अमेरिका में गूंजा बोराव की प्रतिभा का परचम: अंतरराष्ट्रीय गणितज्ञ सम्मेलन में एकता जैन ने दिया शोध व्याख्यान, जैन समाज हुआ गौरवान्वित
फिलाडेल्फिया में आयोजित ICM-2026 में दुनिया के चुनिंदा गणितज्ञों के बीच प्रस्तुत किया शोध, राजस्थान की बेटी ने बढ़ाया देश का मान
बोराव/
राजस्थान के छोटे से कस्बे बोराव की होनहार बेटी एकता जैन ने अमेरिका के फिलाडेल्फिया शहर में आयोजित 30वें अंतरराष्ट्रीय गणितज्ञ सम्मेलन (ICM-2026) में अपना शोध व्याख्यान प्रस्तुत कर न केवल बोराव और राजस्थान, बल्कि पूरे भारत का गौरव बढ़ाया है। उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर जैन समाज सहित क्षेत्रभर में हर्ष का वातावरण है और उन्हें लगातार बधाइयाँ मिल रही हैं।

विश्व के सबसे प्रतिष्ठित गणितीय आयोजनों में शामिल इंटरनेशनल कांग्रेस ऑफ मैथमेटिशियन्स (ICM-2026) का आयोजन 23 से 30 जुलाई 2026 तक अमेरिका के फिलाडेल्फिया में हुआ। चार वर्ष में एक बार आयोजित होने वाले इस सम्मेलन में दुनिया के चुनिंदा गणितज्ञों को ही भाग लेने और अपने शोध प्रस्तुत करने का अवसर मिलता है। प्रतिभागियों के यात्रा, आवास एवं भोजन की संपूर्ण व्यवस्था इंटरनेशनल मैथमेटिकल यूनियन (IMU) और अमेरिकन मैथमेटिकल सोसाइटी (AMS) द्वारा की जाती है।
वर्तमान में एकता जैन राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (NIT), सूरत से गणित विषय में पीएचडी कर रही हैं। उन्होंने सम्मेलन में विश्वभर से चयनित गणितज्ञों के समक्ष अपना शोध व्याख्यान प्रस्तुत कर भारतीय प्रतिभा की उत्कृष्ट छाप छोड़ी।
एकता जैन के पिता पारस कुमार जैन महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय, श्रीपुरा में अध्यापक हैं, जबकि उनकी माता शशि जैन गृहिणी हैं। यह परिवार सामाजिक एवं धार्मिक गतिविधियों में सक्रिय और सेवाभावी माना जाता है। वर्ष 2016 में बिजोलिया में आयोजित आचार्य प्रणम्य सागर महाराज के वर्षायोग के दौरान उनके माता-पिता को गुरुदेव की पुरानी पिच्छिका प्राप्त करने का सौभाग्य भी मिला था।
आपको बता दें वर्तमान निवास ~ स्वामी विवेकानंद नगर कोटा,
एकता जैन की छोटी बहन अनमोल जैन महाराष्ट्र के सरकारी कोलेज से आयुर्वेद डॉ की, एवं एकता का भाई अतिशय जैन आईआईटी रूड़की से कंप्यूटर साइंस में अध्ययनरत है।
एकता जैन की इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर नगर के प्रथम नागरिक सरपंच अनुराग जैन ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने एकता की मेहनत, प्रतिभा और समर्पण की मुक्त कंठ से सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
एकता जैन की सफलता एक बार फिर यह सिद्ध करती है कि बेटियाँ आज हर क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं। अवसर और संकल्प मिलने पर वे विश्व मंच पर भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा सकती हैं। उनकी उपलब्धि निश्चित रूप से प्रदेश और देश की युवा पीढ़ी, विशेषकर छात्राओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।
रिपोर्ट: अभिषेक जैन लुहाड़िया, रामगंजमंडी। 9929747312

