसाइटी की ओर से हर महीने नियमित रूप से लगभग 20 से 25 जरूरतमंद परिवारों को राशन किट उपलब्ध करवाई जाती है। इसी क्रम में दीपावली के अवसर पर भी लाभार्थी परिवारों तक राशन सामग्री पहुंचाई गई, ताकि आर्थिक परेशानियों के बीच भी उनके घरों में त्योहार की खुशियां बनी रहें।

 

संस्था की इस सेवा का दायरा किसी एक वर्ग या समुदाय तक सीमित नहीं है। सोसाइटी जरूरतमंद परिवारों की आर्थिक और पारिवारिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए सहायता प्रदान करती है। इसमें हिंदू मुस्लिम सभी प्रकार के परिवार शामिल हैं, जिन्हें संस्था की ओर से नियमित रूप से राशन सहायता दी जाती है।

संस्था से सहायता प्राप्त करने वाले लाभार्थियों में खैराबाद निवासी अजय कुमार, जो लकवाग्रस्त है, धर्मेंद्र कुमार, जो किडनी की बीमारी के चलते नियमित डायलिसिस पर हैं, तथा स्वर्गीय नंदकिशोर जी का परिवार शामिल है, संस्था की ओर से उनकी विधवा को राशन उपलब्ध करवाया जाता है। इसके अलावा रामगंजमंडी की पन्नी बस्ती निवासी बद्रीलाल जी, जो दिव्यांग हैं, भी संस्था के लाभार्थियों में शामिल हैं। इनके अतिरिक्त भी कई जरूरतमंद परिवारों को नियमित रूप से राशन सहायता प्रदान की जा रही है।

 

 

इस अवसर पर सोसाइटी ने आमजन और आसपास के निवासियों से भी विशेष अपील की है कि वे इस दीपावली पर इन जरूरतमंद परिवारों को अकेला महसूस न होने दें। अपने आसपास रहने वाले ऐसे परिवारों के घर जाएं, उनसे मिलें, उनके साथ कुछ समय बिताएं और मिठाई व खुशियां साझा करें। संस्था का कहना है कि दीपावली केवल अपने घरों को रोशन करने का त्योहार नहीं, बल्कि किसी दूसरे के जीवन में भी खुशियों का उजाला लाने का अवसर है।

संस्था का उद्देश्य केवल राशन सामग्री वितरित करना नहीं, बल्कि उन परिवारों के साथ खड़े रहना है, जो बीमारी, दिव्यांगता, आर्थिक तंगी या परिवार के किसी सदस्य को खोने जैसी कठिन परिस्थितियों से गुजर रहे हैं।

हमदर्द हेल्पिंग हैंड वेलफेयर सोसाइटी शिक्षा एवं सामाजिक सेवा के क्षेत्र में बिना किसी भेदभाव के कार्य करने के अपने संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है।

संस्था की आमजन से अपील है कि इस दीपावली पर खुशियां केवल अपने परिवार तक सीमित न रखें, बल्कि किसी जरूरतमंद परिवार के साथ त्योहार मनाकर उनकी दीपावली भी यादगार बनाएं। क्योंकि असली रोशनी दीयों से नहीं, बल्कि इंसानियत और आपसी अपनत्व से फैलती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *