सुखोदय तीर्थ में शनिवार को महाआरती एवं रविवार को जैन पाठशाला के बच्चों द्वारा सामूहिक पूजन का आयोजन 🙏

धर्म

सुखोदय तीर्थ में शनिवार को महाआरती एवं रविवार को जैन पाठशाला के बच्चों द्वारा सामूहिक पूजन का आयोजन 🙏

सुरेश चंद्र गांधी, नौगामा, जिला बांसवाड़ा, राजस्थान की रिपोर्ट

नौगामा (वागड़)।

 

प्रसिद्ध सुखोदय तीर्थ नसियाजी में 1008 भगवान मुनि सुव्रतनाथ की प्रतिमा के आगमन के पश्चात दर्शनार्थियों का तांता लगा हुआ है। प्रतिदिन राजस्थान सहित अन्य राज्यों से भी श्रद्धालु भगवान के दर्शन करने के लिए पहुंच रहे हैं।

 

इसी क्रम में प्रत्येक शनिवार को भगवान मुनि सुव्रतनाथ के समक्ष जिनवाणी विराजमान कर वाद्य यंत्रों की मधुर स्वर लहरियों के बीच भव्य महाआरती का आयोजन किया जाता है। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु उत्साहपूर्वक भाग लेते हैं। इस शनिवार की महाआरती का सौभाग्य महिला मंडल कालिंजरा को प्राप्त हुआ। इस अवसर पर महिलाओं ने भक्तिभाव से भक्ति नृत्य एवं गरबा प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

 

रविवार को विशेष अभिषेक, शांतिधारा एवं सामूहिक पूजन

रविवार को 1008 आदिनाथ जैन मंदिर, भगवान महावीर समवशरण मंदिर एवं सुखोदय तीर्थ नसियाजी में विशेष अभिषेक एवं शांतिधारा का आयोजन किया गया।

 

अभिषेक के पश्चात प्रत्येक रविवार की भांति इस रविवार को भी कुसुमलता नानावटी, मनीषा नानावटी एवं दृष्टि नानावटी के सानिध्य में वागड़ के बड़े बाबा भगवान आदिनाथ के समक्ष जैन पाठशाला के बच्चों द्वारा सामूहिक पूजन किया गया।

पूजन के दौरान वाद्य यंत्रों की मधुर ध्वनि के बीच बच्चों ने पूरे भक्तिभाव एवं श्रद्धा के साथ भगवान की आराधना की। पूजन के पश्चात सभी बच्चों को अल्पाहार वितरित किया गया। साथ ही गांधी राजेश चंद्र की ओर से बच्चों को पारितोषिक प्रदान किए गए।

इस अवसर पर जैन समाज के अध्यक्ष विपुल पंचोली ने उपस्थित सभी श्रद्धालुओं, सहयोगकर्ताओं एवं आयोजकों का आभार व्यक्त किया।

उक्त जानकारी जैन समाज के प्रवक्ता सुरेश चंद्र गांधी ने दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *