सुखोदय पंचकल्याणक महोत्सव के लिए नौगामा जैन समाज ने मुनिश्री सुधासागर जी महाराज को भेंट किया श्रीफल, वागड़ क्षेत्र में मंगल विहार का किया भावपूर्ण निवेदन

धर्म

सुखोदय पंचकल्याणक महोत्सव के लिए नौगामा जैन समाज ने मुनिश्री सुधासागर जी महाराज को भेंट किया श्रीफल, वागड़ क्षेत्र में मंगल विहार का किया भावपूर्ण निवेदन

इंदौर में मुनिश्री के दर्शन कर प्रतिनिधिमंडल ने लिया मंगल आशीर्वाद, सुखोदय तीर्थ के पंचकल्याणक में पावन सानिध्य प्रदान करने की रखी भावना

नौगामा (बांसवाड़ा), 31 अक्टूबर 2026।

दिगंबर जैन समाज नौगामा का एक प्रतिनिधिमंडल शनिवार को इंदौर पहुंचा, जहां नगर में विराजमान परम पूज्य निर्यापक श्रमण मुनिश्री 108 सुधासागर जी महाराज के दर्शन कर उनका मंगल आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान समाज के प्रतिनिधियों ने मुनिश्री को श्रीफल भेंट कर सुखोदय तीर्थ में आयोजित होने वाले पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव में पावन सानिध्य प्रदान करने हेतु भावपूर्ण एवं विनम्र निवेदन किया।

 

 

प्रतिनिधिमंडल ने मुनिश्री के समक्ष अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए आग्रह किया कि आगामी चातुर्मास के पश्चात आपका मंगल विहार वागड़ क्षेत्र की ओर हो। साथ ही वागड़ अंचल के विभिन्न गांवों में स्थित जैन मंदिरों की पंचकल्याणक प्रतिष्ठा आपके पावन सानिध्य एवं मंगल मार्गदर्शन में संपन्न हो, जिससे क्षेत्र में धर्म प्रभावना और जिनशासन की भक्ति का नया संचार हो सके।

मुनिश्री के चरणों का पाद प्रक्षालन कर लिया आशीर्वाद

इस पावन अवसर पर नौगामा जैन समाज के प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों को मुनिश्री के चरणों का पाद प्रक्षालन करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। मुनिश्री ने सभी को मंगल आशीर्वाद प्रदान करते हुए धर्म, संस्कार और समाज सेवा के मार्ग पर निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। मुनिश्री के दर्शन एवं आशीर्वाद प्राप्त कर प्रतिनिधिमंडल के सदस्य स्वयं को धन्य महसूस कर रहे थे।

ये रहे प्रतिनिधिमंडल में शामिल

इस अवसर पर नौगामा जैन समाज की ओर से श्री जीतमल पिंडारमिया, श्री धनपाल पंचोली, श्री राजेंद्र पिंडारमिया, श्री सुरेश चंद्र गांधी, श्री विनोद चंद्र नानावटी, श्री सुभाष चंद्र नानावटी, वास्तुकार महासचिव श्रीपाल नानावटी, श्री मोहनलाल पंचोरी, वास्तुकार मनोज पंचोरी एवं श्री जयंतीलाल गांधी उपस्थित रहे।

रिपोर्ट : सुरेश चंद्र गांधी, नौगामा, जिला बांसवाड़ा (राजस्थान)।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *