रामगंजमंडी को मिलेगी एक करोड़ के सिटी पार्क की सौगात

राज्य

रामगंजमंडी को मिलेगी एक करोड़ के सिटी पार्क की सौगात

 

गोरधनपुरा माताजी मंदिर के पास बनेगा आकर्षक पार्क,शिक्षा एवं पंचायत राज मंत्री मदन दिलावर कल करेंगे शिलान्यास

 

रामगंजमंडी

शहरवासियों का बड़े पार्क का सपना अब साकार होने जा रहा है। रामगंजमंडी में गोरधनपुरा माताजी मंदिर के पास करीब एक करोड़ रुपये की लागत से भव्य सिटी पार्क विकसित किया जाएगा।

शिक्षा एवं पंचायत राज मंत्री मदन दिलावर 23 अक्टूबर को इस पार्क का शिलान्यास करेंगे। पार्क के निर्माण से शहरवासियों को सैर-सपाटे, मनोरंजन और हरियाली के बीच सुकून के पल बिताने के लिए बेहतर स्थान मिल सकेगा।

 

 

नगर पालिका अध्यक्ष नरेंद्र काला ने बताया कि प्रस्तावित सिटी पार्क को आधुनिक सुविधाओं के साथ विकसित करने की योजना है। पार्क में वॉकिंग ट्रैक, आकर्षक फाउंटेन, लोगों के बैठने के लिए उचित व्यवस्था, विभिन्न प्रजातियों के पौधे और अंग्रेजी घास लगाई जाएगी। इसके साथ ही पार्क के बाहर पार्किंग की सुविधा भी विकसित की जाएगी, ताकि यहां आने वाले लोगों को अपने वाहन खड़े करने में परेशानी न हो।

 

लंबे समय से थी बड़े पार्क की मांग

 

रामगंजमंडी शहर में लंबे समय से नागरिकों द्वारा एक बड़े और व्यवस्थित पार्क की मांग की जा रही थी। प्रस्तावित सिटी पार्क के निर्माण से बच्चों, युवाओं, बुजुर्गों और परिवारों को लाभ मिलने की उम्मीद है। यहां लोग सुबह-शाम सैर करने के साथ ही प्राकृतिक वातावरण में समय बिता सकेंगे। हरियाली और आकर्षक फाउंटेन पार्क की सुंदरता को भी बढ़ाएंगे।

जनप्रतिनिधियों ने लिया तैयारियों का जायजा

 

शिलान्यास कार्यक्रम और आगामी निर्माण कार्यों की तैयारियों को लेकर नगर पालिका अध्यक्ष नरेंद्र काला, उपाध्यक्ष महेंद्र सामरिया और पूर्व पालिका अध्यक्ष अखलेश मेडतवाल ने प्रस्तावित पार्क स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मौके पर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और निर्माण कार्यों से संबंधित तैयारियों की जानकारी ली।

इस अवसर पर वरिष्ठ पार्षद राजेंद्र सोनी, अधिशाषी अधिकारी दीपक नागर, हर्षित सरसिया, पवन धाकड़, प्रतिनिधि कार्तिक राठौर, धीरज चेलावत, नवीन धाकड़, मनोज धाकड़, अंकित, कन्हैया, दीपक वैष्णव सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

 

सिटी पार्क का निर्माण पूरा होने के बाद रामगंजमंडी के नागरिकों को एक नया सार्वजनिक स्थल मिलेगा, जहां हरियाली, सैर और मनोरंजन की सुविधाएं एक ही जगह उपलब्ध होंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *